बॉलीवुड अभिनेता सदाशिव अमरापुरकर का निधन हो गया है. फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित सदाशिव का कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में इलाज चल रहा था. वे 64 वर्ष के थे. परिवारिक सूत्रों के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार पैतृक जिले अहमदनगर में मंगलवार को किया जाएगा.
'अर्धसत्य' और 'सड़क' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाने सदाशिव अमरापुरकर ने दो बार फिल्मफेयर का खिताब हासिल किया. साल 1984 में फिल्म 'अर्धसत्य' के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का खिताब मिला, जबकि फिल्म 'सड़क' में शानदार अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट विलेन के खिताब से नवाजा गया. इसके अलावा उन्होंने 'आंखें', 'इश्क', 'कुली नंबर-1', और 'गुप्त' जैसी फिल्मों में काम किया.
बॉलीवुड में अपने करियर का बेस्ट देने के बाद सदाशिव अमरापुरकर ने अपना ध्यान मराठी फिल्मों पर केंद्रित कर लिया. बॉलीवुड में उनकी आखिरी फिल्म 2012 में आई 'बॉम्बे टॉकीज' थी. पिछले कुछ सालों में अमरापुरकर फिल्मों के चयन को लेकर काफी सेलेक्टिव हो गए थे और सामाजिक कार्यों में शिरकत करने लगे थे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें