धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर संसद में जबरदस्त हंगामा हो रहा है। विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू ने कहा है कि हम चर्चा के लिए तैयार हैं। दरअसल, आगरा के बाद 25 दिसंबर को अलीगढ़ में धर्म परिवर्तन कायर्क्रम की तैयारी की चर्चा है। लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच नायडू ने कहा कि सरकार धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून बनाने के लिए उस पर चर्चा के लिए तैयार है।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्य अध्यक्ष की आसंदी के नजदीक जमा हो गए और सभी एकसाथ 'मोदी सरकार होश में आओ' और 'हिन्दू-मुस्लिम भाई-भाई' के नारे लगाने लगे। समाजवादी पार्टी (सपा) नेता मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा, अन्यथा, दंगे हो सकते हैं।
दरअसल, अलीगढ़ में बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में 5 हजार इसाइयों और मुसलमानों को हिन्दू बनाने की योजना है। हाल ही में वहां 80 इसाइयों को हिन्दू बनाया जा चुका है, वहीं समाजवादी पार्टी ने कहा है कि यह कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा, लेकिन योगी आदित्यनाथ अड़े हैं कि ऐसा होकर रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें