एशियाई खेल : जीतू ने देश को दिलाया पहला स्वर्ण, श्वेता को कांस्य - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 20 सितंबर 2014

एशियाई खेल : जीतू ने देश को दिलाया पहला स्वर्ण, श्वेता को कांस्य


jitu-rai-won-gold-in-asiad
निशानेबाज जीतू राय ने यहां जारी 17वें एशियाई खेलों में शनिवार को देश के लिए पहला स्वर्ण जीता। जीतू के अलावा श्वेता चौधरी ने भी कांस्य हासिल किया। महिला वर्ग में हिना सिद्धू और मलायका गोयल ने हालांकि निराश किया। रियो ओलंपिक के क्वालीफाइ कर चुके जीतू ओंज्नियोन इंटरनेशनल शूटिग रेंज में पुरुषों के 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में 186.2 अंक हासिल कर पहले स्थान पर रहे। वहीं, वियतनाम के होआंग फुओंग ने रजत और चीन के वांग झिवी ने कांस्य पदक हासिल किया।

देश के लिए पदकों का खाता हालांकि श्वेता ने खोला और 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहीं। दोहा एशियाई खेल-2006 में रजत पदक जीतने वाली श्वेता ने फाइनल में 176.4 अंक अर्जित किए। वहीं रजत पदक जीतने वाली दक्षिण कोरिया की जुंग जीहाए ने 201.3 जबकि स्वर्ण जीतने वाली चीन की झांग मेंगयूआन ने 202.2 अंक हासिल किए। जुंग ने स्पेन के ग्रेनाडा में इसी महीने की शुरुआत में विश्व चैम्पियनशीप जीता था।

विश्व की 46वीं नंबर की श्वेता क्वालीफाइंग दौर में 383 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही थीं। विश्व की पूर्व शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हिना सिद्धू और राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली मलाइका ने निराश किया। दोनो फाइनल राउंड में पहुंचने में नाकाम रहीं। वहीं, टीम स्पर्धा में श्वेता, हिना और मलाइका 1134 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।

टीम स्पर्धा में चीनी महिलाओं ने 10 मीटर एयर पिस्टल में पहला स्थान हासिल करते हुए 17वें एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण पदक जीता। गुओ वेंजुन, झांग मेंग्यूआन और झोउ किनग्यूआन ने चीन के लिए यह कामयाबी हासिल की। गौरतलब है कि 2002 के बाद यह लगातार चौथा मौका है जब चीन ने एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

ओलंपिक चैम्पियन (2008 एवं 2012) गुओ, झांग और झोउ ने 1,146 अंक अर्जित किए। टीम स्पर्धा में चीनी ताइपे ने पांच अंक से पीछे रहते हुए दूसरा स्थान जबकि मंगोलिया ने 1,140 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

कोई टिप्पणी नहीं: