असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘सांसद आदर्श ग्राम योजना’ की तारीफ की पर यह भी कहा कि इसके जरिए छह लाख गांवों को विकास के दायरे में लाने में 50 साल से ज्यादा का वक्त लग जाएगा। कांग्रेस नेता गोगोई ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है जब मोदी की तारीफ को लेकर शशि थरूर विवादों में घिरे हैं और उन्हें कल पार्टी के प्रवक्ता पद से भी हटा दिया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने गोगोई के एक ट्वीट का हवाला देते हुए जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘मोदी की सांसद आदर्श ग्राम योजना तारीफ के काबिल है। बहरहाल, इसके जरिए देश के छह लाख गांवों को विकास के दायरे में लाने में 50 साल से ज्यादा का वक्त लग जाएगा।’ गोगोई ने कहा, ‘यदि हम ‘अच्छे दिन’ और ‘स्वस्थ भारत’ देखना चाहते हैं तो योजना को जोरदार तरीके से अमल में लाना होगा।’ मुख्यमंत्री ने इससे पहले मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ अभियान का स्वागत किया था और गुवाहाटी में साफ-सफाई अभियान में हिस्सा लिया था। इसके बाद मोदी ने भी गोगोई की तारीफ की थी।
ग्रामीण भारत को विकसित करने के मकसद से मोदी ने पिछले हफ्ते सांसर्द आदर्श ग्राम योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत उन्होंने देश के लगभग सभी 800 सांसदों से कहा कि वे 2019 तक तीन गांवों को विकसित करने की जिम्मेदारी संभालें। यदि सभी सांसद तीन-तीन गांव को गोद लेते हैं तो 2019 तक करीब 2,500 गांव विकसित हो जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें