मतदान केन्द्रों की व्यवस्थायें सुनिश्चित करें-कलेक्टर
सीधी 09 जनवरी 2015 त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के तहत प्रथम चरण में विकासखण्ड सीधी में हो रहे पंचायत पदाधिकारियों के निर्वाचन के लिये समस्त मतदान केन्द्रों में रैम्प, बिजली, पेयजल और शौंचालय की व्यवस्थायें सुनिश्चित की जांय। सेक्टर एवं जोनल अधिकारी लगातार मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम करें। यदि इसमें किसी प्रकार की कमी पायी जाय तो तुरंत संबंधित अधिकारी से जीवंत सम्पर्क कर व्यवस्थायें करायी जांय। उक्ताशय के निर्देश कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने दिये। वे आज सेक्टर, जोनल एवं पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रूचिका जैन जिन्दल, सी.ई.ओ. जिला पंचायत मोहित बुन्दास सहित सेक्टर एवं जोनल अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि सेक्टर एवं जोनल अधिकारी लगातार संवेदनशील एवं बल्नरेबल मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर वहां के ग्रामीणों से सम्पर्क कर उन्हें मतदान करने के लिये प्रेरित करें तथा समझायें कि बिना किसी भी दबाव में आये निर्भीक एवं निष्पक्ष होकर मतदान करें। वे आम नागरिकों में विश्वास जगायें कि किसी भी भय में न आयें। जिला प्रशासन एवं पुलिस उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन 13 जनवरी को मतदान के पूर्व अनिवार्य रूप से माकपोल करना है तथा हर दो घण्टे में मतदान की रिपोटिंग भी करनी है। कलेक्टर ने कहा कि समाज विरोधी, गुण्डों एवं बदमाशों के प्रति कड़ाई के साथ प्रतिबन्धात्मक कार्यवाही की जाय। जिला प्रशासन एवं पुलिस उनका पूरा साथ देगी। उन्होंने मतदान दल के लिये ठण्ड से बचाव हेतु गरम कपड़ों और भोजन की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये तथ कहा कि मतदान दल के साथ ही पुलिस बल को भी गुणवत्तापूर्ण भोजन एक साथ दिया जाय। कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से प्रतिबन्धात्मक कार्यवाही के प्रगति की समीक्षा की तथा कहा कि समस्त मतदान केन्द्रों में 100 मीटर दूरी में चूने की लाइन डालकर उस क्षेत्र में राजनैतिक गतिविधियां तथा प्रचार-प्रसार पर रोक लगायी जाय। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी एवं कर्मचारी किसी भी दशा में मुख्यालय न छोड़ें तथा अपना कार्यालय 24 घण्टे खुला रखें एवं एक कम्प्यूटर आपरेटर एवं चैकीदार की डियूटी लगायें। मतदान के पूर्व समस्त मतदाताओं को अनिवार्य रूप से मतदान पर्ची वितरित की जाय तथा उन्हें समझाया जाय कि मतदान के लिये निर्धारित 22 पहचान पत्रों में से अपने साथ पहचान पत्र लेकर मतदान करें। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के निर्वाचन में कुल 65 वाहन मतदान दलों को लेजाने के लिये लगाये जा रहे हैं। इसमें 35 बड़ी बस तथा 30 मिनी बस लगायी जा रही है। कलेक्टर ने कहा कि समस्त सेक्टर और जोनल अधिकारी अपने-अपने वाहनों मंे एक-एक ई.व्ही.एम. लेकर भ्रमण करेंगे ताकि किसी भी मतदान केन्द्र में ई.व्ही.एम. खराब होने पर तत्काल उसे बदल दिया जाय। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रूचिका जैन जिंदल ने कहा कि सेक्टर, जोनल एवं पुलिस अधिकारी पूरी तरह से भयमुक्त होकर निर्वाचन का कार्य करें। उनके साथ पूरा पुलिस बल खड़ा है। उन्होंने कहा कि लगातार निरीक्षण के दौरान यह भी देखें कि मतदान दिवस एवं उसके पूर्व अनाधिकृत रूप से बिना अनुमति के वाहन न घूमें तथा अपने वाहनों में अपने परिवार के अलावा दूसरे लोगों को बैठाकर मतदान स्थल तक लेजाने वाले वाहनों के चारों पहियों की तत्काल हवा निकाल दें। इसी प्रकार मोटर साइकिल एवं वाइक में भी लोगों को इधर-उधर न घूमने दिया जाय। यदि ऐसा लगता है कि असामाजिक तत्व या अशाॅति फैलाने वाले लोग घूम रहे हैं या मतदान में किसी प्रकार का व्यवधान डाल रहे हैं तो तत्काल दोनों चक्कों की हवा निकाल दें। उन्होंने कहा कि शाॅतिपूर्ण मतदान कि लिये विशेष पुलिस बल लगाया जा रहा है।
अतिथि शिक्षक 15 अप्रैल तक करेंगे काम
सीधी 09 जनवरी 2015 जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी.तिवारी ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा अतिथि शिक्षकों की कार्य करने की अवधि 15 अप्रैल 2015 तक बढ़ा दी है। अब अतिथि शिक्षक स्कूलों में लगातार 15 अप्रैल 2015 तक कार्य करते रहेंगे। पूर्व में 31 दिसम्बर 2014 तक ही अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था स्कूलों में करने के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसमें संशोधन कर 15 अप्रैल 2015 तक के लिये बढ़ा दिया गया है।
फसलों को पाले से करें बचाव
सीधी 09 जनवरी 2015 कृषि विज्ञान केन्द्र के पौध संरक्षण विशेषज्ञ द्वारा जिले के कृषकों को समझाइस दी गयी है कि मौसम की वर्तमान स्थिति में तेजी से गिरते तापक्रम के कारण पाला पड़ने की सम्भावना बढ़ गई है जिससे अरहर, मसूर, टमाटर, आलू एवं सब्जी वर्गीय फसलों को पाले से बचाने हेतु उपय अपनायें। फसलों को स्प्रिंकलर (फब्बारा विधि) द्वारा सिंचाई करना चाहिये जिससे भूमि का तापक्रम ज्यादा नहीं गिरेगा एवं वातावरण में आर्द्रता बनी रहने के कारण पाले का ज्यादा प्रभाव नहीं होगा। पाला पड़ने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए आधी रात के बाद खेत के चारों ओर कूड़़-करकट जला कर धुंआ करें। धुंआ छा जाने से पाला का असर फसल पर नहीं पडे़गा। फलदार छोटे पौधों को पुआल से ढ़ककर पाले से बचाया जा सकता है। पाला पड़ने की संभावना होने से फसल पर 0.1 प्रतिशत वाले गंधक के तेजाब का छिड़काव करना चाहिये। इसके लिये 1 लीटर गंधक के तेजाब को 1000 लीटर पानी में मिलाकर फसल पर सायंकाल छिड़काव करें। यह छिड़काव फसल में 5 प्रतिशत से अधिक फूल आने पर फसल को काफी लाभ रहता है। इसके अतिरिक्त साइकोसिल नाम दवा का भी 0.1 से 0.15 प्रतिशत घोल का छिड़काव लाभप्रद रहेगा। पाला पड़ने के मौसम को देखते हुए डाइमिथाइल सल्फोआक्साइड नामक रसायन का घोल 75 ग्राम दवा को 750 लीटर पानी में बनाकर 50 प्रतिशत फूल आने की अवस्था में 10-15 दिन के अन्तराल पर छिड़काव करने से पाले का प्रभाव नहीं पड़ेगा। उपरोक्त जानकारी परियोजना संचालक जय सिंह एवं संजय श्रीवास्तव द्वारा दी गयी है।
संम्मिलन की कार्यवाही 19 जनवरी को
सीधी 09 जनवरी 2015 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) सीधी विशेष गढ़पाले ने आदेश जारी किया है कि नगर पालिका अधिनियम के अंतर्गत नगर परिषद रामपुर नैकिन के प्रथम सम्मिलन (उपाध्यक्ष का निर्वाचन) की अध्यक्षता करने के लिये आर.पी. त्रिपाठी उपखण्ड अधिकारी रामपुर नैकिन को प्राधिकृत किया है। सम्मिलियन की कार्यवाही 19 जनवरी 2015 को प्रातः 11 से नगर परिषद रामपुर नैकिन के सभाकक्ष में होगी।
सड़क सुरक्षा एवं यातायात निगरानी व्यवस्था की बैठक सम्पन्न
सीधी 09 जनवरी 2015 कलेक्टर सीधी विशेष गढ़पाले ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संबंधी बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न अधिकारियों एवं प्रशासकीय सदस्यों की उपस्थिति में निर्णय लिया गया कि जिला मुख्यालय में दिन-प्रतिदिन जनसंख्यावृद्धि की वजह से स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों के आवागमन को देखते हुये यातायात व्यवस्था बनाये रखना अनिवार्य है। उपस्थित सदस्यगण बैठक में प्रस्तुत एजेन्डानुसार शहर की आये दिन दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए वाईपास की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने इस कार्य का सर्वेक्षण न होने की दशा में लोक निर्माण विभाग नगर पालिका एवं राजस्व अधिकारी सर्वेक्षण का कार्य नगर पालिका अधिकारी तथा उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास को अपने अधीनस्थ राजस्व निरीक्षकों से कार्य पूर्ण कराकर प्रत्येक सप्ताह पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। आटो स्टैण्ड का मार्ग निर्धारित समय से आना-जाना सुनिश्चित कर बस स्टैण्ड पर सवारी को छोड़ सके टैक्सी स्टैण्ड का बोर्ड लगाने का दायित्व नगर पालिका क्षेत्र से बाहर नहीं चलने में इसकी जाॅच जिला परिवहन अधिकारी करेंगे। सड़क सुरक्षा की व्यवस्था को दुरूस्त करने की आवश्यक उपाय किये जाने चाहिये। यातायात व्यवस्था सुधार के लिये व्यवसायिक क्षेत्रों राजस्व विभाग के अधिकारी एवं नगर पालिका अधिकारी और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टी गठित कर प्रत्येक समूह सर्वे कर अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही करेंगे। पार्किंग व्यवस्था के लिये नगर पालिका अधिकारी को आदेशित किया गया है कि शहर में पार्किंग को पीले रंग से बोर्ड में प्रदर्शित किया जाये और ओव्हरलोड ट्रकों को पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त बैठक में चर्चा की गयी कि ट्रकों को रोकने के लिये आवश्यक उपाय करना चाहिये। जिले में अभी तक 733 चालान किया जाकर लगभग 67 लाख रूपये के अर्थदण्ड की वसूली की गयी है। बैठक में उपस्थित सदस्यों को कलेक्टर द्वारा धन्यवाद देते हुए कहा कि शासकीय कार्य को प्राथमिकता के आधार पर एवं समयसीमा में निराकरण करने का दिशानिर्देश देते हुए बैठक का समापन किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें