पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर (09 जनवरी) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 9 जनवरी 2015

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर (09 जनवरी)

कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों के सौंपे नये प्रभार

पन्ना 09 जनवरी 2015/कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने अपर कलेक्टर तथा संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर की जिले में पदस्थापना के बाद राजस्व अधिकारियों को नवीन प्रभार सौंपे हैं। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार नवागत संयुक्त कलेक्टर पी.डी. गुप्ता को अजयगढ अनुभाग का तथा नवागत डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिखा पोरस को शाहनगर का एसडीएम बनाया गया है। शेष अनुभागों के एसडीएम पूर्ववत है।  जारी आदेश के अनुसार चन्द्रशेखर शुक्ला अपर कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को शिक्षा मिशन, मनरेगा, संभाग स्तर की बैठकों की जानकारी, जनसमस्या निवारण शिविर, विकास शाखा, परख तथा उद्यानकी मिशन का प्रभार दिया गया है। उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार योजना, स्वच्छता मिशन, बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण, सीएम हेल्पलाईन, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामोद्योग, कृषि, मछली पालन का भी प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। अपर कलेक्टर एवं एडीएम अनिल खरे को राजस्व प्रकरण, पंचायतों के अपील प्रकरण, विधान सभा प्रश्न, भूअर्जन, विभागीय जांच, शस्त्र शाखा का प्रभार दिया गया है। उन्हें विवाह अधिकारी, उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, नेहरू युवा केन्द्र, खाद एवं औषधि अधिनियम, आवश्यक वस्तु अधिनियम, समर्थन मूल्य पर धान एवं गेंहू की खरीद, शहरी विकास अभिकरण तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के अवकाश, भविष्य निधि के प्रकरणों के निराकरण का प्रभार दिया गया है। संयुक्त कलेक्टर एम.एस. मरावी पवई अनुभाग, संयुक्त कलेक्टर अशोक ओहरी पन्ना अनुभाग, संयुक्त कलेक्टर पी.डी. गुप्ता अजयगढ अनुभाग, डिप्टी कलेक्टर आर.एस. बाकना तथा डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिखा पोरस शाहनगर अनुभाग में अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी के रूप में कार्य करेंगी। इन्हें अपने-अपने अनुभागों में कानून और व्यवस्था बनाए रखने, पंचायत राज अधिनियम, लोक परिसर में बेदखली अधिनियम, नजूल अधिकारी, भाडा नियंत्रण अधिकारी, भूअर्जन संबंधी कार्य, विकास कार्य, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्य, राजस्व संहिता तथा दण्ड प्रक्रिया संहिता की शांक्तियों के उपयोग एवं लोक न्यास पंजीयन का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। संयुक्त कलेक्टर अशोक ओहरी अपने अन्य प्रभारों के साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सामान्य निर्वाचन तथा स्थानीय निर्वाचन एवं होमगार्ड शाखा के भी प्रभारी होंगे। संयुक्त कलेक्टर एन.के. बीरवाल को सामान्य शाखा, वरिष्ठ लिपिक, दण्डिक, शहरी विकास अभिकरण, नजूल, भूअभिलेख, विधि, राहत, पुर्नवास, राजस्व अभिलेखागार, उच्च शिक्षा, राजस्व लेखा, आडिट, तकाबी, पुरातत्व, ब्रिक्स, स्टेशनरी, स्टोनो तथा रीडर शाखा का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण का भी प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। जिला कोषालय अधिकारी श्रीमती विभूति अग्रवाल को वित्त, नजारत, अल्प बचत, जनगणना, स्थापना तथा ईगर्वनेंस का प्रभार दिया गया है। हीरा अधिकारी रत्नेश दीक्षित को लोक सेवा प्रबंधन तथा धर्मार्थ का प्रभारी बनाया गया है। जिला योजना अधिकारी बी.के. चैरसिया को जनभागीदारी योजना, शिकायत शाखा, मानव अधिकार आयोग, महिजला आयोग, सिटीजन चार्टर, सूचना का अधिकार, जनसुनवाई तथा टी.एल. शाखा का प्रभारी बनाया गया हैै। 

उचित प्रशिक्षण से होगा सुचारू निर्वाचन कार्य - कलेक्टर
  • प्रशिक्षण में मतदान से जुडे हर निर्देश की जानकारी दें-कलेक्टर 

panna news
पन्ना 09 जनवरी 15/पंचायत राज संस्थाओं के निर्वाचन के लिए मतदान दल गठित कर दिए गए हैं। मतदान दल के सदस्यों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण 5 जनवरी से 9 जनवरी तक आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आर.के. मिश्रा ने जिला मुख्यालय के कई प्रशिक्षण केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने छत्रसाल महाविद्यालय तथा डाईट सभागार में मतदान कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह से पालन करते हुए चुनाव सम्पन्न कराएं। चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण भाग प्रशिक्षण है। उचित प्रशिक्षण आधा कार्य पूरा कर देता है। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक मतदान कर्मी को निर्वाचन की प्रक्रिया, वोटिंग मशीन के संचालन तथा चुनाव के संबंध में निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूरी जानकारी दें। इस चुनाव में ईव्हीएम तथा मत पेटी दोनों से मतदान कराया जाएगा। इसलिए दोनों प्रक्रियाओं का पूरा अभ्यास कर लें। उन्होंने कहा कि मतदान के संबंध में आयोग द्वारा विस्तृत निर्देश पुस्तिका में दिए गए हैं। इसका कई बार अध्ययन, मनन करके पूरी तरह आत्मसात कर लें। इसी के आधार पर मतदान की प्रक्रिया संचालित कराएं। मतदान के दौरान सुरक्षा के कडे प्रबंध किए जाएंगे। पीठासीन अधिकारी तथा सभी मतदान कर्मी निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें। बिना किसी दबाव तथा भय के चुनाव प्रक्रिया पूरी करें। प्रशिक्षण के दौरान मतदान तथा मतगणना के संबंध में हर तरह की शंका का समाधान कर लें। पंचायत चुनाव में एक मतदाता को 4 मत देने हैं। इसमें अधिक समय लग सकता है। स्थानीय निर्वाचन होने के कारण मतदान का प्रतिशत अधिक होगा इसलिए पीठासीन अधिकारी मतदान तेजी से कराएंगे। प्रशिक्षण में कलेक्टर ने कहा कि मास्टर ट्रेनर मतदान कर्मियों को चुनाव से जुडी हर जानकारी का प्रशिक्षण दें। वोटिंग मशीन के संचालन, माकपोल तथा मतदान केन्द्र में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीठासीन अधिकारी को सचेत करें। प्रशिक्षण का कार्य ठीक तरह से सम्पादित होने पर ही निर्वाचन कार्य सुचारू संचालित होगा। आयोग के निर्देश, नियमों तथा कानूनी प्रावधानों की पूरी जानकारी देें। कई बार मौके पर व्यवहारिक कठिनाईयां आती हैं उनके समाधान के लिए उन्हें उचित मार्गदर्शन दें। वोटिंग मशीन, मतपत्र लेखा, पीठासीन की डायरी, चुनाव सामग्री की सीलिंग, टेण्डर बोट, चेलेन्ज बोट तथा प्राक्सी मतदान के संबंध में बार-बार जानकारी दें। नई ईव्हीएम में वास्तविक समय दर्ज होता है इसलिए माकपोल निर्धारित समय में पूरा करके आयोग द्वारा निर्धारित समय पर मतदान प्रारंभ कराएं। मतदान समाप्त होने पर मशीन में क्लोज का बटन दबाने पर ही मतदान समाप्ति का अंकन मशीन करेगी। मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची, मतदान केन्द्र की व्यवस्था, मतदान केन्द्र सुरक्षा, दिखावटी मतदान, एजेण्ट की नियुक्ति तथा मतपत्र लेखा तैयार करने की जानकारी दी गई। उन्हें विकलांग मतदाताओं के लिए सहयोगी की नियुक्ति, टेण्डर बोट, निर्वाचन में तैनात मतदान कर्मियों द्वारा मतदान, अमिट स्याही लगाने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण मंे बताया गया कि अब मतदाता के लिए किसी को भी वोट न देने का भी विकल्प मशीन में दिया गया है। उम्मीदवारों के नाम के बाद सबसे अन्त में उपरोक्त में से कोई नही का बटन रहेगा। मतदान के समय किसी तरह की वाधा आने, उपद्रव अथवा हिंसा होने पर तत्काल उसकी सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय एवं पुलिस को दें। प्रशिक्षण में एसडीएम अशोक ओहरी, नोडल अधिकारी चुनाव प्रशिक्षण डाॅ0 टी.आर. नायक, प्राचार्य डाईट आर.के. भटनागर, डाॅ0 विनय श्रीवास्तव, श्री रविप्रकाश खरे, डाॅ. सी.एम. अग्रवाल तथा मतदान कर्मी उपस्थित रहे।

टास्कफोर्स समिति की बैठक आज

पन्ना 09 जनवरी 2015/जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 जनवरी को पल्सपोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसमें 5 साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। अभियान की टास्कफोर्स समिति की बैठक 10 जनवरी को आईपीडीपी सभागार में शाम 4 बजे से आयोजित की गई है। बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा अभियान के लिए की जा रही तैयारियों की बिन्दुवार समीक्षा करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ0 एल.के. तिवारी ने समिति के सभी सदस्यों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है। 

सागौन काटने वालों पर हुई कार्यवाही

panna news
पन्ना 09 जनवरी 2015/उत्तर वन मण्डल के माझा वीट के कक्ष क्रमांक 295 में वन परिक्षेत्र अधिकारी आर.के. गोनेकर ने सागौन की लकडी काटते हुए महेन्द्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया। लकडी काटने में शामिल आरोपी का पिता शंकर कुशवाहा अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया जिसे आगरा मोहल्ला पन्ना से पकडा गया। इनके पास से 4 नग सागौन की लकडी जप्त की गई। इस संबंध में वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता ने बताया कि लकडी काटने में लिप्त आरोपियों द्वारा वन अपराध न करने की शपथ लेने तथा काटी गई लकडी की राशि 4500 रूपये अधिरोपित करने के बाद राजीनामा किया गया। जप्त लकडी राजसात की गई तथा अधिरोपित राशि शासन के कोष में जमा कराई गई। 

राष्ट्रीय किषोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की कार्यशाला सम्पन्न

panna news
पन्ना 09 जनवरी 2015/आईपीडीपी सभागार में राष्ट्रीय किषोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की एक दिवसीय अंतर्विभागीय कार्यषाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नोडल अधिकारी डाॅ. सुधाकर पाण्डेय ने कार्यक्रम के उद्देष्य, सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेष के साथ साथ पन्ना जिले में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम आरंभ किया जा रहा है। इसके माध्यम से सभी किषोर-किषोरियों को स्वस्थ रक्षा तथा मानसिक एवं शारीरिक समस्याओं के निदान के लिए सलाह दी जाएगी। उनकी लगातार काउन्सिलिंग की जाएगी। कार्यशाला में अर्ष काउंसलर मीनाक्षी गंगेले ने जिले में किशोर-किशोरियों के लिए की गई काउन्सिलिंग की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कार्यषाला में सिविल सर्जन राजेश श्रीवास्तव, डाॅ. एम.एल. चैधरी, डाॅ. एम. के. गुप्ता, डाॅ. पवन द्विवेदी, डाॅ. जितेन्द्र खरे, डाॅ. अम्बरीष मिश्रा, डाॅ. शोभाराम शर्मा, डाॅ. अभिषेक जैन, डाॅ. मंजरी पहारिया, डाॅ. स्वर्णिमा उपाध्याय, समस्त बी.पी.एम., ए.एन.एम., आषा कार्यकर्ता तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

उम्मीदवारों की सूची आज होगी जारी

पन्ना 09 जनवरी 2015/पंचायत राज संस्थाओं के निर्वाचन में जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच तथा पंच पद के लिए नामांकन पत्र 31 दिसंबर से 7 जनवरी तक दाखिल किए गए। इनकी जांच 8 जनवरी को की गई। दाखिल नामांकन पत्र 10 जनवरी को दोपहर बाद 3 बजे तक वापस लिए जा सकते हैं। इस समय सीमा के समाप्त होने के बाद विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। संबंधित रिटर्निंग आफीसर उम्मीदवारों को चुनाव प्रतीकों का आवंटन करेंगे। मतदान 19 फरवरी को निर्धारित मतदान केन्द्रों में कराया जाएगा। 

पंचायत राज संस्थाओं के निर्वाचन के लिए 8631 नामांकन पत्र दाखिल

पन्ना 09 जनवरी 2015/पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के लिए 31 दिसंबर को अधिसूचना जारी की गई। जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच तथा पंच पदों के लिए 31 दिसंबर से 7 जनवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 8631 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। इनमें जिला पंचायत के 14 वार्डो के लिए 237 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। जनपद पंचायतों के कुल 123 वार्डो के लिए 962 नामांकन पत्र तथा जिले की 393 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों के लिए 3073 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। ग्राम पंचायतों के विभिन्न वार्डो के पंच पदों के लिए कुल 4357 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। इनकी जांच 8 जनवरी को की जा चुकी है। जनपद सदस्य पद के लिए जनपद पंचायत अजयगढ के 23 वार्डो के लिए 215 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। जनपद पंचायत गुनौर के 25 वार्डो के लिए 229 तथा पन्ना जनपद पंचायत के 25 वार्डो के लिए 170 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। पवई जनपद पंचायत के 25 वार्डो के लिए 182 तथा शाहनगर जनपद पंचायत के 25 वार्डो के लिए 166 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। जनपद पंचायत के वार्डो में सर्वाधिक 17 नामांकन पत्र गुनौर के वार्ड क्रमांक 16 में दाखिल किए गए हैं। सबसे कम 2 नामांकन पत्र पवई की वार्ड क्रमांक 11 में दाखिल किए गए हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं: