उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों और मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों ने सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए जहां 'ऑक्सीजन' का काम किया है, वहीं मोदी लहर पर सवार भाजपा औंधे मुंह गिरने के बाद अब हार के कारण तलाश रही है। सपा ने विधानसभा की 8 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा 3 सीटों पर सिमटकर रह गई। इसके अलावा मैनपुरी संसदीय सीट पर भी सपा की बादशाहत कायम रही। केंद्रीय मंत्री उमा भारती अपनी जीती हुई चरखारी विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी को जिताने में सफल नहीं हो पाईं। यहां से सपा के कप्तान सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के रामजीवन को 50,805 वोटों से हराया।
सिराथू से सपा के वाचस्पति ने जीत हासिल की। उन्होंने लगभग 22,867 वोटों से जीत दर्ज की। बलहा से भी सपा के बंशीधर बौद्ध 25,181 मतों से जीते। ठाकुरद्वारा से भी सपा के नवाब जान ने जीत दर्ज की। उनकी जीत का आंकड़ा लगभग 27 हजार वोटों का रहा। सहारनपुर नगर में भाजपा जीत दर्ज करने में सफल रही, यहां से राजीव गुंबर लगभग 26937 हजार मतों से जीते। हमीरपुर से सपा के शिवचरण प्रजापति विजयी रहे। उन्होंने 67 हजार वोटों से भाजपा प्रत्याशी जगदीश व्यास को हराया।
वाराणसी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत रोहनिया विधानसभा सीट पर सपा के महेंद्र सिंह पटेल जीते। निघासन से भी सपा के कृष्ण गोपाल पटेल जीते, उन्होंने 18,976 मत हासिल की। बिजनौर से सपा की रुचि वीरा ने 11667 मतों से जीत हासिल की। लखनऊ पूर्व की प्रतिष्ठिापूर्ण लड़ाई में आखिरकार भाजपा के आशुतोष टंडन कामयाब हुए। नोएडा से भी भाजपा की विमला बाथम ने 58555 मतों से जीत हासिल की।
वहीं प्रदेश की इकलौती मैनपुरी संसदीय सीट से सपा प्रत्याशी तेज प्रताप ने भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य को 3 लाख से ज्यादा मतों से हराकर रिकार्ड जीत दर्ज की। उपचुनाव के परिणाम से सपा खेमा बेहद खुश है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्हें जीत पर दी बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता ने सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ वोट दिया। मुख्यमंत्री जीत के लिए जनता को धन्यवाद दिया।
वहीं पार्टी प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश की जनता की जीत है। सपा मंत्री रामवृक्ष यादव ने कहा कि धोखा देने वालों को जनता ने नकारा, सपा के विकास को जनता ने फिर चुना और मोदी लहर यूपी से लौटी चुकी है। वहीं सपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा, "लगता है, मोदी जी का भूत यूपी से उतर गया।"
दूसरी ओर, हार से मायूस प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा, "हम अपनी हार स्वीकार करते हैं और इसकी समीक्षा करेंगे।" उन्होंने कहा कि उपचुनाव आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हमारे लिए सबक है। पार्टी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने कहा कि उपचुनाव के नतीजों पर सबको मंथन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर पार्टी नेताओं के काम में कुछ कमी रही होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें