पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर (27 सितम्बर) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।


शनिवार, 27 सितंबर 2014

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर (27 सितम्बर)

सामाजिक आर्थिक गणना की सूची समय पर तैयार करें-श्रीमती बालिम्बे

panna news
पन्ना 27 सितंबर 14/जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे ने सामाजिक आर्थिक जनगणना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह गणना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए शासन द्वारा विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गणना का कार्य सम्पन्न कराएं। इसकी प्रारूप सूची का प्रकाशन 25 सितंबर को कर दिया गया है। सभी ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, कलेक्टर कार्यालय एवं एनआईसी की बेवसाईट पर इसे प्रदर्शित किया गया है। जिलेभर में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में भी प्रारूप सूची का वाचन कराएं। सामाजिक आर्थिक गणना से प्राप्त आंकडे विकास योजनाओं के निर्माण के लिए आवश्यक है। बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए श्रीमती बालिम्बे ने कहा कि प्रारूप सूची में दावे आपत्तियां 24 अक्टूबर तक दर्ज कराई जा सकती है। दावे आपत्तियां प्राप्त करने के लिए कर्मचारी प्रशिक्षण देकर तैनात करें। शहरी क्षेत्र में भी प्रत्येक वार्ड में सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया है। दावे आपत्तियां प्राप्त करने के बाद उनका 15 नवंबर तक निराकरण कराएं। इनके निराकरण के संबंध में जिला स्तर पर 28 नवंबर तक अपील दर्ज कराई जा सकती है। इनका निराकरण करके 15 दिसंबर को सामाजिक आर्थिक गणना की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। सूची के संबंध में सभी आवश्यक प्रबंध किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी गणना कार्य की सतत मानीटरिंग करें। इसमें किसी तरह की कठिनाई आने पर उसे तत्काल दूर करें। शासन के निर्देशों का पूरी तरह से पालन करते हुए गणना सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन कराएं। इसमें शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखें। बैठक में परियोजना अधिकारी जिला पंचायत आर.के. मिश्रा ने सामाजिक आर्थिक गणना की प्रक्रिया तथा प्रारूप प्रकाशन के समयवद्ध कार्यक्रम की जानकारी दी। बैठक में सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

आदतन अपराधी हुआ जिला बदर

पन्ना 27 सितंबर 14/कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आर.के. मिश्रा ने आदतन अपराधी बिट्टू पिता कन्हैया चैधरी निवासी ग्राम टिकरिया जिला पन्ना को एक वर्ष के लिए जिला बदर के आदेश दिए हैं। उसे पन्ना सहित छतरपुर, दमोह, कटनी, सतना तथा उत्तर प्रदेश के बांदा एंव कर्बी जिले की सीमाओं में एक वर्ष की अवधि के लिए प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह कार्यवाही मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत की गई है। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक आई.पी. अरजरिया के प्रतिवेदन पर यह कार्यवाही की है। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार आदतन अपराधी बिट्टू चैधरी पर शाहनगर थाने में 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसमें मारपीट, बलात्कार, जान से मारने की धमकी, अवैध शस्त्र, गृहभेद, गाली गलौज तथा रास्ता रोकने के अपराध शामिल है। लोक शांति भंग होने तथा आमजनता में अपराधी के कृत्यों से भय उत्पन्न होने के कारण उसके विरूद्ध जिला बदर की कार्यवाही की गई है। आदेश का उल्लंघन करने अथवा सक्षम अधिकारी अनुमति बिना इन जिलों में प्रवेश करने पर मध्य प्रदेश सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत कार्यवाही की जाएगी। 

कृषि महोत्सव के लिए बना कन्ट्रोल रूम 

पन्ना 27 सितंबर 14/जिले भर में 25 सितंबर से 20 अक्टूबर तक कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम उप संचालक कृषि कार्यालय में बनाया गया है। इसके अलावा सभी विकासखण्डों में वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी कार्यालय में कन्ट्रोल रूम बनाकर उसमें अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे ने बताया कि जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम का नोडल अधिकारी उप संचालक कृषि आर.एस. सोलंकी तथा बी.एल. कुरील परियोजना संचालक आत्मा को बनाया गया है। कन्ट्रोल रूम का टेलीफोन नम्बर 07732-252060 है। विकासखण्ड पन्ना में कन्ट्रोल रूम का प्रभारी एसडीओ आर.के. मिश्रा को बनाया गया है। इनका मोबाइल नम्बर 9755287822 है। विकासखण्ड पवई में नोडल अधिकारी एसडीओ राकेश कुमार मौर्य मोबाईल नम्बर 9893444472 को बनाया गया है। विकासखण्ड गुनौर में नोडल अधिकारी एसडीओ एस.पी. अहिरवार मोबाईल नम्बर 9981798191 को बनाया गया है। विकासखण्ड शाहनगर में नोडल अधिकारी कुलदीप कुमार त्रिपाठी मो. नं.9926649835 को बनाया गया है। विकासखण्ड अजयगढ में नोडल अधिकारी एसडीओ जी.एस. नरवरिया मो.नं. 9009325137 को बनाया गया है।     

वैज्ञानिकों द्वारा रिछोडा में मनाया फसल सुरक्षा दिवस

पन्ना 27 सितंबर 14/कृषि विज्ञान केन्द्र पन्ना द्वारा ग्राम रिछोडा विकासखण्ड गुनौर में एक दिवसीय फसल सुरक्षा दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डाॅ. बी.एस. किरार, कार्यक्रम समन्वयक डाॅ. आर.के. जायसवाल एवं डाॅ. आर.के. सिंह, वैज्ञानिकों द्वारा खरीफ फसलों सोयाबीन, धान, उड़द एवं अरहर फसलों के प्रमुख कीट-व्याधियों पर विस्तार से जानकारी दी गयी। सोयाबीन एवं उड़द फसल मे पीला मौजेक वायरस फैलने उसके लक्षण एवं प्रबंधन के अंतर्गत डायमेथियोएट 30 ई.सी. 2 एम.एल. प्रति ली. या एसीफेट 75 एस.पी. 1 एम.एल. या इमिडाक्लोप्रिड 17.8 प्रतिशत एस.एल. आदि का छिड़काव और कीट रिंग कटर, हरी अर्धकुण्डल इल्ली और तम्बाखु इल्ली की पहचान और नियंत्रण हेतु ट्रायजोफाॅस या एण्डोक्सोकार्व 15 एस.सी. घोल का छिड़काव करें। उड़द एवं अरहर मे फलीछेदक एवं चने की इल्ली के नियंत्रण हेतु उपयुक्त दवाओं या क्विनालफाॅस 20$साइपरमेथ्रिन 3 प्रतिशत एक एम.एल. प्रति लीटर पानी की दर से छिड़काव करें। धान मे झुलसा रोग से ग्रसित पौधे पर भूरे गहरे आँख के अकार के धब्बे बनते है और रोग का प्रकोप बढ़ने पर फसल झुलसी हुयी दिखाई पड़ती है। इसके नियंत्रण के लिये ट्राइसाइक्लोजोल 1 मि.ली. प्रति ली. पानी मे घोल बनाकर छिड़काव करें। उन्होंने बताया कि तना छेदक हेतु फोरेट 10 जी. 4 कि.ग्रा. या कार्बोफ्यूरान 3 जी 8 कि.ग्रा. प्रति एकड़ का भुरकाव करें। धान की बाली में दूध भरते समय गंधी बग कीट का प्रकोप होता है। इसके नियंत्रण के लिए दवा का छिड़काव करे। बाली पकने के समय कटुवा कीट का आक्रमण होता हैं इसके बचाव के लिये लेम्डासाइहेलेथ्रिन 5 ई.सी. 1 मि.ली. या जैविक कीटनाषक वैसीलस थ्यूरिनजेनसिस 2 एम.एल. प्रति ली. का प्रयोग करें। कृषकों को रबी फसलों की सरसों (पूसा अग्रणी, पूसा तारक), चना (जे.जी.-14,16,11) गेहूँ समय पर बुवाई हेतु (जे.डब्ल्यू.-3211,जे.डब्ल्यू.-3288,जे.डब्ल्यू.-17) उन्नत किस्मों और बुवाई तकनीक पर विस्तार से प्रकाष डाला गया।         

जिला स्तरीय समिति की बैठक 29 को

पन्ना 27 सितंबर 14/जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिला स्तरीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक 29 सितंबर को अपरांह एक बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत चर्चा की जाएगी। बैठक में समिति के सभी सदस्यों से उपस्थित रहने की अपेक्षा की गई है।

अनुपस्थित राजस्व निरीक्षक को नोटिस

पन्ना 27 सितंबर 14/तहसील अजयगढ में राजस्व निरीक्षक मण्डल धरमपुर में पदस्थ राजस्व निरीक्षक गिरीश कुमार नामदेव 24 सितंबर 2013 से बिना किसी अवकाश सूचना के अपने कार्यालय तथा मुख्यालय से अनुपस्थित है। उनके सेवा अभिलेख में दिए गए पाते पर पत्राचार करने पर उनके संबंध में किसी तरह की सूचना प्राप्त नही हुई है। अधीक्षक भू अभिलेख ने श्री नामदेव को एक सप्ताह में कार्यालय उपस्थित न होने पर सेवा से पृथक करने का नोटिस दिया है। समय अवधि समाप्त हो जाने के बाद मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। 

मदिरा की बिक्री 2 अक्टूबर को रहेगी प्रतिबंधित

पन्ना 27 सितंबर 14/राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर के दिन सभी शासकीय देशी तथा विदेशी मदिरा की बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। मदिरा के क्रय-विक्रय तथा परिवहन पर प्रतिबंध रहेगा। जिला आबकारी अधिकारी बी.आर. वैद्य ने प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर कठोर से कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। 

वन्य प्राणी संरक्षण संबंधी प्रतियोगिता एक अक्टूबर से
पन्ना 27 सितंबर 14/वन्य प्राणी के संरक्षण के संबंध में आम जनता को जागरूक करने के लिए दो अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में क्षेत्र संचालक पन्ना टाईगर रिजर्व आर. श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि 2 अक्टूबर को गांधी चैक पन्ना में वन्यप्राणी संरक्षण संबंधी डाक्युमेन्टी फिल्म तथा कठपुतली नृत्य शाम 5 बजे से दिखाया जाएगा। फिल्म तथा कठपुतली का प्रदर्शन तीन अक्टूबर को किशनगढ, 4 अक्टूबर को हिनौता, 5 अक्टूबर को मडला, 6 अक्टूबर को चन्द्रनगर में भी किया जाएगा। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत एक अक्टूबर को पार्क कार्यालय सभागार में कक्षा एक से 5 तक के विद्यार्थियों की चित्रकला प्रतियोगित आयोजित की जाएगी। इसी तरह पार्क कार्यालय में ही 4 अक्टूबर को कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों जूनियर वर्ग तथा कक्षा 10 से 12वीं तक विद्यार्थियों की निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जुगल किशोर मंदिर परिसर में 7 अक्टूबर को फिल्म एवं कठपुतली नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन डाईट सभागार पन्ना में वन्यप्राणी संरक्षण विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को पन्ना नेशनल पार्क का भ्रमण कराया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन समारोह सात अक्टूबर को दोपहर बाद 3 बजे से डाईट सभागार पन्ना में आयोजित किया जाएगा। 

अधिकारियों-कर्मचारियों की जानकारी देने के निर्देश
पन्ना 27 सितंबर 14/कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने सभी कार्यालय प्रमुखों को उनके अधीन अधिकारियों तथा कर्मचारियों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में 28 सितंबर तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिला योजना कार्यालय द्वारा निर्धारित अनुसूची क्रमांक एक से 5 तक में निर्धारित प्रपत्रों में जानकारी तैयार करके निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत करें। जानकारी दो प्रतियों में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। इसे भेजने के पूर्व गत वर्ष की जानकारी से मिलान कर लें। इसमें सेवानिवृत्त अथवा स्थानान्तरित कर्मचारियों के संबंध में भी अलग से विवरण दें। संविदा शिक्षकों की गणना उनके नियुक्तिकर्ता जनपद पंचायत अथवा नगरीय निकाय के साथ की जाएगी। 

मतदाता जागरूकता अभियान की दें पूरी जानकारी-श्रीमती बालिम्बे

पन्ना 27 सितंबर 14/नगरीय निकाय तथा पंचायत राज संस्थाओं के आगामी चुनाव में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी आर.के. मिश्रा द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिलेभर में विभिन्न विभाग मतदाता जागरूकता का कार्य कर रहे हैं। श्रीमती बालिम्बे ने इससे जुडे सभी अधिकारियों को अभियान की नियमित रूप से पूरी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि हाट बाजारों, बैठकों तथा सम्मेलनों में नई इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन का लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। किसान संगोष्ठी, कृषि महोत्सव, समय अवधि पत्रों की समीक्षा बैठक तथा ग्रामीण क्षेत्र में कृषि क्रांति रथ के भ्रमण के समय भी मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारी इसके संबंध में निर्धारित प्रपत्र मेेें प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। महाविद्यालय के सभी प्राचार्यो को मतदाताओं को जागरूक करने के लिए परिसर दूतों की नियुक्ति तथा प्रशिक्षण के निर्देश दिए गए थे। इसका प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करें। जिला तथा खण्ड स्तर की विभिन्न बैठकों में ईव्हीएम के प्रदर्शन की जानकारी प्रस्तुत करें। जिला जनसम्पर्क अधिकारी मतदाता जागरूकता अभियान के संबंध में जारी समाचारों तथा मीडिया से संवाद की जानकारी प्रस्तुत करें। मतदाता जागरूकता अभियान में महिला स्व सहायता समूहों, स्वयं सेवी संस्थाओं तथा सेवा निवृत्त कर्मचारियों को भी जोडें। 

महिलाएं आयरन की गोली का नियमित करें सेवन-डाॅ. तिवारी

पन्ना 27 सितंबर 14/मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एल.के. तिवारी ने गर्भवती महिलाओं को उचित पोषण, देखभाल तथा आयरन की गोली का नियमित सेवन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि खून की कमी महिलाओं विशेषकर गर्भवती माताओं के लिए जानलेवा हो सकती हैै। खून की कमी होने से जन्म लेने वाला शिशु कमजोर होगा। सभी गर्भवती महिलाएं आंगनवाडी केन्द्र तथा नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में पंजीयन कराके आयरन की गोली निःशुल्क प्राप्त कर उसका नियमित सेवन करें। उन्हें आयरन की गोली देने के साथ शुक्रोष की वाटल भी चढाई जाएगी। इससे उनका तथा उनके बच्चे का जीवन सुरक्षित रहेगा। उन्होंने बताया कि जिले के सभी अस्पतालों की ओपीडी में आने वाली 15 वर्ष की किशोरी से लेकर 49 वर्ष तक की प्रत्येक महिला को निःशुल्क 100 आयरन की गोलियां प्रदान की जा रही हैं। उन्हें इसके नियमित सेवन की सलाह भी दी जा रही हैै। इससे उनमें खून की कमी नही होगी। खून की कमी से होने वाले कई रोगों तथा गर्भवस्था में प्रसव के दौरान आने वाली कठिनाईयां से भी इसमें बचाव होगा। 

नेहरू युवा केन्द्र ने मनाई जयंती
panna news
पन्ना 27 सितंबर 14/नेहरू युवा केन्द्र द्वारा 25 सितंबर को ग्राम फुलवारी में युवा मण्डलों के सहयोग से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरवारा में निबंध, चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके विजेता विद्यार्थियों को नेहरू युवा केन्द्र द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में श्री गणेश प्रसाद तिवारी, चन्द्रभान बागरी, पी.आर. डडसेना नेहरू युवा केन्द्र तथा स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

कोई टिप्पणी नहीं: