- मनरेगा बंद होने की खबरें पूर्णतया भ्रामक: संजय
डालरनगरी भदोही की फिजाओं में पूरे दिन गुरुवार को ’काम दो, दाम दो’ की सदाएं गूंजती रही। मौका था मनरेगा को बंद किए जाने की अफवाहों को भ्रामक बताने और पूर्व में हुए कामों की मजदूरी न समय पर न मिल पाने की मांग को जुलूस निकाले जाने का। जुलूस निकालने से पहले मनरेगा मजदूरों ने सैकड़ों की संख्या में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन भी किया। इस दौरान जगह-जगह आयोजित सभाओं में वक्ताओं ने दावें के साथ कहा भदोही जनपद में मनरेगा बंद होने से सम्बंधी खबरें पूरी तरह भ्रामक है। इस मामले में किसी भी तरह को कोई शासनादेश निर्गत नहीं हुआ है। इस तरह की अफवाहों को फैलाने का मकसद सिर्फ मनरेगा मजदूरों का काम छिनना व मजदूरी हड़पने का है। इन अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए ही आज हर हाथ को काम मिले और काम की समय से मजदूरी मिले, की मांग को लेकर प्रदर्शन व जुलूस निकाला गया है। निर्धनतम क्षेत्र नागरिक समाज (पैक्स) कार्यक्रम के राज्य प्रबंधक प्रशांत आंचल का कहना है कि नरेगा हर मजदूर का कानूनी अधिकारी है।
जागरुकता लाने के लिए आज सुरियावां विकासखण्ड के महदेपुर में काम मांगों अभियान का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि सघन सहभागी नियोजन में भदोही सहित उत्तर प्रदेश के 13 जिलों का चयन न होने का आशय यह नहीं है कि मनरेगा बंद हो गई है। इस तरीके की खबरों से गरीब मजदूरों को काम न मिलने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में जन जागरण की आवश्यकता है। पीपुल फाॅर पीस सर्विस सोसायटी और पैक्स द्वारा संचालित काम मांगों अभियान का शुभारंभ करते हुये उन्होंने कहा कि मनरेगा में 18 जो नये काम शामिल किये गये है उसी आधार पर पंचायत और गांव समुदाय को मिलकर योजना का निर्माण करना चाहिए। जिला स्तरीय शुभारंभ की अध्यक्षता करते हुये वीडियो वालेन्टियर्स के राज्य समन्वयक अंशुमान सिंह ने कहा कि संवेदनशीलता व भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही मनरेगा में बेहतर व पारदर्शी क्रियान्वयन हेतु सशक्त पहल होनी चाहिए। काम मांगों अभियान के शुभारंभ पर आयोजित संवाद में पैक्स के कार्यक्रम अधिकारी नमिता श्रीवास्तव ने कहा कि कानून और योजनाओं की जानकारी वह ताकत है जो वंचितों को अपने हक और सम्मान के लिये आगे बढ़ाने का हौसला देती है।
संवाद का संचालन करते हुये एकता परिषद समन्वयक द्विजेन्द्र विश्वात्मा ने कहा कि गरीबी, भूख और पलायन को रोकने के लिये मनरेगा का बेहतर क्रियान्वयन उपयोगी साबित हो सकता है। इसलिये काम मांगों अभियान को सफल बनाने की जरूरत है। इस अवसर पर एकता परिषद, जन सहयोग मंच द्वारा ’काम दो दाम दो साइकिल यात्रा’ ईशूलाल सरोज, छांगुरदास, हरिगेन गौतम, चमेला देवी, सोमारू बनवासी, छत्रपाल गौतम के नेतृत्व में रवाना हुई। जन संवाद को प्रमुख रूप से सोशल विजन के संजय श्रीवास्तव, ग्राम प्रधानगण, राजदेव बिंद (महदेपुर), दयाराम पाल (भटेवरा), रमाशंकर दूबे (तुलापुर) सहित नन्हेलाल सरोज, बंशीधर गौतम, वंदना दूबे, अंजू सिंह आदि ने सम्बोधित किया।
(सुरेश गांधी)


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें