दिल्ली में अपनी जमीन को फिर से मजबूत करने में जुटी कांग्रेस को उम्मीद है कि इस बार विधानसभा चुनाव में उसकी स्थिति बेहतर होगी. पन्द्रह साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रही शीला दीक्षित ने आज यहां मीडिया से बातचीत में कहा मेरा विश्वास है कि कांग्रेस ने पिछले 15 साल के दौरान जिस तरह से दिल्ली का विकास किया और यहां के सामाजिक ढांचे की सूरत बदल दी लोगों को वह स्मरण होगा और इसका फायदा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा।. पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बुरी तरह पराजय हुई थी और वह 43 विधायकों से केवल आठ पर सिमट गई थी। चुनाव में श्रीमती दीक्षित के अलावा उनके मंत्रिमंडल के चार मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष तक बुरी तरह चुनाव हार गए थे।
दिल्ली विधानसभा भंग की जा चुकी है लेकिन अभी चुनाव तिथियों की घोषणा नहीं हुई है। उम्मीद है कि फरवरी के पहले पखवाडे में चुनाव कराये जा सकते हैं। श्रीमती दीक्षित ने कहा कि पिछले एक साल के दौरान दिल्ली की जनता ने जो अनुभव किया है वह भी कांग्रेस की स्थिति को सुधारने में सहायक होगा। कांग्रेस ने परंपरा से हटते हुए दिल्ली विधानसभा की तारीख तय नहीं होने के बावजूद अपने 24 उम्मीदवारों की सूची भी कल जारी कर दी है। श्रीमती दीक्षित ने सक्रिय राजनीति से दूर रहने की बात कही है. लेकिन पार्टी ने कहा है कि विधानसभा में वह स्टार प्रचारक होंगी। कांग्रेस की पहली सूची में श्रीमती दीक्षित का नाम नहीं है. हालांकि सूची में उनकी सीट नयी दिल्ली से अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें