पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर (17 सितम्बर) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 17 सितंबर 2014

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर (17 सितम्बर)

किसानों को प्रभारी मंत्री ने किया 1.40 करोड के कृषि बीमा का वितरण
  • किसानों की मेहनत से ही प्रदेश हुआ खेती में अब्बल-प्रभारी मंत्री

panna news
पन्ना 17 सितंबर 14/पालीटेक्निक काॅलेज परिसर में आयोजित जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में कृषि बीमा से 1221 किसानों को लाभान्वित किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री डाॅ0 गोरीशंकर शेजवार मंत्री वन तथा जैव विविधता ने किसानों को एक करोड 40 लाख 60 हजार रूपये की बीमा राशि का वितरण किया। किसानों को 35 लाख रूपये के कृषि उपकरण भी वितरित किए गए। समारोह में प्रभारी मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को लगातार दो वर्षो से कृषि कमर्ण पुरस्कार प्राप्त हो रहा है। किसानों की मेहनत से ही प्रदेश खेती में अब्बल हुआ है। पूरे प्रदेश में 14 लाख 20 हजार किसानों को 2187 करोड रूपये की बीमा राशि प्रदान की गई।  प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान किसानों की चिंता करने वाले तथा खेती का लाभ का व्यवसाय का संकल्प लेकर उसे पूरा करने वाले मुख्यमंत्री है। मध्य प्रदेश की आजीविका 80 प्रतिशत खेती पर निर्भर है। इसलिए सरकार किसानों की सर्वाधिक चिंता कर रही है। प्रदेशभर मेें सिंचाई सुविधाओं का विकास किया गया है। किसानों को गेंहू उपार्जन में 150 रूपये प्रति क्विंटल का बोनस प्रदेश सरकार दे रही है। किसानों को बिना ब्याज का ऋण खाद और बीज के लिए दिया जा रहा है। खेती के साथ-साथ प्रदेश में हर क्षेत्र में लगातार विकास किया है। सडक, बिजली, पानी की सुविधा तेजी से बढी है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि शिक्षा के विकास के लिए निःशुल्क किताबें, गणवेश तथा मध्यान्ह भोजन दिया जा रहा है। लाडली लक्ष्मी योजना से हजारों कन्याएं लखपति बनी है। कन्यादान योजना से गरीब परिवार की बेटी की शादी के लिए 25 हजार रूपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने प्रसूति सहायता, ममता अभियान, जननी सुरक्षा योजना तथा बेटी बचाओ अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को जागरूक करने के लिए 25 सितंबर से 20 अक्टूबर तक पूरे जिले में कृषि महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रमुख गांव में कृषि क्रांति रथ भ्रमण करेंगे। किसान इसका लाभ उठाएं। समारोह में पूर्व उपाध्यक्ष बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण श्री बाबूलाल यादव ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण की मंशा से कार्य कर रही है। खेती के विकास के साथ किसानों में खुुशहाली आयी है। समारोह में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने कहा कि पन्ना जिले की खेती के विकास के लिए ग्राम कृषि कार्य योजना तैयार की जा रही है। इसमें आगामी 5 वर्षो में खेती के विकास, जल प्रबंधन, उद्यानिकी, जैविक खेती तथा भूमि सुधार को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों को प्राकृतिक आपदा से हानि होने पर 102 करोड की राहत राशि का सीधे बैंक खाते के माध्यम से वितरण किया गया है। उन्होंने कृषि महोत्सव के कार्यक्रम की भी जानकारी दी। समारोह में कलापथक दल तथा जादूगर सतीश विश्वकर्मा ने खेती में सुधार, ग्राम विकास, बेटी बचाओ, नशामुक्ति एवं मतदाता जागरूकता के संदेश देने वाले रौचक गीत प्रस्तुत किए। समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक, पुलिस अधीक्षक आर.के. जैन, क्षेत्र संचालक पन्ना टाईगर रिजर्व आर. श्रीनिवास मूर्ति, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे, श्री अशुतोष मेहदेले, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, किसान, पत्रकार तथा आमजन उपस्थित रहे। समारोह में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती की जानकारी दी। समारोह स्थल में कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों की प्रदशर्नियों के माध्यम से विभागीय जानकारियां दी गई। 

प्रभारी मंत्री ने किया 40 लाख के निर्माण कार्यो का लोकार्पण, पन्ना नगर को 5 वर्षो में मिली है 251 करोड की सौगात-प्रभारी मंत्री

panna news
पन्ना 17 सितंबर 14/जिले के प्रभारी मंत्री डाॅ0 गोरीशंकर शेजवार मंत्री वन तथा जैव विविधता ने गैस गोदाम के पास आयोजित समारोह में 40 लाख रूपये के निर्माण कार्यो का लोकार्पण किया। उन्होंने पन्ना नगरपालिका द्वारा निर्मित 5 सडकों तथा चिल्ड्रन पार्क का लोकार्पण किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थितों को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डाॅ0 शेजवार ने कहा कि पन्ना झीलों तथा मंदिरों की नगरी है। इसके विकास के लिए सरकार ने पूरी सहायता दी है। पन्ना नगरपालिका में पिछले 5 वर्ष में 251 करोड के निर्माण कार्यो की सौगात मिली है। इसमें फिल्टर प्लान्ट, सी.सी. रोड निर्माण, तालाबों के सौन्द्रर्यीकरण तथा नाली निर्माण जैसे कार्य शामिल है। मुख्यमंत्री जी ने पन्ना जिले के भ्रमण के दौरान नगरपालिका को 50 लाख रूपये देने की घोषणा की थी।  प्रभारी मंत्री ने कहा कि पन्ना नगर के विकास के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी। आगामी बजट में नगर के लिए सब्जी मण्डी का निर्माण प्रस्तावित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर प्रदेश के हर गांव और हर नगर के विकास के लिए खुलकर सहयोग दिया है। पूरे प्रदेश में अधोसंरचना विकास के कई उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक ने कहा कि पन्ना नगरपालिका ने गत 5 वर्षो में विकास के कई कार्य किए हैं। नगर में 3 करोड रूपये की लागत से सडकों का निर्माण किया गया है। चैराहों का विकास, तालाबों का सौन्दर्यीकरण, सी.सी. रोड निर्माण तथा जल अवर्धन योजना के प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। समारोह में श्री बाबूलाल यादव पूर्व उपाध्यक्ष बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण ने कहा कि पन्ना नगर में विकास की आवश्यकता है। यहां के मंदिरों तथा तालाबों का व्यवस्थित विकास आवश्यक है। पिछले 10 वर्षो से नगर के विकास के लिए उल्लेखनीय निर्माण कार्य कराए गए हैं। समारोह में प्रभारी मंत्री ने वार्ड क्रमांक 13, वार्ड क्रमांक 11, वार्ड क्रमांक 4, वार्ड क्रमांक 10 में निर्मित 4 सी.सी. सडकों एवं इन्द्रपुरी कालोनी में निर्मित चिल्ड्रन पार्क का लोकार्पण किया। समारोह में कलेक्टर आर.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आर.के. जैन, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण तथा आमजन उपस्थित रहे। समारोह का समापन मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुधाकर सिंह द्वारा आभार प्रदर्शन से हुआ। 

प्रभारी मंत्री आज करेंगे विभिन्न कार्यो का लोकार्पण तथा भूमिपूजन, प्रभारी मंत्री अजयगढ, अमानगंज तथा पवई में करेंगेे कई लोकार्पण

पन्ना 17 सितंबर 14/जिले के प्रभारी मंत्री डाॅ0 गोरीशंकर शेजवार मंत्री वन तथा जैव विविधता 18 सितंबर को जिले के नगरीय निकायों के कई कार्यो का लोकार्पण तथा भूमिपूजन करेंगे। प्रभारी मंत्री प्रातः 11 बजे पन्ना से कार द्वारा प्रस्थान कर अजयगढ पहुंचेंगे। वे अजयगढ में नगर पंचायत अजयगढ के निर्माण कार्यो का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद प्रभारी मंत्री कार द्वारा प्रस्थान कर दोपहर बाद 3.30 बजे अमानगंज पहुंचेंगे। वे अमानगंज में नगर पंचायत द्वारा स्वीकृत जलावर्धन योजना तथा सुलभ शौचालय निर्माण का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद प्रभारी मंत्री शाम 5 बजे नगर पंचायत पवई पहुंचेंगे। वे पवई में आयोजित समारोह में नगर पंचायत पवई द्वारा स्वीकृत कार्यो का भूमिपूजन करेंगे। वे वन विभाग के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद प्रभारी मंत्री कार द्वारा पवई से रीवा के लिए प्रस्थान करेंगे। 

संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक निरस्त

पन्ना 17 सितंबर 14/जिला योजना अधिकारी बी.के. चैरसिया ने बताया है कि ग्राम स्तरीय मास्टर प्लान विकेन्द्रीकृत योजना की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक 19 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे से कमिश्नर कार्यालय सभागार सागर में आयोजित की जानी थी। जिसे अपरिहार्य कारणों से निरस्त कर दी गई है।                             
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाएं -प्रेक्षक श्री खरे

पन्ना 17 सितंबर 14/जिले के नगरीय निकायों तथा ग्राम पंचायत चुनाव के लिए फोटायुक्त मतदाता सूची तैयार की जा रही है। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से इस संबंध में निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री शैलेन्द्र खरे ने कहा कि सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पूरी सावधानी के साथ मतदाता सूची का निर्माण करें। इसमें हर पात्र मतदाता का नाम अनिवार्य रूप से शामिल करें। मतदाता सूची को पूरी तरह से त्रुटिरहित बनाएं। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे ने नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची निर्माण दावे-आपत्तियों के निराकरण संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के मतदाता सूची से संबंधित दावे-आपत्तियों के निराकरण 22 सितंबर तक किया जाना है। दावे-आपत्तियों का निराकरण सावधानीपूर्वक करें। कोई भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए। मतदाता सूची तैयार करने का कार्य आयोग की मंशानुसार त्रुटिरहित मतदाता सूचियों की पांठुलिपि बेंडर को दी जाए। इसी प्रकार पंचायतों की मतदाता सूची से संबंध में सभी अधिकारियों को आयोग के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार प्रारंभिक प्रकाशन एवं दावे-आपत्ति प्राप्त करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। प्रेक्षक द्वारा अजयगढ भ्रमण के दौरान वार्ड क्रमांक 2 के प्राधिकृत कर्मचारी बलराम प्रजापति सहायक शिक्षक द्वारा मतदाता सूची तैयार करने की कार्य की सराहना की गई। श्री प्रजापति भी वीडियो कान्फ्रेसिंग में उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों से पंचायत की मतदाता सूची तैयार करने के संबंध में चर्चा की। प्रेक्षक द्वारा कहा गया कि मतदाता सूचियां सावधानी पूर्वक त्रुटिरहित तैयार की जाएं। 

शांति समिति की बैठक 25 सितंबर को

पन्ना 17 सितंबर 14/आगामी माह नवरात्रि, दशहरा तथा इर्द त्यौहार मनाए जाएंगे। इनके संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक 25 सितंबर को शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जा रही है। बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा विभिन्न त्यौहारों के समय किए जा रहे प्रबंधों तथा कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करेंगे। एसडीएम अशोक ओहरी ने समिति के सभी सदस्यों तथा संबंधित अधिकारियों से बैठक में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है। 

आर्थिक जनगणना संबंधी बैठक 22 को

पन्ना 17 सितंबर 14/सामाजिक आर्थिक जनगणना की प्रारूप सूची का प्रकाशन एवं दावे आपत्तियों प्राप्त करने के संबंध में 22 सितंबर को जिला पंचायत सभागार में दोपहर 2 बजे से बैठक आयोजित की जा रही है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे ने सभी तहसीलदारों तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को सामाजिक आर्थिक जनगणना के संबंध में अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जो अधिकारी 15 सितंबर को आयोजित बैठक में अनुपस्थित रहेे वे अपना स्पष्टीकरण भी 22 सितंबर को प्रस्तुत करेंगे। 

श्रम कार्यालय में मनाई गई विश्वकर्मा जयंती

पन्ना 17 सितंबर 14/जिला श्रम कार्यालय पन्ना में भगवान विश्वकर्मा की जयंती मनाई गई। समारोह में मजदूरों तथा विभाग के कर्मचारियों एवं स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर श्रम निरीक्षक ओ.पी. मिश्रा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण के देवता है। उन्हें सृष्टि का निर्माता तथा जनक माना जाता है। मजदूर भी निर्माण का कार्य करके सुन्दर भवनों का निर्माण करते हैं। मजदूरों के कल्याण के लिए शासन द्वारा कई योजनाएं लागू की गई है। पंजीकृत मजूदरों को शिक्षा, स्वास्थ्य, उपचार, बीमा जैसी अनेक सुविधाएं दी जा रही है। इन्हें प्रसूति सहायता तथा मजदूरों के बच्चों को छात्रवृत्ति का भी लाभ दिया जाता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मजदूर भाईयों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में स्वयं सेवी संस्था के प्रतिनिधि ज्ञानेन्द्र तिवारी तथा मजदूर संगठन के प्रतिनिधि युसूफ वेग भी उपस्थित रहे। 

कोई टिप्पणी नहीं: