हिमाचल की विस्तृत खबर (21 नवम्बर) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 21 नवंबर 2014

हिमाचल की विस्तृत खबर (21 नवम्बर)

मुख्यमंत्री करेंगे उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित, दस हजार लोगों को दिया कार्यक्रम में निमंत्रण
हमीरपुर  , 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  सुजानपुर में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के 23 नवंबर के प्रस्तावित प्रवास की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सर्वकल्याणकारी संस्था के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली 19 विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं सर्वकल्याणकारी संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से दस हजार के करीब लोगों को आमंत्रित किया गया है इसमें विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों को बुलाया गया है ताकि समाज सेवा के प्रकल्प को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने बताया कि गत वर्ष भी सर्वकल्याणकारी संस्था के वार्षिक उत्सव में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर संस्था के कार्यों को खूब सराहा गया है।  आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने बताया कि समारोह की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सर्वकल्याणकारी संस्था गत चौदह वर्षों से जन सेवा के कार्यों में जुटी हुई है इस दौरान जरूरतमंदों की मदद के साथ साथ महिलाओं, युवाओं तथा गरीब परिवार से संबंध रखने वाले मेधावी बच्चों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए उनकी आर्थिक सहायता कर रही है। संस्था सुजानपुर क्षेत्र के सभी सेवारत सैनिकों के परिजनों, भूतपूर्व सैनिकों, पंचायती राज संस्थाओं के चुने हुए प्रतिनिधियों, महिला मंडलों व युवक मंडलों के साथ साथ सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित कर चुकी है।   संस्था सुजानपुर द्वारा समय समय पर सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी महिला मंडलों को पांच बार से ज्यादा सम्मानित कर चुकी है। 

सुजानपुर उपमंडल में वाहनों के पंजीकरण की प्रक्रिया होगी आरंभ   
  • सुजानपुर उपमंडल को अलाट हुआ एचपी-84 नंबर
  • सडक़ निर्माण को एक करोड़ 52 लाख स्वीकृत : राणा

सुजानपुर, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सुजानपुर में विकास कार्यों को नई गति मिली है, लोगों की उपमंडल का दर्जा देने की दशकों पुरानी मांगों को भी पूरा किया गया है तथा अब सुजानपुर में वाहनों के पंजीकरण के लिए भी एचपी-84 नंबर अलाट हो गया है। इससे वाहन मालिकों को अब वाहनों के पंजीकरण के लिए हमीरपुर या अन्य जगहों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राणा ने कहा कि डलवाणा, चम्योला, कुठेड़ा तथा चलोखर में लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत कहा कि  पनोह, जोल लंबरी तथा रंघड़ में सडक़ों के निर्माण के लिए एक करोड़ 52 लाख की राशि स्वीकृत हो गई है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य भी आंरभ हो जाएगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पनोह में भ्याल सडक़ के लिए 23 लाख 67 हजार, रंघड़ में सडक़ निर्माण के लिए 84 लाख 14 हजार की राशि स्वीकृत की गई है जबकि अस्थोटा से लंबरी के लिए सडक़ निर्माण पर 45 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों के लिए सडक़ निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जा रही है इन क्षेत्रों में पिछले लंबे समय से सडक़ निर्माण की लोगों द्वारा मांग उठाई जा रही है तथा उनकी मांग को पूरा किया गया है इन सडक़ों के निर्माण से करीब एक हजार से भी ज्यादा लोगा लाभाविंत होंगे। राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा तथा इस के लिए चरणबद्व तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर के सौंदर्यीकरण के लिए भी प्लान तैयार किया गया है जबकि दुर्गम क्षेत्र चौरी तथा उटपुर में लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। राणा ने कहा कि सभी पंचायतों का कार्य बिना किसी भेदभाव के करवाया जा रहा है, लोगों की समस्याओं का त्वरित निदान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उधर एसडीएम बलवान चंद ने कहा कि सुजानपुर उपमंडल में वाहनों के पंजीकरण की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर आरंभ कर दी जाएगी इस बाबत सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं तथा सुजानपुर उपमंडल के वाहन मालिक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

महिला वर्ग में धर्मशाला और पुरूष वर्ग में हमीरपुर कॉलेज विजेता

himachal news
हमीरपुर  , 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय में राज्य स्तरीय महिला और पुरूष वर्ग की तीन दिवसीय इन्टर कॉलेज एथलेटिक्स खेलें सम्पन्न हुईं।  विजेताओं को मुख्यातिथि राज्य आपदा प्रबन्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेन्द्र राणा  ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।  तीन दिवसीय खेलों के परिणाम इस प्रकार रहे :- पुरूष वर्ग की 10,000 मीटर दौड़ में मण्डी के रमेश कुमार प्रथम, हमीरपुर के राम किशोर द्वितीय और बिलासपुर के विजय कुमार तृतीय जबकि महिल वर्ग में जोगिन्द्र नगर की कांता प्रथम , हमीरपुर के नेहा द्वितीय और जोगिन्द्र नगर की अंजली देवी तृतीय रही। पुरूष वर्ग के ट्रिप्पल जम्प में  भटोली चंदन प्रथम, पालमपुर हरीश द्वितीय, चम्बा के धीरज कुमार तृतीय रहे जबकि महिला वर्ग हाई जम्प में बंगाणा की बबीता प्रथम, नादौन अंकिता द्वितीय तथा बिलासपुर की पुनम तीसरे स्थान पर रही ।  पुरूष वर्ग में 4 गुणा 100 रिले दौड़ में हमीरपुर के अरूण, संदीप , विकास , रोहित प्रथम और धर्मशाला के निहाल, अजय अंशुल, कुशल द्वितीय तथा जोगिन्द्र नगर के अभिनाश, भाग सिंह, यंशवंत , निशांत  तृतीय स्थाने पर रहे  जबकि महिला वर्ग में धर्मशाला की कामिनी, रीचा, अनु, आरती प्रथम हमीरपुर की अर्चना, संतोष , पुनम, पूजा द्वितीय और जोगिन्द्र नगर की शालू, मिनाक्षी, मीना और कांता तृतीय स्थान पर रहीं।  पुरूष वर्ग की 1500 मीटर की दौड़ में मण्डी के संजय प्रथम, हमीरपुर के राम किशोर और सुन्दर नगर के ओम प्रकाश तीसरे स्थान पर रहे। पुरूष वर्ग की डिस्कस थ्रो में नालागढ़ के अभिषेक प्रथम , चम्बा के यासीन द्वितीय और पी0जी0 शिमला के ऋषी तीसरे स्थान पर रहे । पुरूष वर्ग की 400 मीटर दौड़ में हमीरपुर के संदीप, कुल्लू के रूप सिंह और बैजनाथ के विप्पुल राणा तीसरे स्थान पर रहे जबकि महिला वर्ग में धर्मशाला की रीचा प्रथम, मण्डी की अनीता ठाकुर द्वितीय और कुल्लू की रोशनी देवी तीसरे स्थान पर रहीं।  पुरूष  वर्ग की 4 गुणा 400 मीटर दौड़ में हमीरपुर के संजय,सतीश प्रथम तथा कुल्लू के राहुल, रूप सिंह, केहर सिंह  और प्रदीप द्वितीय और धर्मशाला के निहाल, अंशुल , अभिनव और कुशल तृतीय स्थान पर रहे। हमीरपुर के रोहित चौहान पुरूष वर्ग में तथा महिला वर्ग में  धर्मशाला की रीचा शर्मा  वेस्ट एथलीट घोषित किए गये ।  पुरूष वर्ग में हमीरपुर के रोहित चौहान  तथा महिला वर्ग में रीचा शर्मा फास्टेस्ट घोषित किये गये । महिला वर्ग में धर्मशाला कॉलेज की टीम चैम्पियन और जोगिन्दर नगर कॉलेज की टीम उप-विजेता रही जबकि पुरूष वर्ग में हमीरपुर कॉलेज की टीम चैम्पियन  और पालमपुर कॉलेज की टीम उप विजेता रहे ।

16 दिसम्बर को आयोजित होगा विजय दिवस समारोह

धर्मशाला, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  20 से भी अधिक स्कूलों के प्रतिभागी विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतियोगिताओं में लेंगे भाग। यह जानकारी देते हुए कर्नल जय गणेश सिंह ने बताया कि 13 दिसम्बर, 2014 को प्रात: 11 बजे शहीद स्मारक धर्मशाला में स्कूली बच्चों की भाषण एवं नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी जिसमें दसवीं, जमा एक और जमा दो के 20 से भी अधिक स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 16 दिसम्बर, 2014 को आयोजित किए जाने वाले विजय दिवस के उपलक्ष पर स्कूली बच्चों की ‘‘स्वच्छ भारत’’ विषय पर भाषण व नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि 13 दिसम्बर, 2014 को शहीद स्मारक स्थित ओपन एयर थियेटर के समीप आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भाषण के लिए समयावधि 3 मिनट रहेगी जबकि नारा लेखन प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को समस्त सामग्री स्वयं लानी होगी। श्री जय गणेश ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को 16 दिसम्बर, 2014 को विजय दिवस समारोह में पुरस्कृत किया। उन्होंने आग्रह किया कि विजय दिवस समारोह में प्रतिभागियों के अभिभावक और संबंधित स्कूलों के अध्यापक व स्थानीय बुद्धिजीवी लोग भाग लें। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले शिक्षण संस्थान मोबाईल नम्बर 94180-25140 अथवा कार्यालय दूरभाष नम्बर 01892-225141 पर सम्पर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

केवल सिंह पठानिया ने सुनीं समस्याएं

himachal news
धर्मशाला, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  उपाध्यक्ष, वन निगम, केवल सिंह पठानिया ने आज करेरी पंचायत के घेरा गांव में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि चड़ी से घेरा रोड़ का मैटलिंग का कार्य जनवरी, 2015 तक पूरा कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो किलोमीटर घेरा-करेरी रोड़ को शीघ्र पूरा किया जाएगा। श्री पठानिया ने बताया कि ग्राम पंचायत भितलू के लिए 55 लाख तथा ग्राम पंचायत भतल्ला के लिए 8 लाख रुपए मिड हिमालयन के माध्यम से विभिन्न कार्यों पर व्यय किए गए। उन्होंने बताया कि वन विभाग के विश्राम गृह रिडक़मार व करेरी में मुरम्मत पर 30 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। इसके अतिरिक्त स्तोवरी में 20 लाख रुपए से बन रहा विश्राम गृह शीघ्र लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने करेरी में एसओएस केंद्र तथा घेरा में बैंक खोलने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि टीडी पॉलिसी को बहाल करने के उपरांत लोगों को इससे फायदा मिला है। उन्होंने लोगों की मांग पर एचआरटीसी की बस को नियमित करने के दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए 5100 रुपए नकद दिए। इस मौके पर देवदत्त शर्मा, निदेशक, सामान्य उद्योग, अश्वनी, मनीश पटियाला, इकबाल मिंटा, मधु, लालमन, शशीकांत, निर्मला देवी, सरिता सेणी, भीमसेन, दुनी चंद के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

धर्म पाल गर्ग को हि0प्र0 कांग्रेस अनुसूचित विभाग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया 

शिमला, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने तुरन्त प्रभाग से धर्म पाल गर्ग को हि0प्र0 कांग्रेस अनुसूचित विभाग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।  प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने कहा कि धर्म पाल गर्ग काफी लम्बे समय से कांग्रेस पार्टी के साथ जूडे हैं और पार्टी के विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी की सेवा कर रहें है। 

राजेन्द्र मोहन को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का संयोजक नियुक्त किया 

शिमला, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने तत्काल प्रभाव से राजेन्द्र मोहन को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का संयोजक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति तुरन्त प्रभाव से लागू मानी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने कहा कि राजेन्द्र मोहन जिला मण्डी कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष रह चूकें है और जानेमाने समाजसेवी है  

मेमोरेन्डम ऑन लाई फाईल कर सकेंगे उद्यमी

शिमला, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  उद्योग विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि, जो उद्यमी भविष्य में हिमाचल प्रदेश में निर्माण अथवा सेवा उद्यम स्थापित करना चाहते हैं, वे अपना पंजीकरण उद्योग विभाग में करवा सकते हैं। ये उद्यमी केन्द्र और राज्य सरकारों द्वारा दिए जा रहे विभिन्न प्रोत्साहनों और स्वीकृतियों का लाभ प्राप्त करने के लिए उद्यम मेमोरेन्डम भाग-एक को ऑनलाईन फाईल कर सकते है। उन्होंने कहा कि जिन उद्यमियों ने पहले ही प्रदेश में अपने उद्योग स्थापित किए हैं, वे भी विभिन्न लाभ प्राप्त करने के लिए उद्यम मेमोरेन्डम भाग-दो को ऑनलाईन फाईल कर सकते हैं। प्रवक्ता ने कहा कि दस्ती फार्म भरने की जटिल प्रक्रिया से निजात पाने के लिए सरकार ने पहली दिसम्बर, 2014 से उद्यमियों को ईएम-एक तथा दो फार्म को घर से ही ऑनलाईन भरने की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मंत्रालय और एमएसएमई की वैबसाईट पर लॉग ऑन करना होगा। उन्होंने बताया कि पहली दिसम्बर के बाद ईएम-एक तथा दो फार्म केवल ऑनलाईन ही स्वीकार किए जाएंगे। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए सम्बन्धित जिला उद्योग केन्द्रों अथवा शिमला के बेमलोई स्थित उद्योग निदेशालय में सम्पर्क किया जा सकता है। 

मुख्यमंत्री ने डोडरा क्वार में आगजनी की घटना पर दु:ख व्यक्त किया

शिमला, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने शिमला जिला के दूरदराज क्षेत्र डोडरा क्वार उप-मंडल की ग्राम पंचायत जाखा के धारा गांव में आगजनी से हुए नुकसान पर दु:ख प्रकट किया है। राज्य मुख्यालय में प्राप्त सूचना के अनुसार, आगजनी की यह घटना आज सायं हुई, जिसकी सूचना मिलते ही एसडीएम डोडरा-क्वार दल सहित मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्यों को सुनिश्चित बनाया।मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को राहत मैनुअल के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को नुक्सान की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रभावित व्यक्तियों को उचित सहायता राशि उपलब्ध करवाई जा सके।

10 निशुल्क मेडिकल चैकअप शिविरों का आयोजन किया

कुल्लू,21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  जिला रैडक्रास सोसाइटी कुल्लू ने पिछले 4 माह में जिला के विभिन्न पंचायतों में वरिष्ठ नागरिक एवं महिलाओं के लिए 10 निशुल्क मेडिकल चैकअप शिविरों का आयोजन किया, जिसमें लगभग 1134 लोगों का मेडिकल चैकअप किया गया, जिस पर सोसाइटी द्वारा लोगों के ईलाज पर एक लाख 29 हजार रूपये खर्च किये गये। आज यहां रैडक्रास की गतिविधियों की बैठक अध्यक्षता करते हुए एडीएम कुल्लू विनय सिंह ने दी। इन शिविरों के दौरान 432 लोगों का क्लीनिकल टैस्ट किए गए, जिसमें से 147 लोग हृदरू रोग तथा 93 लोग मधुमेय रोग से ग्रसित पाए गए। निशुल्क मेडिकल चैकअप के दौरान 552 बुजुर्गों के आई चैकअप किए गए, जिसमें 90 लोग मोतिया बिन्द ऑप्रेशन के लिए रैफर किये। साथ में 20 लोगों की नजर कमजोर पाई गई और इन लोगों को नजरी ऐनके वितरित की गई। इसके अतिरिक्त 134 लोगों को डेंचर लगाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रैफर किया गया।  रैडक्रॉस सोसाइटी द्वारा कुल्लू, बन्जार तथा मनाली में तीन अपंग लोगों के लिए शिविर का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से 36 लोगों को अपंगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ में 564 लोगों को व्हील चेयर, छड़ी बैसाखी, हियरिंग मशीन तथा अन्य उपकरण उपलब्ध करवाए गए। बाहू और पलचान में सोसाइटी द्वारा महिलाओं के लिए विशेष मेडिकल चैकअप कैंप आयोजित करके 161 महिलाओं का महिला विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा चैकअप किया गया, जिसमें अधिकांश महिलाएं अनीमिया रोग से ग्रसित पाए गए हैं। इन सभी महिलाओं को निशुल्क फॉलिक ऐसिड की गोलियां तथा अन्य दवाईयां उपलब्ध करवाई गई। बैठक में सोसाइटी के सचिव बीके मोदगिल तथा अन्य सदस्यों ने भाग लिया। 

जिले में खुलेंगी उचित मूल्य की नौ नई दुकानें

कुल्लू,21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  जिला कुल्लू में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत 428 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से अक्तूबर माह तक 19 करोड़ 24 लाख रूपये के खाद्यान एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उपभोक्ताओं को वितरित की गई हैं। यह जानकारी आज अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर ने जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि जिला के दूरदराज क्षेत्रों में आसानी से खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला में उचित मूल्य की नौ नई दुकानें खोली जाएंगी और दो अन्य दुकानें आरंभ करने के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला में कुल 109384 राशन कार्ड धारकों में से 62,741 एपीएल, 17,563 बीपीएल, 7719 अंत्योदय अन्न योजना और 21,361 राशन कार्ड धारक एनएफएसए के अंतर्गत हैं। एडीएम ने बताया कि नए आधारयुक्त राशन कार्ड जारी करने के लिए सभी पंचायतों व नगर निकायों को आवेदन पत्र जारी किए गए थे। सभी स्थानीय निकायों के सत्यापन के बाद 101280 राशन कार्ड जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय में प्राप्त हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला में छह गैस एजेंसियों के माध्यम से 97,882 उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस से संबंधित किसी भी तरह की समस्या के बारे में सीधे जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। एडीएम ने जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि वह सभी दुकानदारों विशेषकर मीट व सब्जी विक्रेताओं का निरंतर निरीक्षण करके यह सुनिश्चित करें कि जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित रेट पर ही खाद्य वस्तुओं की बिक्री हो। बैठक में अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक जीत राम शर्मा ने बताया कि जिला में अभी तक 239 औचक निरीक्षण किए गए हैं। इनमें से 41 मामलों में चालान करके जुर्माने के तौर पर 54 हजार रूपये का राजस्व अर्जित किया गया। उन्होंने बताया कि ढाबों व टी स्टॉलों में छापे मारकर घरेलू कनैक्शन के 98 सिलेंडर जब्त किए गए और 1.82 लाख रूपये जुर्माना किया गया है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत दूरदराज क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को सही समय पर राशन उपलब्ध करवाने वाले नियमों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। 

जरी स्कूल के शताब्दी समारोह के मुख्य अतिथि होंगे उद्योग मंत्री

कुल्लू,21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जरी का शताब्दी समारोह एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह 22 नवंबर को मनाया जाएगा। इस समारोह में उद्योग, सूचना एवं जनसंपर्क, श्रम एवं रोजगार मंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। वह स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी करेंगे। स्कूल प्रशासन ने समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं 

शमशी आएंगे एसएसबी के महानिदेशक

कुल्लू,21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक बी.डी. शर्मा (आई.पी.एस.) शमशी स्थित एसएसबी के प्रशिक्षण केंद्र का दौरा करेंगे। वह रविवार को शमशी में चौदहवीं मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी (संचार) के दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र शमशी के सेनानायक संजीव यादव ने बताया कि दीक्षांत समारोह में महानिदेशक भव्य परेड की सलामी लेंगे। यादव ने बताया कि दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 

ज्वालामुखी की कालीधार में चंदन की महक 

ज्वालामुखी, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  कांगडा जिला के ज्वालामुखी की कालीधार में मैसूर के बाद  उत्तरी भारत में यहां ही चन्दन होता  है। जिसकी पहचान दस साल पहले हुई थी। हालांकि यह उस किस्म का नहीं है। लेकिन इसकी मांग दिल् ली में धूप अगरबत्ती के बाजार में है। वहीं उत्तर प्रदेश के कन्नौज में भी इसकी मांग है। यही वजह है कि इन दिनों इस जंगल में तस्करी हो रही है। बड़ी तादाद में पेड़ कट चुके हैं। अब तक तस्करी के आरोप में तीन दर्जन लोग पकड़े जा चुके हैं। इनमें ज्यादातर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर व कन्नैाज के हैं। किसी जमाने में ज्वालामुखी में घने जंगल होते थे। जंगलों में पांबदी के बावजूद अवैध कटान बिना रोक टोक जारी है । वनविभाग भी अवैध कटान पर लगाम में कामयाब नहीं हो पा रहा है । आसपास के क्षेत्र के लोग प्रतिदिन पेड़ काटकर लकडिय़ों के गठे इक_ïे करके लाते हैं । इसके चलते पहाड़ खाली होते जा रहे हैं तथा इसी के चलते पिछले साल भारी बरसात के कारण हुये भूस्खलन ने स्थानीय लोगों का काफी नुक्सान किया था । इलाके में लोग आज भी चुल्हे का प्रयोग करते हैं तथा लकडिय़ों के लिये जंगल में जाते हैं । इसके चलते जंगल कम होते जा रहे हैं । जंगली जानवर भी शहरों की ओर आने लगे हैं । लोगों के दबाव के चलते जंगलों में अवैध कटान को बढ़ावा मिला है । उधर रैज फोरेस्ट आफिसर  दिनेश शर्मा ने माना कि इलाका बड़ा होने के कारण अवैध कटान पर पूरी तरह रोक लगा पाना आसान नहीं है । लेकिन विभाग समय समय पर इस मामले में कदम उठाता रहा है ।     

ज्वालामुखी में  शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं

ज्वालामुखी, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  ज्वालामुखी में लाखों की संख्या में यात्रियों का साल भर आना-जाना लगा रहता है। इसके अलावा यहां स्थानीय लोगों व समीपवर्ती गांवों के लोगों का भी बाजार में खरीदारी के लिए आना-जाना लगा रहता है, परंतु बावजूद इसके यात्रियों व स्थानीय लोगों के लिए यहां शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे उन्हें भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।  ज्वालामुखी शहर में आधा दर्जन शौचालयों को गिराया जा चुका है, परंतु उसके स्थान पर नए शौचालय नहीं बनाए जा सके, जिस वजह से यहां लोगों को समस्या पेश आने लगी है। मुख्य मंदिर मार्ग ज्वालामुखी में केवल मात्र एक शौचालय बचा है, वहां भी सफाई व्यवस्था का बुरा हाल रहता है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित रहता है । दुकानदार, नगर पंचायत व मंदिर न्यास को शिकायतें करते हैं, परंतु पानी के अभाव में यहां गंदगी का आलम रहता है। मंदिर न्यास ने यात्रियों की सुविधा के लिए मंदिर में शौचालय तो बनाए हैं, परंतु वहां यात्रियों से पैसे लिए जाते है, जिससे यात्रियों की आस्था व भावना को बड़ी ठेस लगती है । मंदिर न्यास, जिसकी आय का सबसे बड़ा हिस्सा यात्रियों का चढ़ावा है और न्यास यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय भी नि:शुल्क नहीं उपलब्ध करवा सकता है। यहां पर भी अकसर यात्रियों से अधिक पैसों की वसूली करने, गंदगी का वातावरण रहने की शिकायतें मंदिर न्यास व नगर पंचायत को मिलती रहती हैं। शहर में इसके अलावा बस अड्डे में शौचालय हैं, जो नगर परिषद ने ठेके पर दे रखे हैं।  हालांकि मंदिर न्यास ने हाल ही में दो शौचालय बनाये हैं, जो नाकाफी साबित हो रहे हैं। मंदिर न्यास व नगर परिषद भी शहर के लोगों व यात्रियों को शौचालयों की नि.शुल्क सेवा उपलब्ध करवाने की बजाय पैसे कमा रही है, यहां पर भी सुविधाओं के नाम पर यात्रियों व स्थानीय लोगों को कुछ नहीं मिलता, यहां पर भी पानी की कमी रहने के कारण गंदगी का वातावरण रहता है तथा लोग शिकायतें करते हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम के लोग भी शौचालयों के बारे में शिकायत करते हैं। बस अड्डे में शौचालय की सफाई का बुरा हाल है। नप ने बस अड्डे की सफाई का ठेका दे रखा है। इसके अलावा शहर में और कोई भी शौचालय यात्रियों की सुविधा के लिए नजर नहीं आता है, जबकि मोटे अनुमान के मुताबिक शहर में दर्जनभर स्थान चिन्हित करके शौचालय बनाने चाहिए। बौहण क्षेत्र में तो कोई भी शौचालय न होने से यात्रियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को लोगों के घरों में जाकर शौच आदि के  लिए जाना पड़ता है, जिस पर कई घरों के लोग एतराज करते हैं।

प्रदेश सरकार मात्र घोषणाओं की ही सरकार बनकर रह गई

ज्वालामुखी, 21 नवंबर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता रमेश धवाला ने कहा कि प्रदेश सरकार मात्र घोषणाओं की ही सरकार बनकर रह गई है। बिना बजट के घोषणाएं कर जनता को गुमराह करने का हुनर कांग्रेस के लोगों के पास है। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। सरकार का प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं है। प्रदेश में कई हादसों में निर्दोष लोगों की जान जा रही है। डिपुओं में मिलने वाले राशन में कटौती कर इसे महंगा किया जा रहा है। राशन की गुणवत्ता पर पहले ही कई सवाल उठते रहे हैं और अब राशन ही कम करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में जितने भी जनविरोधी कार्य किए जा रहे हैं, भाजपा के सत्ता में आने पर उन्हें पहले वाली स्थिति में लेकर आएंगे। चाहे वह ज्वालामुखी अस्पताल के स्थानांतरण का मामला हो या चंगर क्षेत्र में सरकारी कार्यालय खोलने का। वे जनता की राय लेकर ही सभी कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झूठे वादे करके लोगों के साथ छलावा किया है। ऐसे में अब लोग स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे है। सरकार ने आज तक कितने बेरोजगारों को नौकरियां दी है, उसकी जानकारी दी जाए। कितने उद्योग लगाए हैं, यह जनता में सार्वजनिक हो। खजाना खाली कर बैठी सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़ गए हैं। सरकार झूठी घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी की सरकार बन गई है और हिमाचल में भी भाजपा की सरकार बनना तय है। प्रदेश के अधिकारी व कर्मचारी भी अपना पाला बदलने लग पड़े है। इस मौके पर उनके साथ  मंडल अध्यक्ष चमन लाल पुंडीर ,पार्टी नेता कमल हमीरपुरी,राम स्वरूप शास्त्री , विमल चौधरी, चमन पुंडीर, दीपक खौला, मीना राणा, शाम दुलारी, सरिता धीमान, रीना देवी, पूनम शर्मा, अनु कौंडल, कश्मीर सिंह, विजय मेहता, बाबू राम व अन्य उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: