संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि इस वर्ष जवाहरलाल नेहरू की 125वीं जयंती मनाने के लिए विभिन्न परियोजनाओं के लिए 20 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। संस्कृति मंत्रालय के 100 दिनों के काम-काज का लेखा-जोखा पेश करते हुए मंत्रालय के सचिव रविंद्र सिंह ने कहा, "जयंती के मौके पर डाक टिकट, नेहरू स्मारक का जीर्णोद्धार और उन पर पुस्तक प्रकाशन की योजना है।" उन्होंने कहा, "इन योजनाओं के लिए 20 करोड़ रुपये की राशि का आवंटन किया गया है।"
उल्लेखनीय है कि जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिन 14 नवंबर को 'बाल दिवस' के रूप में मनाया जाता है। इसके अलावा, मंत्रालय भारतीय गजल और ठुमरी गायिका बेगम अख्तर की जन्म शताब्दी भी मनाएगा। साथ ही, कोमागाता मारू घटना के लिए एक राष्ट्रीय कार्यान्वयन समिति का गठन किया गया है। दरअसल, कोमागाता मारू एक जापानी जहाज था, जिसे मलेशिया के अमीर सिख गुरदीत सिंह ने 1914 में किराये पर लिया था। कनाडा के नस्लीय कानून को चुनौती देने के लिए वे उस जहाज से 376 भारतीयों को कनाडा ले गए थे।
हांगकांग होते हुए जब वह जहाज वेंकूवर पहुंचा, तो दो महीने तक उसके यात्रियों को जहाज से उतरने ही नहीं दिया गया। उसके बाद बलपूर्वक उन्हें वापस भारत भेज दिया गया। कलकत्ता पहुंचने पर इसके 20 यात्रियों की पुलिस ने हत्या कर दी थी। 2014 में इस घटना के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसका उद्घाटन समारोह 29 सितंबर, जबकि बेगम अख्तर की जयंती सात अक्टूबर को मनाई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें