मनमोहन को सोनिया सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने जापान सरकार द्वारा पुरस्कार के लिए बधाई दी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 4 नवंबर 2014

मनमोहन को सोनिया सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने जापान सरकार द्वारा पुरस्कार के लिए बधाई दी

 सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘जापान सरकार द्वारा एक राजनेता का असाधारण और उचित सम्मान, डा. सिंह को इस पुरस्कार के लिए चुना जाना हमें और वास्तव में पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित करता है .’’ सोनिया ने कहा कि यह पुरस्कार जापान और भारत के बीच संबंधों को बढाने और मित्रता को प्रगाढ बनाने की दिशा में सिंह के उल्लेखनीय और महत्वपूर्ण योगदान को सही तरीके से मान्यता देता है . पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारत.जापान संबंधों को विकसित करने और मित्रता को प्रगाढ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए ‘द ग्रैंड कार्डन आफ द आर्डर आफ द पाउलोनिया फ्लावर’ प्रदान किया जायेगा . मनमोहन सिंह जापान के इस उच्चस्तरीय सम्मान को प्राप्त करने वाले पहले भारतीय बनेंगे. सिंह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे और संप्रग सरकार का नेतृत्व किया .

पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान भारत और जापान के रिश्तों को मजबूत करने और उन्हें प्रगाढ बनाने में सिंह के अहम योगदान को मान्यता प्रदान करता है. कांग्रेस महासचिव और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख अजय माकन ने पूर्व प्रधानमंत्री को जापान के शीर्ष राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुने जाने पर बधाई दी और इसी बहाने परोक्ष रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दुनिया कार्य को महत्व देती है न कि महज लफ्फाजी को . माकन ने ट्विटर पर टिप्पणी की, ‘‘डा. मनमोहन सिंह पहले भारतीय हैं जिन्होंने पाया जापान का शीर्ष सम्मान . बधाई . विश्व काम को महत्व देता है महज़ लफ्फाजी को नहीं .’’ उन्होंने मीडिया पर पार्टी के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री को मिले इस असाधारण सम्मान की अनदेखी किये जाने का आरोप लगाया .

उन्होंने एक अन्य टिप्पणी में कहा, ‘‘डा सिंह जापान में शीर्ष नागरिक सम्मान प्राप्त कर रहे हैं . राष्ट्रीय मीडिया ने इसकी अनदेखी की . राष्ट्र यह जानना चाहता है कि क्या मीडिया राष्ट्रभक्त है या सिर्फ भाजपा भक्त है .’’ असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने ट्वीट कर सिंह को जापान के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द कोर्डन ऑफ पाउलोनिया फ्लावर्स’ से सम्मानित किए जाने पर तहेदिल से मुबारकबाद दी.

उन्होंने कहा, ‘‘आप की उपलब्धि ने हम सभी को बहुत गौरवान्वित किया है क्योंकि इससे पहले किसी भी भारतीय को इस तरह का सम्मान नहीं दिया गया.’’ मनमोहन सिंह असम से राज्यसभा सदस्य हैं . वह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर इन दिनों तीन दिन के जापान दौरे पर हैं जहां जापानी सम्राट अकिहितो उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगे .

कोई टिप्पणी नहीं: