शहीद हेमराज के मुद्दे पर भी मोदी सरकार का यू-टर्न! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 12 दिसंबर 2014

शहीद हेमराज के मुद्दे पर भी मोदी सरकार का यू-टर्न!

beheading-at-loc-nda-backs-what-upa-did
पाकिस्तान ने जब भारत के दो सैनिकों हेमराज और सुधाकर सिंह का सिर काट दिया था, तब विपक्ष में रही बीजेपी ने खासा हंगामा किया था। सुषमा स्वराज ने अपने भाषण में संसद में कहा था कि भारत को एक के बदले 10 सिर लाने चाहिए। नरेंद्र मोदी ने इसे अपने चुनावी भाषणों में उठाया था। एक रैली में उन्होंने कहा था, 'जब पाकिस्तान हमारे सैनिकों का सिर काट रहे थे, तब हम उनके पीएम को चिकन बिरयानी खिला रहे थे। सरकार में साहस नहीं है।'  लेकिन, अब सरकार में बैठी बीजेपी ने उस वक्त की यूपीए सरकार की बातों और कार्रवाई को ही सही ठहराया है । सुप्रीम कोर्ट में सरकार की ओर से दाखिल एक हलफनामे में सरकार ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री सलमान खुरशीद के बयानों को ही दोहरा दिया है। इतना ही नहीं उसने यूपीए की कार्रवाई को कठोर भी बता दिया है। 

एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक विदेश मंत्रालय की ओर से दायर इस हलफनामे में सरकार ने कहा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को एक कठोर चेतावनी जारी की थी जिसके बाद पाक डीजीएमओ ने भरोसा दिलाया था कि पाक सेना को युद्धविराम का सम्मान करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सरकार हलफनामे में कहती है, '15 जनवरी 2013 को भारत के प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान कठोर चेतावनी जारी की थी कि नियंत्रण रेखा पर भारतीय जवानों की हत्या और निर्दयता से उनका सिर काटे जाने के बाद हालात सामान्य नहीं रह सकते। जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं उन्हें सजा मिलनी चाहिए।' सर्व मित्तर की ओर से दायर एक जनहित याचिका के जवाब में सरकार ने यह हलफनामा दाखिल किया है। इस याचिका में जवानों की हत्या पर सरकार के कार्रवाई न करने पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट से दखल देने की अपील की है। सरकार का रुख है कि इस तरह किसी देश के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए जनहित याचिका दायर नहीं की जा सकती।

कोई टिप्पणी नहीं: