इरोम शर्मिला एक बार फिर रिहा की गईं - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 23 जनवरी 2015

इरोम शर्मिला एक बार फिर रिहा की गईं


एक स्थानीय अदालत ने आज मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम चानू शर्मिला के खिलाफ लगाए गए खुदकुशी की कोशिश के आरोप खारिज कर दिए और उन्हें हिरासत से तुरंत रिहा करने के आदेश दिए. 42 साल की शर्मिला पिछले 14 साल से बेमियादी अनशन पर हैं. उनकी मांग रही है कि सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून (अफ्सपा) को हटाया जाए. खुदकुशी की कोशिश के आरोप में शर्मिला आईपीसी की धारा 309 के तहत हिरासत में रही हैं.

न्यायिक मजिस्ट्रेट (इंफाल पश्चिम) विज़डम केमोडांग ने कहा कि अभियोजन पक्ष इस बात का कोई सबूत देने में नाकाम रहा है कि वह खुदकुशी की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने यह आदेश भी दिया कि शर्मिला को मामले से आरोप-मुक्त किया जाता है. इंफाल पश्चिम के पुलिस अधीक्षक झलजीत ने बताया कि अदालत के आदेशों के मुताबिक उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया है. अफ्सपा हटाने की मांग करते हुए शर्मिला ने नवंबर 2000 से ही कुछ भी खाने-पीने से इनकार कर दिया था.

शाम के समय अपनी रिहाई के बाद शर्मिला स्थानीय बाजार में एक शेड के अंदर फिर अनशन पर बैठ गईं. बीते साल 19 अगस्त को मणिपुर की एक अन्य अदालत ने शर्मिला को रिहा करने का आदेश दिया था. अदालत ने कहा था कि उनकी भूख हड़ताल ‘कानूनी तौर-तरीकों के जरिए एक राजनीतिक मांग’ है. बहरहाल, शर्मिला को खुदकुशी की कोशिश के आरोप में तीन दिन बाद फिर गिरफ्तार कर लिया गया था.
शर्मिला को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के एक विशेष वार्ड में रखा गया था जो उनके लिए जेल का काम करता है. जीवित रखने के लिए उन्हें नाक के जरिए तरल पदार्थ का सेवन जबरन कराया जाता है.

अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी ने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि शर्मिला को फिर से गिरफ्तार नहीं किया जाना चाहिए. पिछले महीने केंद्र सरकार ने कहा था कि उन्होंने आईपीसी की धारा 309 खत्म करने का फैसला किया है. इस धारा के तहत खुदकुशी की कोशिश के जुर्म में एक साल तक की जेल की सजा हो सकती है.

कोई टिप्पणी नहीं: