कलेक्टर ने किया हाई स्कूल भवन तथा सडक निर्माण का निरीक्षण
पन्ना 22 जनवरी 15/गत दिवस कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने अजयगढ विकासखण्ड का दौरा किया। उन्होंने ग्राम तरौनी में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा बनाए जा रहे हाई स्कूल भवन का निरीक्षण किया। भवन का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित कार्यपालन यंत्री को निर्माण कार्य 31 जनवरी तक पूरा करके पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन के साथ बाउण्ड्रीबाल का भी निर्माण कराएं। भवन में अच्छी गुणवत्ता के वायर से बिजली की फिटिंग कराएं। हाईस्कूल के लिए राष्ट्रीय शिक्षा योजना के तहत स्वीकृत प्रयोगशाला भवन का भी इसी परिसर में निर्माण कराएं। उन्होंने मौके पर उपस्थित तहसीलदार अजयगढ को आसपास की शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे उप स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इसके बाद ग्राम खरौनी में मुख्य मार्ग से ग्राम तक निर्माणाधीन प्रधानमंत्री ग्राम सडक का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में अच्छी गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग करें। खरौनी में केन नदी में रेत की खदानें मंजूर की जा रही हैं। निर्माणाधीन सडक से बडे ट्रक तथा डम्फर भी गुजरेंगे उनकी भार क्षमता को ध्यान में रखकर सडक का निर्माण करें। इसके बाद कलेक्टर ने खरौनी, चांदीपाठी तथा बीरा में प्रस्तावित रेत खदानों का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित खनिज अधिकारी के.पी. दिनकर ने बताया कि आगामी 28 जनवरी को रेत खदानों की सार्वजनिक नीलामी की जाएगी। इसमें केन नदी में स्थित ग्राम खरौनी की 7.5 हेक्टेयर, चांदीपाठी में 11.5 हेक्टेयर तथा बीरा में 7 हेक्टेयर एवं 6 हेक्टेयर की तीन खदानें शामिल हैं इनकी नीलामी होने के बाद रेत की उपलब्धता सुगम हो जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि अवैध रूप से रेत उत्खनन तथा परिवहन में लिप्त व्यक्तियों पर कडी कार्यवाही करें। निरीक्षण के समय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत चन्द्रशेखर शुक्ला, एसडीएम डी.डी. गुप्ता, तहसीलदार बबिता राठौर, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आनन्द शुक्ला तथा जिला एवं खण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
कुष्ठ उन्मूलन कार्यशाला सम्पन्न
पन्ना 22 जनवरी 15/राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन के अन्तर्गत आईपीडीपी सभाकक्ष में जिला स्तरीय कुष्ठ कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष श्री मोहन लाल कुशवाहा द्वारा की गई। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि कुष्ठ उन्मूलन में आमजन सहयोग दें। कार्यशाला प्रारंभ में रज्जब अली एमएनएस द्वारा कुष्ठ विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। डाॅ. सुधाकर पाण्डेय डीएचओ द्वारा कुष्ठ रोग के बारे में विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। जिला कुष्ठ अधिकारी डाॅ. डी.पी. प्रजापति ने वर्ष 2015-16 में चलाए जाने वाली कुष्ठ उन्मूलन संबंधी गतिविधियों की कार्ययोजना विवरण प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला के समापन पर डाॅ. संजय अहिरवार जिला कुष्ठ सलाहकार द्वारा कार्यशाला में उपस्थितों प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कलेक्टर पन्ना विकासखण्ड में किया कई कार्यो का निरीक्षण
- गढीपडरिया में सब्जी उत्पादन के लिए करें विशेष प्रयास-कलेक्टर
पन्ना 22 जनवरी 15/कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने पन्ना विकासखण्ड के ग्राम सकरिया, चैपरा, अमचुई तथा गढीपडरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाडी केन्द्र, स्कूल, वृक्षारोपण की तैयारी, पंच परमेश्वर सडक, चना प्रदर्शन फसल, तालाब निर्माण तथा कार्यशाला सह गोदाम निर्माण का निरीक्षण किया। ग्राम अमचुई में ग्रामवासियों ने बताया कि गांव के लिए सडक मार्ग न होने कारण बहुत अधिक परेशानी है। कलेक्टर कहा कि ग्रामवासी सडक निर्माण में सहयोग करें तो गांव को शीघ्र ही सडक उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने गांव को सकरिया-गुनौर मार्ग से सीधे जोडने के लिए कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को सर्वेक्षण करके स्टीमेट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना से अमचुई में सडक निर्माण प्रस्तावित है। अप्रैल 2015 तक निर्माण कार्य स्वीकृत होकर प्रारंभ हो जाएगा। कलेक्टर ने कृषि विभाग द्वारा बनाए गए स्टाप डेम की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम चैपरा में आंगनवाडी केन्द्र में आयोजित स्नेह शिविर में भाग लिया। उन्होंने कहा कि शिविर में शामिल सभी बच्चों का पूरा स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पोषण आहार वितरण की व्यवस्था करें। बच्चों को खिलौनों के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा मनोरंजनात्मक तरीके से प्रदान करें। उन्होंने मध्यान्ह भोजन निर्माण तथा प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय बच्चों की शैक्षणिक स्थिति संतोषजनक नही पायी गई। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से पेयजल व्यवस्था, खाद्यान्न वितरण, पेंशन वितरण की जानकारी ली। खाद्यान्न वितरण तथा पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पायी गई। कलेक्टर ने नलजल योजना से जल आपूर्ति का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ग्राम चैपरा में वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता ने बताया कि 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में आगामी जुलाई माह में वृक्षारोपण किया जाएगा। इसमें 30 हजार सागौन, 3 हजार बहेरा तथा 2 हजार बांस के पौधे रोपित किए जाएंगे। इनकी 7 वर्षो तक सुरक्षा तथा देखभाल वन विभाग द्वारा की जाएगी। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम गढीपडरिया में धनिया उत्पादन तथा 20 हेक्टेयर में चना प्रदर्शन फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गढीपडरिया में सब्जी उत्पादन के लिए उद्यानकी तथा कृषि विभाग विशेष कार्ययोजना बनाएं। यहां के किसान सब्जी उत्पादन में रूचि रखते हैं। उन्हें उन्नत सब्जी बीज तथा सब्जी उत्पादन तकनीक की जानकारी दें। जिससे किसान कम लागत में अधिक लाभ देने वाली सब्जियों का उत्पादन कर सकें। इसके बाद कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा तालाब सुधार कार्य का निरीक्षण किया। कार्यपालन यंत्री ने बताया कि तालाब के क्षेत्र का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए 33 लाख रूपये की राशि मंजूर की गई है। इसमें पानी के रिसाव को रोकने के लिए काली मिट्टी से पडलिंग की जाएगी। इसमें पत्थरों से पीचिंग कराई जाएगी। कलेक्टर ने तालाब को गहरा करने के साथ उसमें अधिक पानी के निकास के लिए उचित स्थान पर वेस्ट वियर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक निर्माण से तालाब में पानी की आवक कम हो गई है। नाले से तालाब को जोडकर इसमें जल भराव की उचित व्यवस्था करें। इसके बाद कलेक्टर ने पंच परमेश्वर योजना से बनाई गई सडक तथा शौचालयों के निर्माण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय एसडीएम अशोक ओहरी संयुक्त कलेक्टर एन.के. बीरवाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक चतुर्वेदी, कार्यपालन यंत्री पीएचई के.पी. वर्मा, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रसेन सिंह तथा जिला एवं खण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
दृष्टि पत्र 2018 तैयार कर प्रस्तुत करें-कलेक्टर
पन्ना 22 जनवरी 15/कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने जिले के समस्त कार्यालय प्रमुख, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, नगरपालिका अधिकारी नगरपालिका परिषद पन्ना एवं नगर परिषद अजयगढ को निर्देश दिए है कि 31 दिसंबर 2014 की स्थिति में विधान सभा क्षेत्रवार दृष्टि पत्र 2018 तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। इस आशय के निर्देश मंत्री पशुपालन, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास, कुटीर एवं ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले द्वारा दिए गए हैं। कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए है कि दृष्टि पत्र 2018 विभागवार तीन प्रतियों में तैयार कर सी.डी. सहित विशेष पत्र वाहक से जिला कार्यालय को तत्काल प्रेषित करें।
मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण 27 से
पन्ना 22 जनवरी 15/कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आर.क.े मिश्रा द्वारा त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन में लगाए गए मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। यह प्रशिक्षण 27 जनवरी से 5 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण निर्धारित तिथियों में प्रातः 11 बजे से अपरांह 4 बजे तक निर्धारित केन्द्रों में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए जिलेभर में 21 केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक केन्द्र के लिए मास्टर ट्रेनर नियुक्त कर दिए गए हैं।
स्व-सहायता समूहोें के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान
पन्ना 22 जनवरी 15/त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिले में आगामी 22 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को मताधिकार के उपयोग के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। डीपीआईपी परियोजना द्वारा स्व सहायता समूहों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में जिला समन्वयक डीपीआईपी डाॅ0 आनन्द त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना के तहत गठित 2893 स्व-सहायता समूहों एवं 311 ग्राम उत्थान समितियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें स्व-सहायता समूह परिवारों में शत्-प्रतिषत् मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। समूह के सदस्यों से मतदान में भाग लेने के संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। उन्हें इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मषीन से मतदान के साथ नोटा की भी जानकारी दी जा रही है।
सभी शालाओं में गणतंत्र दिवस में मिलेगा हलुवा-पूरी
पन्ना 22 जनवरी 15/जिले की सभी प्राथमिक तथा माध्यमिक शालाओं में गणतंत्र दिवस पर विशेष मध्यान्ह भोजन का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने कहा है कि सभी शालाओं में विशेष मध्यान्ह भोज के तहत सब्जी, पूरी, खीर अथवा सब्जी, पूरी, हलुवा एवं लड्डू का बच्चों में वितरण कराएं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा है कि सभी प्राचार्य, प्रधानाध्यापक, खण्ड शिक्षा अधिकारी तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशेष मध्यान्ह भोजन के लिए आवश्यक प्रबंध करें। पूरी स्वच्छता के साथ भोजन तैयार कर विद्यार्थियों में वितरित कराएं। निरीक्षण रोस्टर के अनुसार निर्धारित अन्त्योदय राशन कार्डधारी वृद्धजनों एवं माताओं को भी विशेष मध्यान्ह भोजन में शामिल करें। उन्होंने विशेष मध्यान्ह भोजन के लिए तैनात नोडल अधिकारियों को गणतंत्र दिवस पर विशेष मध्यान्ह भोजन के संबंध में निरीक्षण के बाद प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें