- आदिवासियों के बीच उनकी जमीन छिन लेने का काॅग्रेसियों द्वारा किया जा रहा दुष्प्रचार, फैलाया जा रहा भ्रम-पीएम नरेन्द्र मोदी
50 वर्षों तक देश में काॅग्रेस की सरकार रही, काॅग्रेस को याद ही नहीं आया कि आदिवासियों के कल्याण के लिये कुछ करना भी जरुरी है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में पहली मर्तबा आदिवासियों के लिये अलग मंत्रालय, अलग बजट, आदिवासी मंत्री व अलग व्यवस्था खड़ी की गई। झारखण्ड विधानसभा चुनाव-2014 के पाँचवें व अंतिम (20 दिसम्बर) चरण मतदान से पूर्व दिन सोमवार (15 दिसम्बर) को दुमका हवाई अड्डा मैदान पर एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उपरोक्त बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कही। पूर्वाः 11ः50 में दुमका पहुँचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा इस राज्य के कुछ नेता काॅग्रेस के पिछलग्गु बनकर राज्य करते रहे। भाजपा के खिलाफ वे मैदान में जरुर हैं किन्तु भाजपा के विरुद्ध कोई मुद्दा नहीं मिल पा रहा जिसपर कमेंट वे कर सके। कुछ कहने के लिये उनके पास शब्द ही नहीं है। उन्होनें कहा घर-परिवार का कोई भला नहीं किया जो भी सोंचा सिर्फ देश के लिये सोंचा। मोदी ने कहा काॅग्रेसी रोज रात में मीटिंग करके आने वाले दूसरे दिनों के लिये एक नये झूठ का सृजन करती है। कौन सी अफवाह फैलाई जाय इसका तानाबाना काँग्रेसी हमेशा बुनते रहते हैं। उन्होनें कहा आदिवासियों के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि मोदी सरकार उनकी जमीन हड़प लेगी। कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो आदिवासियों की जमीन छिन सके। जहाँ-जहाँ भी भाजपा की सरकार है आदिवासियों ने भाजपा विरोधियों को पूरी तरह नकार दिया। चाहे महाराष्ट्र की बात हो, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़ अथवा मध्यप्रदेश। उपरोक्त तमाम राज्यों में आदिवासी भरे पड़े हैं। पिछले 40-50 वर्ष तक यहाँ के राजनेताओं ने आदिवासियों को वोट बैंक बनाकर अपना कारोबार चलाया। आदिवासियों के लिये किसी पार्टी ने कोई ठोस पहल की है तो वह है भाजपा।
भाजपा के शासनकाल में ही आदिवासियों को जमीन का पट्टा दिया गया। श्री मोदी ने कहा आदिवासियों के कल्याण में ही हिन्दुस्तान का कल्याण है। चुनावी सभा में श्रोताओं की ओर मुखातिब होकर श्री मोदी ने कहा छः फीट के शरीर का कोई भी अंग यदि बीमार अथवा प्रभावित हो जाता है तो उससे पूरा शरीर प्रभावित होता है। सवा सौ करोड़ जनता को मजबूत करने की आवश्यकता है। आदिवासियों को सम्मान के साथ जीने का हक प्राप्त होना चाहिए, भाजपा इसके लिये मतदाताओं से आर्शीवाद माँगने आई है। श्रोताओं व दर्शकों से ही प्रश्न करते हुए श्री मोदी ने कहा यहाँ के बेरोजगारों को नौकरी मिलनी चाहिए कि नहीं ? काम करने के लिये लोगों को हजार-दो हजार कि0मी0 दूर जाना पड़े यह ठीक है क्या ? श्री मोदी ने कहा मैं दिल्ली में प्रधानमंत्री के रुप में नहीं अपितु एक चैकीदार के रुप में मौजूद हूँ। सरकार की तिजोरी पर अगर किसी का हक है तो वह है देश की 125 करोड़ जनता। देश की तिजोरी पर किसी को हाथ साफ करने नहीं दूँगा। न पंजा इसे पकड़ पाऐगा और न ही तीर चलने दूँगा। सरकार ने कोयला से संबंधित एक बिल पास किया है।
20-25 हजार करोड़ की आमदनी सिर्फ झारखण्ड से प्राप्त होने वाली है जिसका प्रत्यक्ष लाभ झारखण्डियों को प्राप्त होने वाला है। देश का सबसे समृद्ध प्रदेश झारखण्ड है। इस राज्य में प्रचूर मात्रा में उपलब्ध कोयला से पूरे देश का अंधेरा दूर किया जा सकता है। इतना समृद्धि होने के बाद भी यह राज्य अंधेरा में डूबा पड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा दवा, पानी, बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य के अलावे इस राज्य के गरीबों ने सरकार से माँगा ही क्या है ? दोनों हाथों से लूट बंद करने के लिये ही भाजपा को आर्शीवाद प्राप्त हुआ है। झारखण्ड में चार चरणों में अब तक हुए चुनाव ने चार चाँद लगा दिया है। विरोधियों के लाख विरोध के बावजूद भारी मतदान किया है लोगों ने। बहुत दिनों के बाद पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का आर्शीवाद लोगोें ने दिया है। उन्होनें कहा यदि बेटा कोई गलती करता है तो माँ उसे सजा अवश्य देती है। सजा इसलिये दी जाती है कि भविष्य में फिर दुबारा वह गलती नहीं करे। यहाँ के राजनेता गलती कर रहे। पाप कर रहे। संताल के लोगों को उन्हें सुधारने की जरुरत है। इन्हें सुधारने के लिये राज्य में बदलाव की जरुरत है ताकि आने वाले 05 वर्षों तक भाजपा के कार्यों से दूसरी पार्टियाँ सीख ले। झारखण्ड के गुनहगारों को सजा देने की ताकत यहाँ की जनता की है। श्री मोदी ने कहा अस्थिर सरकार झारखण्ड के लिये सबसे बड़ा अभिशाप बन चुका है।
जब-जब तीन-चार गुटों की सरकार बनती है तो लूट की स्पर्धा में एक-दूसरे दलों के लोग शामिल हो जाते हैं। जनता से आहवान करते हुए श्री मोदी ने कहा झारखण्ड को लूट से बचाना है तो उन्हें 05 वर्षों तक के लिये एक स्थिर सरकार बनाने की जरुरत है। उन्होनें कहा योग को दुनिया ने आज मान लिया है। श्री मोदी ने कहा झारखण्ड की उम्र चैदह वर्ष की हो गई है। बेटे-बेटी जब चैदह वर्ष के होते हैं तबतक सबकुछ ठीक-ठाक रहता है जब वे 14 वर्ष से आगे बढ़ जाते हैं तो बच्चे कहाँ जाते हैं, किससे मिलते हैं, वे कब क्या करते हैं की पूरी जानकारी माता-पिता को रखनी पड़ती है। इस राज्य को भी अच्छी परवरिश की जरुरत है। 14 से 19 वर्ष तक का उम्र काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस उम्र में जो निर्णय लिये जाते हैं वे काफी अर्थ रखते हैं। श्री मोदी ने कहा यह चुनाव महज 5 वर्षो तक की कालावधि के लिये नहीं है अपितु आने वाले एक सौ वर्ष की एक मजबूत नींव तैयार कर पाने के लिये है। श्री मोदी ने कहा वीर क्राँतिकारी सिदो-कान्हु मुर्मू, भगवान बिरसा मुण्डा की धरती पर जो प्यार मिला है उसे सूद समेत लौटाया जाऐगा। अन्याय के खिलाफ लड़ना यहाँ का सामान्य स्वभाव रहा है। पिछले 2 सौ वर्षो तक अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले आदिवासी समाज के लोगों को आज तक उनका वाजिब हक प्राप्त नहीं हो पाया है। उन्होनें कहा हजारों सभाऐं की है किन्तु संताल की इस धरती पर आकर जो प्यार मिला उससे आँखें नम हो गई। आपको हमारी उम्र लग जाए लिखा पोस्टर पढ़कर प्रधानमंत्री ने कहा यह शब्द मेरे लिये आपका आर्शीवाद, प्यार की सौगात है। यहाँ की भलाई के लिये मेरी पूरी जिन्दगी भी खप जाऐ तो कम होगा। जीवन, शरीर, पद, प्रतिष्ठा सबकुछ गरीब आदिवासियों के लिये काम आए यह आर्शीवाद चाहिए। भगवान श्रीराम, कृष्ण, बिरसा मुण्डा के जमाने से। आजादी की लड़ाइ्र करने वाले क्राँतिकारी वीर योद्धाओं की भूमि और उनके समाज के लिये विकास की बात काॅग्रेस को पता नहीं था।
प्रधानमंत्री की चुनावी सभा में डेढ़-दो लाख लोग थे मौजूद
दुमका हवाई अड्डा मैदान में दिन सोमवार (15 दिसम्बर) को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में शामिल लोगों की अभूतपूर्व भीड़ देखी गई। तकरीबन डेढ़-दो लाख लोग सभा स्थल पर मौजूद थे। संताल परगना प्रमण्डल के जिला दुमका के विभिन्न विधानसभाई क्षेत्रों सहित गोड्डा व जामताड़ा सहित बिहार व प0 बंगाल से भी लोग मोदी की सभा में शामिल होने दुमका पहुँचे थे। जिन्हें मैदान के अन्दर जाने का मौका प्राप्त नहीं हो पाया वे सड़कों पर खड़े होकर प्रधानमंत्री का भाषण सुन रहे थे। दुमका, जामा, जरमुण्डी, शिकारीपाड़ा, गोड्डा, पोड़ेयाहाट, नाला, जामताड़ा व सारठ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने दुमका पहुँचें प्रधानमंत्री की सभा में मंच संचालन की जिम्मेवारी पूर्व मुख्यमंत्री, झारखण्ड अर्जुन मुण्डा ने निभाई। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सतपाल जी महाराज, झारखण्ड प्रभारी त्रिवेन्द्र सिह रावत, धान सिंह रावत, उपरोक्त तमाम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों-डा0 लुईस मराण्डी, सुरेश मुर्मू, अभयकांत प्रसाद, शिवघन मुर्मू, रघुनंदन मंडल, देवेन्द्र नाथ सिंह, सत्यानंद झा बाटुल, विरेन्द्र मंडल व उदय शंकर ंिसह उर्फ चुन्ना सिंह मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने उपरोक्त विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में अधिक से अधिक मतदान कर बहुमत की सरकार बनाने की अपील की।
अमरेन्द्र सुमन
(दुमका) झारखण्ड
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें