दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए चुनाव सात फरवरी को होंगे। दस फरवरी को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त वी एस संपत ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। श्री संपत ने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। मतदान सात फरवरी को और मतगणना 10 फरवरी को होगी। इसके लिए अधिसूचना 14 जनवरी को जारी कर दी जायेगी। नामांकन की अंतिम तिथि 21 जनवरी होगी जबकि नाम 24 जनवरी तक वापस लिए जा सकेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आज से ही चुनाव आचार संहिता लागू हो गयी। श्री संपत ने आज सुबह उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया और चुनाव की विधिवत घोषणा करने का फैसला किया।
गौरतलब है कि नवंबर.13 में हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला। भारतीय जनता पार्टी .भाजपा. अकाली दल गठबंधन ने सबसे अधिक 32 सीटें जीतीं लेकिन बहुमत नहीं होने से सरकार नहीं बनाई। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी .आप. ने अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में 28 सीटें जीती और कांग्रेस का 15 साल से चला आ रहा शासन खत्म किया। बाद में आप ने कांग्रेस के आठ विधायकों के र्समथन से सरकार बनाई।
श्री केजरीवाल ने 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विधानसभा में जन लोकपाल विधेयक पारित करने की अनुमति नहीं मिलने पर 14 फरवरी को 49 दिन बाद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद विधानसभा को निलंबित कर 17 फरवरी को पहली बार दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाया गया। केजरीवाल इसके बाद विधानसभा चुनाव कराने के लिए उच्चतम न्यायालय तक गए। दिल्ली विधानसभा 04 नवंबर को भंग कर दी गई। श्री संपत 15 जनवरी को अवकाश ग्रहण कर रहे हैं। उससे पहले यह उनकी आखिरी चुनाव घोषणा है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से 12 सुरक्षित हैं।
श्री संपत ने बताया कि राजधानी में एक करोड 30 लाख वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे 1 कुल 11763 मतदान केन्द्र बनाये जायेंगे। चुनाव में इलैक्ट्रानिक वोटिंग मशीन का उपयोग होगा और मतदाताों को नोटा का इस्तेमाल करने का विकल्प रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव शांति पूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जायेंगे। चुनाव खर्च पर निगरानी रखने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए जायेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें