बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का यह कहना कि मंत्रिमंडल विस्तार महागठबंधन के नेताओं के निर्णय के बाद किया जाएगा, मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को रास नहीं आया। महागठबंधन के इशारे पर चलने की मांझी की विवशता का मजाक उड़ाते हुए भाजपा ने मांझी को 'पॉकेट मुख्यमंत्री' कह डाला। भाजपा बिहार इकाई के अध्यक्ष मंगल पांडेय ने मांझी पर निशाना साधते हुए कहा कि मांझी पॉकेट मुख्यमंत्री हैं। मंत्रिमंडल का विस्तार या गठन मुख्यमंत्री का दायित्व होता है, परंतु इसके लिए भी मुख्यमंत्री को आदेश की जरूरत पड़ती है। पांडेय ने कहा कि नीतीश कुमार से पूछे बिना मांझी कुछ नहीं करते।
इससे पूर्व पटना में पत्रकारों द्वारा मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे में पूछे जाने पर मांझी ने कहा कि यह महागठबंधन का मामला है। जनता दल (युनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का जो फैसला होगा, उसी के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि महागठबंधन (जदयू+राजद+कांग्रेस) ने विधानसभा उपचुनाव में कामयाबी के बाद बिहार की सरकार में शामिल होने का फैसला लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें