प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव का शंख नाद करते हुए कहा कि दिल्ली को 24 घंटे बिजली दी जाएगी और 2022 तक दिल्ली को झुग्गी मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में जनता ने जिस मूड का परिचय दिया है दिल्ली में भी उसका वही रूख देखने को मिलेगा। मोदी ने भारतीय जनता पार्टी की रामलीला मैदान में आयोजित रैली में चुनावों में असाधारण जीत दिलाने के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की तारीफ करते हुए कहा कि देश की जनता भाजपा को चाहती है और दिल्ली की जनता का मूड भी इसी तरह का लग रहा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा सतही स्तर पर काम कर रही है। दिल्ली को 24 घंटे बिजली दी जाएगी और यहां जनरेटर संस्कृति को समाप्त किया जाएगा। बिजली की कमी नहीं होने दी जाएगी और उपभोक्ता को मोबाइल फोन उपभोक्ता की तरह बिजली के सेवा प्रदाता बदलने की सुविधा दी जाएगी। उनका कहना था कि दिल्ली ही नहीं पूरे देश के लिए बिजली क्षेत्र में सरकार क्रांतिकारी कदम उठा रही है। दिल्ली की पानी की किल्लत को समाप्त करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जमीनी स्तर पर काम हो रहा है।
मोदी ने कहा कि उनका सपना है कि जब देश 2022 में आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा हो तो उस समय तक दिल्ली को झुग्गी झोंपड़ी मुक्त बनाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि यह बड़ा सपना है और उनकी सरकार ने बीड़ा उठा लिया है कि 2022 तक दिल्ली में हर गरीब के पास अपना घर होगा। दिल्ली के गरीब को घर में रहने का सपना सरकार पूरा करेगी। उनका कहना था कि यह बडा काम है लेकिन उन्हें जनता ने इसी तरह के बडे काम को पूरा करने के लिए चुना है।
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना उन पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि जो लोग स्वयं को अराजक कहते हैं उन्हें वोट मत दीजिए। जिन लोगों को सिर्फ धरना प्रदर्शन करने में मास्टरी हासिल है उनके हाथों दिल्ली को नहीं सौंपा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को गलियों में प्रदर्शन करने में महारत हासिल है वे सरकार चलाने में सक्षम नहीं हो सकते है। वे भारत की छवि ही खराब कर सकते है।
जनधन योजना के बहाने उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला किया और कहा कि 40 साल पहले बैंकों को भ्रष्टाचार का बताकर कांग्रेस ने उनका राष्ट्रीयकरण किया लेकिन गरीबों को बैंकों में खाता खोलने का अवसर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद जन धन योजना शुरू हुई और गरीबों को बैंको में जीरो बैंलेंस पर खाता खोलने का अवसर मिला और आज तक 11 करोड लोगों के इस येाजना के तहत बैंकों में खाते खुल चुके हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें