शारदा चिट फंड घोटाले में पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल सरकार को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को सीबीआई ने इस घोटाले में एक और तृणमूल नेता और राज्य सभा सांसद सृंजॉय बोस को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले इस घोटाले में तृणमूल के निलंबित सांसद कुणाल घोष और पार्टी के उपाध्यक्ष रजत मजूमदार को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक कुल सात लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
तृणमूल सांसद सृंजॉय की गिरफ्तारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि बोस उनके काफी करीबी माने जाते हैं।उधर, ममता बनर्जी ने सृंजॉय की गिरफ्तारी का सारा दोष सीबीआई और सेबी के सिर मढ़ दिया है। उन्होंने कहा कि जब ये चिट फंड कंपनियां बन रही थीं, तब सेबी क्या सो रही थी।
सृंजॉय को गिरफ्तार करने से पहले सीबीआई ने उनसे करीब 6 घंटे तक पूछताछ की। इस घोटाले के संबंध में पूछताछ के लिए सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने सृंजॉय बोस को तीन बार समन भेजा था। सृंजॉय बोस की एक मीडिया कंपनी है, जिसके तार इस चिट फंड घोटाले से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें