देवेन्द्रनगर को मिली स्टेडियम एवं कन्या विद्यालय भवन की सौगात
- छिपी हुई प्रतिभाओं को उभारने के लिए पोषण एवं आधार की आवश्यकता है-प्रभारी मंत्री
पन्ना 18 सितंबर 14/जिले की विकास के क्षेत्र में अग्रणी तहसील देवेन्द्रनगर में एक साथ दो सौगातें मिली। जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर शेजवार मंत्री वन, जैव विविधता एवं जैव प्रौद्योगिकी द्वारा वैदिक विधि से पूजन उपरांत नाम पट्टिका अनावरण कर लोकार्पित की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों में छिपी हुई प्रतिभाओं को उभारने के लिए पोषण तथा आधार की आवश्यकता है। स्वर्गीय राणा पुष्पेन्द्र सिंह मेमोरियल स्टेडियम एवं कन्या विद्यालय के नवीन भवन के लोकार्पण के लिए बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा माॅ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं माल्र्यापण के साथ किया गया। इस विद्यालय परिसर में 51.50 लाख रूपये की लागत से स्वर्गीय राणा पुष्पेन्द्र सिंह स्टेडियम का निर्माण किया गया है। स्टेडियम में इन्डोर एवं आउटडोर दोनों तरह के खेलों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। तहसील मुख्यालय में 30 लाख रूपये लागत से हायर सेकेण्ड्ररी कन्या विद्यालय का निर्माण कराया गया है। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री शेजवार ने दोनों निर्माण कार्यो की नाम पट्टिका अनावरण कर लोकार्पण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री शेजवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस क्षेत्र में लोगों में जागरूकता है जिसके चलते क्षेत्र का विकास हुआ है। क्षेत्र के बच्चे भी जागरूक है। जिसके कारण इस कार्यक्रम में इतनी बडी संख्या में उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है उस प्रतिभा को जांच परख कर शिक्षक सामने लाएं। प्रतिभाओं को पर्याप्त पोषण आहार और आधार उपलब्ध कराया जाए वे प्रतिभाएं जिले, राज्य एवं राष्ट्र का नाम रोशन करेंगी। तहसील मुख्यालय में खेल प्रतिभाओं को आगे बढने के लिए स्टेडियम निर्माण होने से आधार मिल गया है। मैं आशा करता हॅू कि इस क्षेत्र के बच्चे खेल में आगे आएंगे और प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने क्षेत्र वासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि विकास के लिए कभी भी धन की कमी नही आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों में राष्ट्रवाद की भावना होनी चाहिए। जो भी जहा है अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे तो राष्ट्र का निर्माण होने के साथ-साथ हमारा राष्ट्र मजबूत राष्ट्र बनेगा। इस अवसर पर कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने कहा कि देवेन्द्रनगर तहसील जिले की विकसित तहसीलों में से है। जहां के लोग जागरूक होने के साथ-साथ अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारीपूर्वक कर रहे हैं। जिसके चलते इस तहसील क्षेत्र का विकास हुआ है। यहां के लोग साधुवाद के पात्र है। क्षेत्र में जिन विकास कार्यो की आवश्यकता महसूस की जाएगी उन विकास कार्यो को कराया जाएगा। शिक्षकों से अपेक्षा करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के बच्चों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाएं और उन्हें आगे बढने के लिए निरंतर पे्ररित कर अवसर उपलबध कराएं। गुनौर विधायक श्री महेन्द्र सिंह बागरी कहा कि हमारे क्षेत्र की यह अग्रणी तहसील है। यहां उत्कृष्ट विद्यालय खोला जाना चाहिए। इसी प्रकार इस क्षेत्र की भूमि उपजाऊ है। क्षेत्र में कृषि, सिंचाई के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए जिससे क्षेत्र के किसान का विकास तेजी से हो सके। कार्यक्रम में श्री सतानन्द गौतम, पूर्व उपाध्यक्ष बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण श्री बाबूलाल यादव, अशुतोष मेहदेले तथा पूर्व मण्डल अध्यक्ष बृजेन्द्र गर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नगर परिषद देवेन्द्रनगर की अध्यक्ष श्रीमती सोमप्रभा राणा ने कार्यक्रम में उपस्थितों के प्रति विनम्र आभार ज्ञापित किया।
प्रभारी मंत्री ने प्रसंस्करण केन्द्र भवन का किया भूमिपूजन
- वनों की सुरक्षा से पर्यावरण की होगी रक्षा-प्रभारी मंत्री
पन्ना 18 सितंबर 14/जिले के दो दिवसीय भ्रमण पर आए प्रभारी मंत्री डाॅ0 गौरीशंकर शेजवार मंत्री वन तथा जैव विविधता ने प्रसंस्करण केन्द्र भवन का समारोहपूर्वक भूमिपूजन किया। समारोह अजयगढ वन परिक्षेत्र कार्यालय में आयोजित किया गया। इसका निर्माण बीआरजीएफ योजना के तहत 10 लाख रूपये की लागत से किया जा रहा है। इस अवसर पर डाॅ. शेजवार ने कहा कि वनों तथा वन्यप्राणियों की सुरक्षा से पर्यावरण की रक्षा होगी। वन का विकास होगा तो इनमें निवास करने वाले गरीब वनवासियों का भी विकास होगा। प्रसंस्करण केन्द्र के निर्माण से आंवला, नगरमोथा, सतावर तथा अन्य लघु वनोपज के संग्रहण में वृद्धि होगी। इससे वनवासियों तथा अन्य व्यक्तियों को रोजगार का अवसर मिलेगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि वनोपज संग्रहण करने वालों के लिए सरकार अनेक सुविधाएं दे रही है। लघु वनोपज संघ तेंदुपत्ता विक्रय से कमाए हुए 244 करोड का पूरा लाभांश इसके संग्राहकों को बांट रहा है। क्षेत्र की वनोपज का संग्रहण करते हुए वनों को भी सुरक्षित रखें। समारोह में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री संजय नगायच, कलेक्टर आर.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आर.के. जैन, सी.सी.एफ. श्री मण्डल, क्षेत्र संचालक टाईगर रिजर्व आर. श्रीनिवास मूर्ति, नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार जैन, अशुतोष मेहदेले, पूर्व मण्डल अध्यक्ष बृजेन्द्र गर्ग, वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता, जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके पूर्व वन मंत्री ने पन्ना में होमगार्ड परेड मैदान परिसर में वृक्षारोपण किया। वन मंत्री का अजयगढ जाते हुए मार्ग में वन समितियों ने समारोहपूर्वक स्वागत तथा अभिनन्दन किया।
वन्य प्राणी संरक्षण संबंधी प्रतियोगिता एक अक्टूबर से
पन्ना 18 सितंबर 14/वन्य प्राणी के संरक्षण के संबंध में आम जनता को जागरूक करने के लिए दो अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में क्षेत्र संचालक पन्ना टाईगर रिजर्व आर. श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि 2 अक्टूबर को गांधी चैक पन्ना में वन्यप्राणी संरक्षण संबंधी डाक्युमेन्टी फिल्म तथा कठपुतली नृत्य शाम 5 बजे से दिखाया जाएगा। फिल्म तथा कठपुतली का प्रदर्शन तीन अक्टूबर को किशनगढ, 4 अक्टूबर को हिनौता, 5 अक्टूबर को मडला, 6 अक्टूबर को चन्द्रनगर में भी किया जाएगा। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत एक अक्टूबर को पार्क कार्यालय सभागार में कक्षा एक से 5 तक के विद्यार्थियों की चित्रकला प्रतियोगित आयोजित की जाएगी। इसी तरह पार्क कार्यालय में ही 4 अक्टूबर को कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों जूनियर वर्ग तथा कक्षा 10 से 12वीं तक विद्यार्थियों की निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जुगल किशोर मंदिर परिसर में 7 अक्टूबर को फिल्म एवं कठपुतली नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन डाईट सभागार पन्ना में वन्यप्राणी संरक्षण विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थी अपने विद्यालय के माध्यम से अपने नाम क्षेत्र संचालक कार्यालय में पंजीकृत करा लें। श्री मूर्ति ने कहा है कि वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह में कई त्यौहार होने के कारण अवकाश होंगे इसलिए विद्यार्थी अपना पंजीयन 25 सितंबर तक करा लें। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को पन्ना नेशनल पार्क का भ्रमण कराया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन समारोह सात अक्टूबर को दोपहर बाद 3 बजे से डाईट सभागार पन्ना में आयोजित किया जाएगा।
अपराध की शिकायत को दबाना अपराध को बढ़ावा देना है-न्यायाधीश अरविन्द शर्मा
पन्ना 18 सितंबर 14/जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री के.के. त्रिपाठी के निर्देशन में शासकीय महाविद्यालय अमानगंज में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायाधीश अरविन्द शर्मा उपस्थित रहे। शिविर की अध्यक्षता प्राचार्य श्रीमती मीरा छिरौल्या द्वारा की गई। इस अवसर पर श्री शर्मा ने साक्षरता शिविर आयोजित करने के उद्देश्यों के साथ साथ भारतीय संविधान के तीनों अंगों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मूल कर्तव्य है कि कोई भी व्यक्ति न्याय पाने से किसी कारण वंचित न रह जाए। जो भी व्यक्ति न्याय पाने में अक्षम है उसे निःशुल्क न्याय दिलाने की सहायता दी जाए। श्री शर्मा ने कहा कि अपराध की शिकायत को दबाना अपराध को बढाना देना है। इसलिए अपराधिक घटना की शिकायत अनिवार्य रूप से करनी चाहिए। इसकी जानकारी परिवार के साथ अन्य लोगों को भी देनी चाहिए। उन्होंने छात्र छात्राओं से खूब मन लगा कर पढने की बात कहते हुए कहा कि किताबें सबसे अच्छी मित्र होती हैं। किताबें हमेशा पढने की सलाह उनके द्वारा दी गई। इस अवसर पर अधिवक्ता धर्मेन्द्र पाण्डेय ने मीडिएशन की जानकारी देते हुए आपसी सुलह से मामलों के निराकरण की बात कही। समाज सेवी, पत्रकार आशीष बोस ने संविधान में निहीत मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों के साथ विशाखा गाईड लाईन की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती छिरौल्या ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम होते रहना चाहिए। जिससे बच्चों को कानून की जानकारी का प्राथमिक ज्ञान मिल सके। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बडी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अजयगढ में प्रभारी मंत्री ने किया 32 लाख के कार्यो का लोकार्पण
- अजयगढ किले तक सडक निर्माण की मिलेगी अनुमति-प्रभारी मंत्री
पन्ना 18 सितंबर 14/जिले के प्रभारी मंत्री डाॅ0 गौरीशंकर शेजवार मंत्री वन तथा जैव विविधता ने अजयगढ रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में तीन निर्माण कार्यो का लोकार्पण किया। उन्होंने बीआरजीएफ योजना से निर्मित हाकर्स जोन में 22 दुकानों, आंगनवाडी भवन तथा सडक निर्माण का लोकार्पण किया। इनकी कुल लागत 32 लाख 26 हजार रूपये है। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि अजयगढ नगर परिषद में सराहनीय निर्माण कार्य हुए हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने नगर परिषद में विभिन्न निर्माण कार्यो के लिए गत 5 वर्षाे में 7 करोड 21 लाख रूपये की राशि प्रदान की है। इससे नगर में सी.सी. रोड निर्माण, दुकान निर्माण, नाली निर्माण सहित कई उपयोगी निर्माण कार्य कराए गए हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि नगर के विकास में वन विभाग पूरा सहयोग देगा। अजयगढ किले तक जाने के लिए वन क्षेत्र से 1300 मीटर सडक की आवश्यकता है। परम्परागत मार्ग होने पर इसमें सडक निर्माण की अनुमति वनाधिकार अधिनियम के तहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में दलगत भावना से ऊपर उठकर कार्य करें। जिससे नगर का विकास हो और सभी पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विकास कार्यो में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। हितग्राहीमूलक योजनाओं में विभिन्न तरह की पेंशन शिविर लगाकर स्वीकृत की जाए। शिविरों में जनसमस्याओं का भी निराकरण किया जाए। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन शासन की मंशानुसार किया जाए। किले तक जाने का रास्ता बन जाने पर पर्यटन में वृद्धि होने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे। क्षेत्र में पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए केन नदी पर बने बरियारपुर बांध से पेयजल की व्यवस्था की जाए। पांच वर्षो में नगर परिषद क्षेत्र में 7.76 करोड के निर्माण कार्य कराए गए हैं। इस अवसर पर गुनौर विधायक श्री महेन्द्र सिंह बागरी, सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री संजय नगायच, पूर्व उपाध्यक्ष बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण श्री बाबूलाल यादव, पूर्व मण्डल अध्यक्ष बृजेन्द्र गर्ग, श्री राजकुमार जैन, पुलिस अधीक्षक आर.के. जैन तथा बडी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने अमानगंज में किया 27.73 करोड के कार्यो का भूमिपूजन
- अमानगंज को मुख्यमंत्री जी ने जलावर्धन योजना से दी मीठे पानी की सौगात- प्रभारी मंत्री
पन्ना 18 सितंबर 14/जिले के प्रभारी मंत्री गौरीशंकर शेजवार मंत्री वन तथा जैव विविधता द्वारा अमानगंज बस स्टैण्ड में आयोजित समारोह में 27.73 करोड रूपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यो का भूमिपूजन किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री जी द्वारा घोषित 20.89 करोड की लागत से निर्मित होने वाली जलावर्धन योजना का भूमिपूजन वैदिक रीति से किया। उन्होंने शहरी स्वच्छता कार्यक्रम के तहत 18-18 लाख रूपये लागत से बनने वाले दो सुलभ काम्लेक्सों का भी भूमिपूजन किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने जलावर्धन योजना माध्यम से नगर पंचायत अमानगंज के लोगों को मीठे पानी की सौगात दी है। अब यहां की जनता को मिनरल वाटर की तरह साफ पानी मिलने के साथ - साथ स्वच्छता के लिए सुलभ काम्पलेक्सों का भी भूमिपूजन किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी कमजोर वर्गो की हमेशा चिंता करते हैं। उन्होंने आमजनता को निःशुल्क उपचार एवं जांच की योजना लागू की। वही जननी एक्सप्रेस, लाडली लक्ष्मी योजना, प्रसव परिवहन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, बुजुर्गो के लिए मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना जैसी अनेकों योजनाएं संचालित कर रखी है। इतना ही नही बेरोजगारों के लिए भी अनेक योजनाएं संचालित है। प्रभारी मंत्री ने नगर पंचायत अमानगंज में बीआरजीएफ योजना के अन्तर्गत 30 लाख रूपये की लागत से बनने वाली सडक के लिए राशि मंजूर कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अमानगंज में गत 5 वर्षो में शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत 6 करोड 45 लाख रूपये के निर्माण कराए गए हैं। समारोह में उपस्थितों को सम्बोधित करते हुए गुनौर विधायक महेन्द्र सिंह बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा पेयजल योजना की सौगात देकर नगर पंचायत अमानगंज के पेयजल संकट से निजात दिलाई है। अमानगंज क्षेत्र का प्रमुख व्यवसायी केन्द्र है। इसलिए यहां सडक, बिजली और पानी की सुविधा का विस्तार निरंतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री, विधायक तथा लोक सेवक आमजनता की पूरी सेवा करेंगे। समारोह में नगर पंचायत अमानगंज की अध्यक्ष श्रीमती अंजू मौर्य ने जलावर्धन योजना की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री जी के प्रति विनम्र आभार ज्ञापित करते हुए नगर से जुडी विभिन्न मांगों को रखी। कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने समारोह में उपस्थितों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अमानगंज के विकास के लिए हर संभव सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर घर में शौचालय बनाने के साथ नियमित उपयोग किया जाए। समारोह में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष संजय नगायच, पूर्व विधायक गोरेलाल, जयप्रकाश पटेल, बाबूलाल यादव, सुदामा पटेल, सतानन्द गौतम, रम्मू मौर्य, मुकेश के साथ पुलिस अधीक्षक आर.के. जैन, वन अधिकारी तथा बडी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें