कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केन्द्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार लोकसभा चुनावों के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही हैं। गांधी ने रोहतक के महम में एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए हरियाणा की जनता से दिल नहीं, दिमाग का इस्तेमाल करके कांग्रेस को वोट देने की अपील की और कहा कि जो लोग झूठे वादे करते हैं, उनसे सावधान रहना होगा और उन्हें सबक सिखाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर सीधा हमला करते हुए कहा कि जो व्यक्ति सिर्फ झूठे सपने दिखाता है, वादे पूरे नहीं करता है, दूसरों के काम को अपना बताकर प्रचारित करता है और चिल्लाकर लोगों का विश्वास अर्जित करने की कोशिश करता है, वह किसी का भला नहीं कर सकता।
उन्होंने केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार पर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के कार्यकाल की योजनाओं को अपना बताकर प्रचारित करने का आरोप लगाया और कहा कि केन्द्र सरकार इन योजनाओं का ऎसा प्रचार प्रसार कर रही है, जैसे उसके सत्ता में आने के बाद ही विकास कार्य हुए है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण का कार्य समर्पण, लम्बी तपस्या और त्याग की भावना से होता है। गांधी ने कहा कि जो लोग पहले हमारी योजनाओं का मजाक उड़ाते रहे हैं सत्ता में आने के बाद उन्हीं योजनाओं के नाम बदल आगे बढ़ा रहे हैं। हमारे काम को अपना बताकर पेश कर रहे हैं। हम कभी दूसरों के काम को अपना बताकर पेश नहीं करते। वह सब जात पांत और सिर्फ कुर्सी के लिए काम करने वाले लोग हैं। वह चिल्लाकर सपने दिखाने का काम करते हैं। चिल्लाने वाले लोग अच्छे नहीं हो सकते हैं। सत्ता के लिए हाथ मिलाने वाले लोगों से बचने की जरूरत है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने काला धन वापस लाने के सवाल पर भी मोदी पर तीखा हमला किया और उनका नाम लिए बिना कहा कि आम चुनाव में काला धन सत्ता में आने के सौ दिन के भीतर वापस लाकर माहौल अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई थी। लोगों को सपना दिखाया गया और वादा किया गया कि सौ दिन में विदेशों से काला धन वापस ला देंगे। उस वादे का क्या हुआ। इस बारे मे जनता जानना चाहती है कि सरकार ने इस दिशा में क्या कदम उठाए हैं। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के शासनकाल की तारीफ की और कहा कि दस साल पहले इस राज्य में जिसकी लाठी उसकी भैंस वाली स्थिति थी लेकिन आज यह प्रदेश तरक्की पर है। किसान, गरीब, दलित और बीपीएल परिवारों के लिए सरकार ने कई योजनाएं बनाई हैं। हरियाणा सरकार ने खासकर किसानों के लिए जो योजनाएं बनाई हैं वह दूसरे राज्यों के लिए आदर्श योजना बन रही है और अन्य राज्य भी इस माडल को अपना कर हरियाणा की तरह प्रगति की राह पर चल पड़े हैं।
गांधी ने कहा कि इन दस सालों में हरियाणा ने प्रगति का रिकार्ड बनाया है और इस दृष्टि से यह चुनाव महत्वपूर्ण है। कांग्रेस सरकार ने विकास की ठोस योजना तैयार की है और उन्हें लागू करने के लिए हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार को फिर पांच साल का और समय देना आवश्यक है। विकास की रफ्तार को सिर्फ कांग्रेस सरकार ही जारी रख सकती है। मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि जो लोग गरीब को सपना दिखाकर और महंगाई को रोकने के नाम पर सत्ता में आए वे इस बारे में किए गए अपने वादे भूल गए है और हाल में कुछ राज्यों में हुए उपचुनाव में जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया है और अब यही सबक हरियाणा की जनता भी उन्हें सिखाएगी। प्रदेश कांग्रेस अघयक्ष अशोक त ंवर ने कहा कि भाजपा और इंडियन नेशनल लोकदल ने जनता को सिर्फ गुमराह किया है और वह अब विधानसभा चुनाव में भी इसी तर्ज पर वोट मांग रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें