ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के मार्टिन प्लेस स्थित लिंट कैफे में बंधक संकट खत्म हो गया है। सोमवार आधी रात कमांडो ऑपरेशन के जरिए इसे अंजाम दिया गया। कैफे में बंधक बनाकर रखे गए दो भारतीय नागरिकों समेत सभी लोगों को छुड़ा लिया गया है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक इस ऑपरेशन में दो की मौत हुई है। इसमें एक इस बंधक कांड को अंजाम देने वाला बंदूकधारी ईरानी शरणार्थी शेख हारून बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बंधक को हारून ने ही मारा। इस ऑपरेशन में 3 बंधक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि न्यू साउथ वेल्स (NSW) पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
सिडनी के लिंट कैफे में बंधक संकट के करीब 16 घंटे बाद भारतीय समयानुसार रात करीब पौने नौ बजे अचानक गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद कुछ बंधक बदहवासी में भागते हुए बाहर निकले। न्यू साथ वेल्स पुलिस के कमांडो भी कैफे के अंदर घुसते हुए दिखे। करीब आधे घंटे में इस ऑपरेशन को अंजाम दे दिया गया। ऑपरेशन के बाद बम होने की आशंका में रोबॉट के जरिए कैफे की तलाशी ली गई।
ऑपरेशन शुरू होते ही ऐंबुलेंस की कई गाड़ियां कैफे के बाहर पहुंच गई थीं। ऑपरेशन के बाद कुछ घायल लोगों को सुरक्षाकर्मी स्ट्रेचर के जरिए बाहर निकालते देखे गए। कुछ सुरक्षाकर्मी घायलों को गोद में उठाकर ऐंबुलेंस की ओर दौड़कर पहुंच रहे थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें