हिमाचल प्रदेश की विस्तृत खबर (12 अक्टूबर) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 12 अक्टूबर 2014

हिमाचल प्रदेश की विस्तृत खबर (12 अक्टूबर)

किन्नौर का सेब मंडियों में पहुंचा

शिमला, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के सेब बाजार पहुंच चुके हैं और इसे दिल्ली, चण्डीगढ़ जैसे शहरों के साथ पंजाब और हरियाणा में अच्छी कीमत मिल रही है। यह बात यहां बागवानी विभाग के अधिकारियों ने कही। राज्य बागवानी निदेशक गुरदेव सिंह ने  कहा, ‘‘हमें जिले में 20 लाख पेटियों से अधिक उत्पादन होने की उम्मीद है।’’ एक पेटी में 22.5 किलोग्राम सेब होते हैं। नरकंडा सेब बाजार के एक व्यापारी जय चंद ने कहा, ‘‘किन्नौरी सेब की अच्छी किस्म की एक पेटी अभी दिल्ली में 2,200 रुपये से 2,400 रुपये तक बिक रही है, जो अन्य जिलों से आ रहे सेब के मुकाबलले 25-30 फीसदी अधिक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘किन्नौरी सेब की शुरुआती खेप में प्रत्येक पेटी पर 3,000 रुपये से अधिक मिले।’’ रॉयल डिलीशियस, रेड चीफ, सुपर चीफ, ओरेगन स्पर और स्कार्लेट स्पर जैसी अच्छी किस्में बाजार में आने शुरू हो चुकी हैं। आने वाले दिनों में हालांकि आपूर्ति बढ़ेगी। सेब के क्रेट की कीमत दिल्ली और चण्डीगढ़ के थोक बाजारों में 50-100 रुपये बढ़ जाती हैं। गुरदेव सिंह ने कहा कि किन्नौर में कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के सेब अभी तोड़े जा रहे हैं। चांगो और कल्पा जैसे अधिक ऊंचे क्षेत्रों में इस माह के आखिर तक सेब तोडऩा शुरू होगा। किन्नौर में 10 हजार फुट से अधिक ऊंचे क्षेत्रों में सेब के बागान हैं। ये बागान मुख्यत: सांग्ला, कल्पा, चांगो, निहार और पूह जिले में हैं। खुदरा कारोबारियों ने हिमाचल प्रदेश के अन्य हिस्सों के सेब को किन्नौरी सेब बताकर बेचना शुरू कर दिया है, लेकिन सच्चई यह है कि किन्नौरी सेब अक्टूबर में ही बाजार में पहुंचने शुरू होते हैं। जानकारों के मुताबिक किन्नौर में आम तौर पर करीब 20 से 22 लाख पेटियों का उत्पादन होता है, जो राज्य के कुल उत्पादन का 6-7 फीसदी है।

धूमल प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास न करें

शिमला, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )। कांग्रेस नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रेम कुमार धूमल के उस बयान की कड़ी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने सरकार पर प्रदेश को कर्ज तले दबाने की बात कही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि धूमल झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सत्ता में रहते धूमल के वित्तीय कुप्रबन्धन के चलते प्रदेश को जो आर्थिक नुकसान हुआ है, उसको पटरी में लाने के लिए वीरभद्र सरकार पूरे प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के विकास में धन की कोई कमी आड़े नहीं आ रही है और प्रदेश का संतुलित विकास हो रहा है।मार्किटिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुभाष मंगलेट, वन निगम के उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानिया, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने एक संयुक्त बयान में पूर्व मुख्यमंत्री धूमल पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि उन्हें प्रदेश में वीरभद्र सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से डर लग रहा है। इन नेताओं ने धूमल को प्रदेश के लोगों को गुमराह करने के प्रति चेताया है। उन्होंने कहा कि धूमल व भाजपा के कुशासन से प्रदेश के लोग भलीभांति परिचित है। अपने विगत कार्यकाल के दौरान धूमल प्रदेश व कर्मचारियों के कितने हितैषी रहे हैं, प्रदेश के लोग जानते हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि धूमल की महत्वकांक्षा केवल मुख्यमंत्री पद की रही है। प्रदेश में विधानसभा चुनावों के दौरान पहले मिशन रिपीट का नारा देकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया और फिर जब वे इसमें सफल न हुए तो लोकसभा चुनावों के दौरान केन्द्र में भाजपा सरकार बनने के बाद वीरभद्र सरकार को बर्खास्त करने तक की बाते करते रहे। प्रदेश के लोगों ने धूमल और भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सरकार एकजुट व मजबूती के साथ खड़ी है। इन नेताओं ने कहा है कि जो नेता विधानसभा में चर्चाओं से भागते हैं वह नेता कभी भी प्रदेश हितैषी नहीं हो सकते। मंगलेट तथा बावा हरदीप सिंह ने कहा कि  भाजपा की कथनी और करनी में दिन-रात का अंतर है, इसलिए धूमल को प्रदेश के लोगों से पूर्व में किए गए अपने कृत्यों और बेबुनियाद बयानों के लिए प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। इन नेताओं ने कहा कि धूमल के मुकरी लाल के सपने कभी पूरे नहीं होंगे।  

आधुनिक सुविधाओं से सामाजिक-आर्थिक उत्थान, 225 गांवों को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने की कवायद

शिमला, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2011 में आरम्भ की गई थी। योजना का उद्देश्य 200 या इससे अधिक जनसंख्या वाले ऐसे गांवों जिनमें 50 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के लोग शामिल हों, को चयनित करके इनका एकीकृत विकास सुनिश्चित बनाकर ‘आदर्श गांवों’ के रूप में विकसित करना है। गांव में सभी वर्गों के लोग आपसी ताल-मेल और समरसता के साथ जीवन यापन करें, इसके लिये मूलभूत आवश्कताओं को पूरा करने के लिये पर्याप्त भौतिक और संस्थागत अधोसंरचना का निर्माण करके गांव को उन्नतिशील और गतिबोधक बनाया जा रहा है।    प्रदेश में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना दो जिलों सिरमौर और सोलन में कार्यान्वित की जा रही है। इन जिलों में कुल 225 गांवों को आदर्श गांवों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन गांवों की आधारित संरचना के लिये सर्वेक्षण पहले ही वर्ष 2011 में किया जा चुका है। योजना के अन्तर्गत विकास के विभिन्न कार्यों के कार्यान्वयन के लिये सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है, साथ ही योजना के तहत दूसरे लाईन विभागों सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य, लोक निर्माण, वन एवं पर्यावरण, कृषि व बागवानी द्वारा विभागों से सम्बद्व योजनाओं के निष्पादन का कार्य इन गांवों में किया जा रहा है।  आदर्श गांव में सम्मानित जीवन के उद्देश्य को पूरा करने के लिये सभी आवश्यक सुविधाओं को मुहैया करवाने के साथ ऐसा वातावरण तैयार करना है जहां सभी वाशिंदे अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर सकें। इसके अलावा गरीबी की रेखा से नीचे रह रहे विशेषकर अनुसूचित जाति के परिवारों को भोजन और जीवन यापन की सुरक्षा प्रदान करना है जिससे महिलाओं और बच्चों में किसी प्रकार के कुपोषण की शिकायत न हो। प्रदेश में योजना के सफल कार्यान्वयन के लिये राज्य और जिला स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय सलाहकार समिति का गठन किया गया है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय संचालन एवं प्रबोधन समिति बनाई गई है जबकि उपायुक्त की अध्यक्ष्ता में  जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति का गठन किया गया है। ये समितियां समय-समय पर गांवों में किये जा रहे विकास कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रही हैं।   सिरमौर जिला के पांच विकास खण्डों में 125 गांवों का चयन किया गया हैं। इनमें राजगढ विकास खण्ड में 31 गांव, पच्छाद में 29, नाहन में 20, पांवटा में 20 तथा संगड़ाह में 25 गांव शािमल हैं। इसी तरह सोलन जिला के चार विकास खण्डों में एक सौ गांवों को आदर्श गांव के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इनमें कुनिहार में 24, धर्मपुर में 34, सोलन में 25 तथा कण्डाघाट में 17 गांव को योजना के तहत शामिल किया गया है। चयनित समस्त गांवों की आबादी 200 से अधिक और अनुसूचित जाति की आबादी 50 प्रतिशत से अधिक है। योजना के तहत चयनित सभी गांवों को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने के लिये प्रति गांव 20 लाख रूपये की औसत से धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि गांव में रहने वाले लोगों को पर्याप्त भौतिक और सामाजिक-आर्थिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं जिनमें मुख्यत: सम्पर्क सडक़ें, शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, पानी व बिजली की आपूर्ति, सिंचाई सुविधा, स्ट्रीट लाईटें, सभी को आवास, शारीरिक सुरक्षा यार्ड सहित वरिष्ठ नागरिकों और अक्षम व्यक्तियों के लिये सेवाएं शामिल हैं। योजना के अन्तर्गत सिरमौर जिला के 125 गांवों में 1249 विकास व निर्माण कार्यों के लिये कुल 2978 लाख रूपये की धनराशि जारी की गई है जिसमें से 1720 लाख रूपये खर्च करके 325 योजनाओं को पूरा किया किया गया है और 824 योजनाओं के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।  इसी तरह सोलन जिला के एक सौ गांवों के लिये 2200 लाख रूपये की धनराशि जारी करके सभी खण्ड विकास अधिकारियों को उपलब्ध करवाई गई है। जिला के चयनित गांवो के लिये कुल 1352 योजनाएं बनाई गई हैं जिनमें से 143 पूरी हो चुकी हैं जबकि 523 पर कार्य प्रगति पर है। जिला में अभी तक 820 लाख रूपये की राशि व्यय की गई है। इसी तजऱ् पर प्रदेश के सभी जिलों के 59 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ‘मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना’ को कार्यान्वित किया जा रहा है। इस योजना के अन्तर्गत हर वर्ष प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के दो गांवों का चयन करके उन्हें आदर्श गांवों के रूप में विकसित किया जा रहा हैै। इसके लिये प्रत्येक विस क्षेत्र के चयनित गांव के विकास के लिये 20 लाख रूपये की राशि प्रदान की जा रही है। योजना के आरम्भ से अभी तक 334 गांवों को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने के लिये 33.40 करोड़ रूपये की राशि जारी की गई है।

वीरभद्र ने हरियाणा में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में की चुनावी रैली

himachal news
शिमला, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज हरियाणा के बराड़ा, पंचकूला, हुडडा गांव, मौलाना तथा अम्बाला में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया तथा मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने के लिए अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश को अभूतपूर्व विकास का श्रेय लगातार दो कार्यकाल तक श्री भूपेन्द्र सिंह हुडडा के नेतृत्व में सत्तासीन रही कांग्रेस सरकार को जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हरियाणा को समान व संतुलित विकास सुनिश्चित बनाया है, जिसकी बदौलत आज हरियाणा विकास के मामले में देश का अग्रणी राज्य बन गया है।श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक मजबूत पार्टी है, जिसका एक गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अधिकांश पार्टियों में लोगों द्वारा नकारे गए नेता हैं, जिन्हें न तो हरियाणा के विकास से कोई सरोकार है न ही उनके पास विकास की कोई रूपरेखा है। श्री वीरभद्र सिंह ने लोगों से आह्वान किया कि वे कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं ताकि लगातार तीसरी बार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बन सके और हरियाणा के विकास को और गति मिल सके।इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री, मुख्य संसदीय सचिव श्री विनय कुमार, हिमाचल प्रदेश योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री जी.आर. मुसाफिर, हिमाचल प्रदेश वन निगम के उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश विपणन बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुभाष मंगलेट, विधायक श्री अजय महाजन तथा श्री कुलदीप कुमार भी उपस्थित थे।

राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने दी कैलाश सत्यार्थी को नोबेल पुरस्कार की बधाई

शिमला, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )। राज्यपाल श्रीमती उर्मिला सिंह तथा मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने बच्चों के अधिकारों को लेकर कार्यरत श्री कैलाश सत्यार्थी को बन्धुआ मजदूर बच्चों को शोषण से बचाने व उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों के लिए वर्ष 2014 के नोबेल शांति पुरस्कार से नवाजे जाने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई सन्देश में कहा कि श्री सत्यार्थी इस पुरस्कार के लिए सबसे उचित व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपना सारा जीवन बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए लगा दिया। उन्होंने कहा कि श्री सत्यार्थी महात्मा गांधी के सच्चे अनुयायी हैं और उनका गैर सरकारी संगठन ‘बचपन बचाव आन्दोलन’ इसके लिए प्रशंसा का पात्र है। उन्होंने कहा कि हम सभी को उनके गैर सरकारी संगठन को सहयोग एवं इस आंदोलन को और बढ़ावा देने के लिए आगे आना चाहिए ताकि बच्चों के अधिकारों का संरक्षण हो और उनका बेहतर जीवन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के और गैर सरकारी संगठनों को भी बेसहारा बच्चों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए ताकि श्री सत्यार्थी के इन प्रयासों को और बल मिल सके।

मण्डी मध्यस्थता योजना के अन्तर्गत 7956 मीट्रिक टन सेबों की खरीद

शिमला, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )।    बागवानी विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां कहा कि मण्डी मध्यस्थता योजना के अन्तर्गत 7 अक्तूबर, 2014 तक 7955.6 मीट्रिक टन सेबों की खरीद की गई है।उन्होंने कहा कि योजना के अन्तर्गत इस अवधि के दौरान हिमाचल प्रदेश विपणन निगम ने 4380.200 मीट्रिक टन सेब तथा हिमफैड ने 3575.418 मीट्रिक टन सेब की खरीद की है। उन्होंने कहा कि अभी तक 193 सेब एकत्रण केन्द्र खोले गए हैं, जिनमें एचपीएमसी द्वारा 105 केन्द्र तथा हिमफैड द्वारा 88 केन्द्र खोले गए हैं। प्रवक्ता ने कहा कि 6 अक्तूबर, 2014 तक 51,400 ट्रकों के माध्यम से 2,31,34,236 सेब के बक्सों में 4,62,684.720 मीट्रिक सेब प्रदेश से बाहर निर्यात किए गए हैं।

बड़ी जांच एजैंसी को सौंपी जा सकती है नवजीवन मनकोटिया की मृत्यु की जांच: सुधीर शर्मा

धर्मशाला, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )।  सिद्वबाड़ी निवासी नवजीवन मनकोटिया की संद्विग्ध मृत्यु पर से पर्दा हटाने का कार्य अब किसी बड़ी जांच एजैन्सी को सौंपा जा सकता है। इस बारे शहरी विकास, नगर नियोजन एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने जानकारी देते हुये बताया कि नवजीवन मनकोटिया की मृत्यु की जांच अब किसी बड़ी जांच एजैंसी को सौंपी जा सकती है। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस इस मामले के तह तक जाने के लिए 50 से भी अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है और पुलिस विभाग द्वारा घटना स्थल पर जा कर फोरेंसिक टीम के साथ आवश्यक सबूत जुटाये गये थे, घटना वाले दिन घटना स्थल पर पुलिस फोरेंसिक टीम द्वारा लिये गये नमूनों की दो रिपोर्ट आ चुकी हैं जबकि एक जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है। इस संद्विग्ध मृत्यु से पर्दा उठाने के लिये स्थानीय पुलिस द्वारा स्पैशल टीम गठित की गई है जिसकी अगुवाई डीएसपी रैंक का उच्च अधिकारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गम्भीरता को देखते हुये आईजी पुलिस और डॉ0 राहुल गुप्ता (फोरेंसिक) ने भी घटना स्थल का जायजा लिया है। स्थानीय पुलिस पूर्ण तत्परता से इस संद्विग्ध मृत्यु के दोषियों को दंड दिलवाने के लिये प्रयासरत है फिर भी स्थानीय जनता तथा मनकोटिया परिवार की अपेक्षाओं को देखते हुये अपराधियों को दंड दिलवाने के लिए आवश्यक हो गया है कि इसकी जांच के लिए इस केस को बडी जांच एजैंसी को सौंप दिया जाये। उन्होंने कहा कि इस केस में अगर किसी अधिकारी या कर्मचारी की कोताही सामने आती है तो उसके विरूद्व भी कारवाई की जायेगी।सुधीर शर्मा ने कहा कि नवजीवन मनकोटिया मृत्यु केस में संलिप्त किसी भी दोषी को बक्शा नहीं जायेगा चाहे उसकी जितनी भी बड़ी पहुंच हो। उन्होंने नवजीवन मनकोटिया के परिवार को भरोसा दिलाया कि वह शीघ्र ही मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश वीरभद्र सिंह से मिलकर इस केस की जांच किसी बड़ी एजैंसी को सौंपने का आग्रह करेंगे।

अनुराग की मेहनत से फिर सजेगा धर्मशाला में क्रिकेट का ताज : विशाल
  • -धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच अनुराग के लग्न व जज्बे का परिणाम

हमीरपुर, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )।  जब से अनुराग ठाकुर ने एचपीसीए की कमान संभाली, उस समय प्रदेश में क्रिकेट न के बराबर थी। परंतु उनकी क्रिकेट के प्रति लग्न और मेहनत से ही आज क्रिकेट के द्वारा खेल को नहीं बढ़ावा नहीं मिला  बल्कि प्रदेश को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लाकर खड़ा कर दिया। इसका श्रेय पूर्ण रूप से सांसद अनुराग ठाकुर को जाता है। भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी विशाल पठानिया ने कहा कि हिमाचल एक पहाड़ी राज्य है। मौसम की विपरीत परिस्थितियों में अनुराग ठाकुर की कड़ी मेहनत से धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडिय़म बनाकर तैयार करना और उसमें आईपीएल और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच करवाकर खेल और व्यापार को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाई है। इसमें से प्रदेश के खेल प्रेमियों और प्रदेश के साथ लगते राज्यों में भी क्रिकेट मैच देखने की चहल कदमी महसूस की जा सकती है। इस मैच से व्यापारिक वर्ग ाी काफी उत्साहित है। क्योंकि इससे बहुत से परिवारों की रोजी रोटी चलती है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने बिना भेदभाव किए प्रदेश में और भी राष्ट व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्टेडिय़मों का निर्माण हुआ है। साथ ही क्रिकेट अकादमियां भी प्रदेश भर में चलाकर क्रिकेट को प्रदेशस्तर पर बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पठानिया ने कहा कि अनुराग ने दिनरात एक करके क्रिकेट को बढ़ावा दिया जिस कारण आज प्रदेश से युवा क्रिकेट खिलाड़ी बुलंदियां छू रहे हैं। साथ ही महिला क्रिकेट को भी बढ़ावा दिया। इसका उदाहरण कुछ समय पहले शिमला जिला की महिला खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। 

योग शिविर में हमीरपुरियों ने सीखे तंदरूस्त रहने के तरीके
  • हमीरपुर में 5 दिवसीय योग शिविर संपन्न, शुभ प्रभात हैल्थ क्लब ने किया आयोजन

himachal-news
हमीरपुर, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )।  उठो जागो और सैर करो स्लोगन के साथ स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने वाले शुभ प्रभात हैल्थ क्लब हमीरपुर के वैनर तले सात दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रतिदिन पहुंचकर योगा के टिप्स लिए। जिससे वह तंदरूस्त रहने के लिए नियमित रूप से इसका अभ्यास कर सकें। शुभ प्रभात हैल्थ क्लब हमीरपुर का सात दिवसीय योग शिविर रविवार सुबह संपन्न हो गया, जिसमें  सीनियर सिटीजन काउंसिल के अध्यक्ष जीसी शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।  आर्य समाज संस्था ने भी शिविर में सहयोग किया। शुभ प्रभात क्लब के अध्यक्ष जेएन शर्मा व सचिव सुरेश बजाज ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा क्लब की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जीसी शर्मा ने कहा कि क्लब लोगों के स्वास्थ्य लाभ के लिए बेहतर कार्य कर रहा है। लोगों को सैर व योगा के लिए निरंतर जागरूक किया जा रहा है। स्वच्छता के प्रति भी क्लब पूरा योगदान देगा। योग प्रशिक्षक सुनील शर्मा, पुष्पा शर्मा व ज्ञान आर्य को भी स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया। योग शिविर के अंतिम दिन गुरदीप दुब्बे, हकीम प्रीतम चंद, शक्ति चंद, अभिषेक शर्मा, रोशनी देवी, छाया रानी, विद्या राही, पुष्पा शर्मा, अनुबाला, अनुशका, योगमाया, निति शर्मा, अशोक शर्मा, धर्मजीत वर्मा, पीएन शर्मा, सतपाल आर्य, शशी सोनी, महेंद्र शर्मा, मयंक शर्मा, बाबू राम, आरएल भारद्वाज, लेखराज ठाकुर, प्रताप सिंह, किशोर शर्मा, वृजमोहन, ओपी राही, ज्ञान आर्य, राजकुमार, जगन्नाथ, भगवान दास शास्त्री व विजय कुमार सहित अन्य ने भाग लिया। क्लब के अध्यक्ष जेएन शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में संस्था रक्तदान शिविर के साथ ही हिमाचल भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। 

सरकार खेल भावना को कायम रखने विश्वास रखती है

धर्मशाला, 12 अक्तूबर  (विजयेन्दर शर्मा )।  प्रदेश की कांग्रेस सरकार खेल भावना को कायम रखने विश्वास रखती है, चाहे वह क्रिकेट हो या कोई अन्य खेल , यह कहना है जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता पुनील मल्ली का। पुनील मल्ली ने कहा कि 17 अक्तूबर को होने वाले भारत व वैस्टइंडीज मैच में प्रदेश सरकार द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोई फीस न लेना, उन लोगों के लिए करारा जबाव है जो प्रदेश सरकार के विरूद्ध हमेशा खेल भावना को आहत करने का आरोप लगाते रहे हैं। मल्ली ने कहा कि जहां तक एच.पी.सी.ए. एवं दि पैवेलियन मामले की बात है तो मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायालय से जो भी फैसला आएगा वह सबको मान्य होगा। उन्होंने कहा कि एच.पी.सी.ए. पूर्व में भी कांग्रेस पार्टी के उपर खेल के उपर राजनीति करने का आरोप लगाती रही है। प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लेकर सभी को यह बता दिया है कि कांग्रेस पार्टी खेल के प्रति राजनीति कभी नहीं करना चाहता अपितु खेलों को बढ़ावा देना चाहती है। मल्ली ने कहा कि खेल के नाम पर जिन लोगों ने प्रदेश को लूटा है, उसको कांग्रेस पार्टी बिल्कुल बरदास्त नहीं करेगी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता संजय चौहान का कहना है कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के युवाओं को खेलों में अधिक से अधिक मौके देने में प्रयासरत है और खेलों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। पुनील मल्ली ने बताया कि जहां तक क्रिकेट के व्यवसायिक आयोजनों जैसे आई.पी.एल. में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कर बसूली की बात है तो यह हर सरकार को बसूलने का हक है क्योंकि ऐसे आयोजन व्यवसायिक हैं, लेकिन एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच देश के गौरव की बात होते हैं और इसमें सुरक्षा व्यवस्था की जि मेवारी लेना हर सरकार का दायित्व है जिसे प्रदेश सरकार पूर्णतया निभाया है

कोई टिप्पणी नहीं: