कलेक्टर ने की ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा
कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने आज जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक लेकर ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण राठी भी मौजूद थे।
वारासिवनी के सी.ई.ओ. को कारण बताओ नोटिस
बैठक में ग्रामीण आवास मिशन की समीक्षा के दौरान पाया गया कि जनपद पंचायत वारासिवनी की प्रगति अत्यंत कम है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में भी वारासिवनी जनपद की प्रगति बहुत ही कम पाई गई। कलेक्टर ने इस पर वारासिवनी जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ए.एस. श्रीवास्तव को फटकार लगाते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में व्यस्त होने का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से नहीं बचा जा सकता है। जिले के सभी जनपद पंचायतों में पंचायत चुनाव हो रहे हैं, तो उनकी प्रगति क्यों अच्छी है। इससे प्रतीत होता है कि वे मुख्यालय पर नहीं रहते है। उन्होंने वारासिवनी जनपद के मु.का.अ. को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये कि क्यों न उनके विरूध्द कार्यों में लापरवाही के लिए अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाये।
वारासिवनी एवं बैहर के सी.ई.ओ. पर जुर्माना
मुख्यमंत्री हेल्प लाईन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि वारासिवनी जनपद के ग्राम कासपुर के ग्रामीणों द्वारा वहां की सरपंच के विरूध्द शौचालय बनाने के लिए 900 रु. लेने के बाद भी शौचालय की सामग्री प्रदान नहीं करने की शिकायत की गई थी। लेकिन जनपद पंचायत के मु.का.अ. द्वारा इस प्रकरण में अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इसी प्रकार बैहर विकासखंड की फुलमा बाई द्वारा शिकायत की गई थी कि उसे 6 माह से वृध्दावस्था पेंशन नहीं मिल रही है। इस प्रकरण में भी बैहर के मु.का.अ. द्वारा अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की और वारासिवनी के सी.ई.ओ. श्रीवास्तव को एक हजार रु. एवं बैहर के सी.ई.ओ. अरूण भारद्वाज को 500 रु. की जुर्माने के रूप में रेडक्रास में जमा कराने के आदेश दिये है।
कासपुर पंचायत की तत्काल जांच के निर्देश
कलेक्टर श्री किरण गोपाल ने कासपुर पंचायत में सरपंच द्वारा हितग्राहियों से शौचालय के लिए 900 रु. की राशि लेने की जांच के लिए स्वच्छता अभियान के समन्वयक को तत्काल मौके पर जाने के निर्देश दिये है। उन्होंने समन्वयक असीम अब्राहम को फटकार लगाई कि उनके द्वारा इस प्रकरण की अब तक स्वयं जाकर जांच क्यों नहीं की गई।
बैंक खाते नहीं खुलवाये तो ए.पी.ओ. का वेतन रोका जायेगा
प्रधानमंत्री जन-धन योजना के खातों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले की प्रत्येक जनपद में इस योजना के अंतर्गत 20-20 हजार खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन अब तक 63 हजार 898 खाते ही खोले गये है। विकासखंड बिरसा व कटंगी में इस योजना में अच्छा काम किया गया है। लेकिन विकासखंड बालाघाट में इस योजना में लक्ष्य से काफी कम खाते खोले गये है। इस पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विभिन्न योजनाओं के जिन हितग्राहियों के खाते डाकघर या सहकारी बैंक में है उनके खाते शीघ्र राष्ट्रीयकृत बैंक में खुलवायें। इस कार्य के लक्ष्य को पूरा नहीं करने पर जनपद पंचायतों के सहायक परियोजना अधिकारियों का वेतन रोका जायेगा। बैठक में बताया गया कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक द्वारा गढ़ी क्षेत्र की 25 पंचायतों के तथा खैरलांजी विकासखंड की 16 पंचायतों के हितग्राहियों के नये खाते के नम्बर नहीं दिये जा रहे है। बैठक में पंचायत भवन निर्माण, इंदिरा आवास योजना, बी.आरी.जी.एफ. आई.ए.पी., मुख्यमंत्री केशश्ल्पि योजना, मनरेगा के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
भीमडोंगरी मतदान केन्द्र में पुन: मतदान का मामला
- लापरवाही पर पीठासीन अधिकारी सहित दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
त्रि-स्तरीय पंचायतों के प्रथम चरण के निर्वाचन में 13 जनवरी 2015 को जिले के विकासखंड बैहर, बिरसा, वारासिवनी एवं खैरलांजी में मतदान कराया गया था। लेकिन मतदान केन्द्र क्रमांक-166 (बिरसा विकासखंड के ग्राम पंडरिया के भीमडोंगरी ) की ई.व्ही.एम. में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-25 के स्थान पर क्षेत्र क्रमांक-24 का मतपत्र लगा होने के कारण इस मतदान केन्द्र पर 15 जनवरी को जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद पंचायत सदस्य के लिए पुन: मतदान कराया गया है। पुन: मतदान की यह स्थिति पीठासीन अधिकारी एवं ई.व्ही.एम. मशीन की सिलिंग में त्रुटि होने के कारण निर्मित हुई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री व्ही. किरण गोपाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोषी कर्मचारियों के विरूध्द सख्त कार्यवाही करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में मतदान केन्द्र क्रमांक-166 के पीठासीन अधिकारी सहित ई.व्ही.एम. सिलिंग कार्य में लगे दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मतदान केन्द्र क्रमांक-166 के पीठासीन अधिकारी शासकीय हाईस्कूल टेमनी विकासखंड लांजी के प्राचार्य एस.एस. धारने द्वारा मतदान दिनांक 13 जनवरी 2015 को दोपहर 1.30 बजे सक्टर अधिकारी को सूचना दी गई कि उनके केन्द्र की ई.व्ही.एम. में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-25 के स्थान पर 24 का मतपत्र लगा है। पीठासीन अधिकारी श्री धारने द्वारा अपनेर् कत्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती गई। उनके द्वारा मतदान सामग्री लेते समय एवं मतदान के दिन माक पोल कराते समय भी मतपत्र पर ध्यान नहीं दिया गया। जिसके कारण पुन: मतदान की स्थिति निर्मित हुई। इस पर प्राचार्य श्री धारने को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूध्द लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 134 के तहत कार्यवाही की जाये। इसी प्रकरण में ई.व्ही.एम. सिलिंग का कार्य करने वाले शासकीय पालीटेक्निक कालेज के बी.एल. नायक एवं व्ही. के. मरकाम को ई.व्ही.एम. में जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-25 के स्थान पर क्षेत्र क्रमांक-24 का मतपत्र लगाने के लिए जिम्मेदार मानते हुए उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूध्द लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 134 के तहत कार्यवाही की जाये। प्राचार्य श्री धारने एवं पालीटेक्निक कालेज के कर्मचारी बी.एल. नायक व व्ही.के. मरकाम को तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रमाण सहित प्रस्तुत करने कहा गया है। समय सीमा में प्रमाण सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जायेगी।
जिला चिकित्सालय में 26 जनवरी को विशाल केंसर जांच शिविर का आयोजन
- मुंबई के विशेषज्ञ डॉ. पेंढारकर करेंगें जांच
केंसर के उपचार मंहगा होने के साथ ही पास के नगरों में उपलब्ध नहीं होता है। ऐसी स्थिति में केंसर के मरीज को उपचार एवं सही सलाह के लिए भटकना पड़ता है और परेशान होना पड़ता है। केंसर के मरीजों की जांच एवं उन्हें सही सलाह देने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय बालाघाट में गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2015 को केंसर जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. आर.के. पंडया ने बताया कि केंसर पीड़ित मरीजों एवं संभावित मरीजों की नि:शुल्क जांच, उपचार एवं सलाह के लिए सरदार भगतसिंह जिला चिकित्सालय, बुढ़ी बालाघाट (म.प्र.) में विशाल केंसर शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस जांच शिविर में मुंबई के प्रख्यात मेडिकल आन्कोलाजिस्ट डॉ. दिनेश पेंढारकर द्वारा केंसर से पीड़ित मरीजों एवं संभावित मरीजों की नि:शुल्क जांच की जायेगी और मरीजों को उपचार के संबंध में आवश्यक सलाह एवं मार्गदर्शन भी दिया जायेगा। केंसर से पीड़ित मरीजों से 26 जनवरी 2015 को अधिक से अधिक संख्या में आकर इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है। पूर्व में केंसर का उपचार ले रहे मरीजों से कहा गया वे अपनी समस्त रिपोर्ट लेकर शिविर में आयें। इस शिविर के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला चिकित्सालय बालाघाट के केंसर किमोथेरेपी प्रभारी डॉ. मनोज पांडेय से उनके मोबाईल नम्बर 9425447410 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।
24 जनवरी को दिलाई जायेगी मतदाता दिवस की शपथ
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को शासकीय अवकाश होने के चलते जिले के समस्त शासकीय विभागों, कार्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थाओं में 24 जनवरी को मतदाता दिवस शपथ दिलाई जाएगी। हालांकि जिला स्तरीय, ई.आर.ओ. स्तर तथा मतदान केंद्रों पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह 25 जनवरी को ही मनाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री व्ही. किरण गोपाल ने जिले के समस्त महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे 24 जनवरी को अपनी संस्था के छात्र-छात्राओं को मतदाता दिवस की शपथ दिलायें। मतदाता दिवस के अवसर पर कालेजों एवं विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई जायेगी कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा करे बनाये रखेंगें तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें।
एन. सी. सी. की उप इकाई का किया गया उद्धाटन
शासकीय वीरांगना रानी दुर्गावती उ. मा. वि. बालाघाट में 6 म. प्र. स्वतंत्र कम्पनी एन. सी. सी. बालाघाट के अंतर्गत उपइकाई ट्रूप क्रमांक 243 का शुभारम्भ लेप्टिनेंट कर्नल श्रीकुमार सेना मेडल के द्वारा 17 जनवरी 2015 को प्रातः 9 बजे समारोह पूर्वक किया गया। इस अवसर पर पूर्व एन. सी. सी. अधिकारी मेजर एम. एम. अली ने छात्र सैनिको को एन. सी. सी. के उद्देश्य एवं महत्व पर अपने अनुभवों के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। ट्रूप क्रमांक 243 के पूर्व एन. सी. सी. अधिकारी डी. एल. मसीह ने शासकीय वीरांगना रानी दुर्गावती उ. मा. वि. बालाघाट में एन. सी. सी. प्रारम्भ होने पर विद्यार्थियों को बधाई प्रेषित करते हुए एकता और अनुशासन के ध्येय सूत्र का पालन करने को कहा। एन. सी. सी. अधिकारी एवं प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले द्वारा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कमान अधिकारी लेप्टिनेंट कर्नल श्रीकुमार सेना मेडल को संस्था को एन. सी. सी. प्रदान करने किए गए प्रयास के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। लेप्टिनेंट कर्नल श्रीकुमार ने शासकीय वीरांगना रानी दुर्गावती उ. मा. वि. बालाघाट द्वारा एन. सी. सी. हेतु तैयार किए गए कैम्पस की प्रशंसा करते हुए कहा कि एन. सी. सी. छात्रों के लिए सेना में भर्ती के लिए एक उचित मार्ग है जिसका लाभ छात्रों को मिलेगा तथा भविष्य में अतिशीघ्र छात्राओं के लिए भी एन. सी. सी. प्रारम्भ करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एन. सी. सी. अधिकारी आर. एन. झारिया, आर. के. खरे, कंचन महाजन, पूर्व एन. सी. सी. अधिकारी टी. सी. टेंभरे , प्राचार्य आर. एस. बैस, एस. के. तुरकर, शरद खण्डेलवाल, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एडीपीसी मोहन बोपचे , क्रिडा अधिकारी बी. एस. रावते शिक्षक पालक संघ अध्यक्ष रेखा मड़ावी प्राचार्य मधुकर हरपाल नायब सुबेदार दर्शनसिंह, समस्त पी आई स्टॉफ शिक्षक शिक्षिकाएॅ एवं छात्र छात्राएॅ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विवेक गुप्ता वरिष्ठ अध्यापक द्वारा किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें