दिल्ली में इस बार अपनी सीटों की संख्या बढाने की कोशिश में लगी कांग्रेस विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की कमान अपने राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अजय माकन को सौप सकती है। सूत्रों के अनुसार श्री माकन को जल्द ही विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान समिति का प्रमुख घोषित किये जाने की संभावना है। पार्टी उन्हें तथा कुछ अन्य पूर्व सांसदों को चुनाव मैदान में भी उतार सकती है। दिल्ली में 15 वर्ष तक सत्ता में रही कांग्रेस पिछले विधानसभा चुनाव में सिर्फ आठ सीटों पर सिमट गयी थी। इस बार उसने यह संख्या बढाने के लिए जी तोड कोशिश शुरू कर दी है। पार्टी अपनी परंपरा से हटते हुए चुनाव तिथि की घोषणा से पहले ही अपने 24 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है और बाकी प्रत्याशियों के नाम भी जल्द ही घोषित किये जाने की उम्मीद है।
ऐसी रिपोर्ट भी आ रही है कि पार्टी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली को चुनाव न. न लडने के लिए कह सकती है ताकि वह सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के लिए समय निकाल सकें वैसे पार्टी हाल ही में जारी उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची में श्री लवली को गांधीनगर सीट से उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। पिछली विधानसभा में निर्दलीय विधायक रहे रामबीर शौकीन तथा जनता दल.यू. के टिकट पर जीते शोहेब इकबाल के पार्टी में आने से भी कांग्रेस को बल मिला है। श्री शौकीन कल ही पार्टी में शामिल हुए हैं जबकि श्री इकबाल कुछ दिन पूर्व शामिल हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें