विश्व बैंक के 'डाटा' खंड में 'इंडिकेटर' पृष्ठ पर 'अर्थव्यवस्था और विकास' मुख्य शीर्षक के तहत 'कुल भंडार (स्वर्ण भंडार और डॉलर सहित)' उप शीर्षक लिंक से जुड़े पृष्ठ पर उपलब्ध ताजातरीन 2013 के आंकड़े के मुताबिक चीन के पास दुनिया में सबसे बड़ा 3,880 अरब डॉलर से अधिक का विदेशी पूंजी भंडार है. विश्व बैंक के मुताबिक इस भंडार में संबंधित देशों का स्वर्ण भंडार भी शामिल है. इसके अलावा इसमें विशेष निकासी अधिकार (एसडीआर), अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में संबंधित देश का सुरक्षित भंडार और विदेशी मुद्रा भंडार को शामिल किया गया है.
स्वर्ण भंडार की गणना 31 दिसंबर 2013 को लंदन में सोने की कीमत के आधार पर की गई है और पूरा आंकड़ा डॉलर में है. यह सूची हालांकि सर्वाधिक से न्यूनतम भंडार के आधार पर सजाई गई नहीं है, बल्कि देशों के नाम के वर्णक्रम पर आधारित है.
विभिन्न देशों के आंकड़ों की तुलना करने पर चीन का भंडार सबसे अधिक देखा गया. सूची के मुताबिक आलोच्य अवधि में भारत के पास 298 अरब डॉलर का विदेशी पूंजी भंडार है और यह आठवें स्थान पर है. चीन के अलावा भारत से अधिक भंडार रखने वालों में हैं जापान, सऊदी अरब, स्विट्जरलैंड, रूस, ब्राजील और कोरिया गणराज्य. भारत से कम भंडार वाले शीर्ष 10 देशों में शामिल हैं सिंगापुर और जर्मनी.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें