जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य की मतगणना सम्पन्न
सीधी 22 जनवरी 2015 त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन-2015 के तहत सीधी विकासखण्ड में प्रथम चरण में सम्पन्न जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य की मतगणना स्थानीय संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय में पारदर्शी ढ़ंग से सम्पन्न हुयी। मतगणना का कार्य के लिये सुरक्षा व्यवस्था चाक चैबन्द की गयी थी। मतगणना के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा स्वयं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशेष गढ़पाले ले रहे थे। मतगणना के दौरान किन नियमों का पालन करना है उसकी घोषणा भी स्वयं कर रहे थे। मतगणना के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग से नियुक्त पर्यवेक्षक योगेन्द्र द्विवेदी मतगणना होने तक स्वयं मौजूद रहकर मतगणना कार्य का अवलोकन करते रहे। प्रथम चक्र की मतगणना में जिला पंचायत सदस्य के लिये वार्ड क्रमांक-5 मवई, वार्ड क्रमांक-6 सेमरिया, वार्ड क्रमांक-7 अमरवाह और वार्ड क्रमांक-8 गांधीग्राम के लिये 57 अभ्यर्थियों की मतगणना की गयी। इसी प्रकार जनपद पंचायत सदस्य के लिये 196 उम्मीदवारों की मतगणना सम्पन्न हुयी। प्रथम दौर की मतगणना मतदान केन्द्र क्रमांक एक से 104 तक की ई.व्ही.एम. के माध्यम से की गयी। द्वितीय चक्र की मतगणना मतदान केन्द्र क्रमांक 105 से 208 तक के लिये और इसी प्रकार तृतीय चक्र की मतगणना सम्पन्न हुयी। मतगणना केन्द्र स्थल तक आने के लिये अभ्यर्थियों एवं अभिकर्ताओं को पास जारी किये गये थे। इसी प्रकार मतगणना पर्यवेक्षक और मतगणना सहायकों को भी पास दिये गये थे। मतगणना दल के बीमार होने पर तत्काल उपचार के लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीम की व्यवस्था की गयी थी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ई.व्ही.एम. में कोई भी एरर आने पर तुरंत सुधारने हेतु ई.व्ही.एम. के पास ही इंजीनियर लगा रखे थे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना दलों को आभार व्यक्त किया- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशेष गढ़पाले ने शाॅतिपूर्ण मतगणना सम्पन्न होने पर मतगणना दलों, अभ्यर्थियों, अभिकर्ताओं, सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसबल का आभार व्यक्त किया है। मतगणना के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती रूचिका जैन जिंदल सतत रूप से मौजूद थीं।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ 24 जनवरी को
सीधी 22 जनवरी 2015 राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ सभी शासकीय विभागों, कार्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों में 24 जनवरी को दिलायी जायेगी। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अवगत कराया गया है कि 25 जनवरी को शासकीय अवकाश होने से राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ 24 जनवरी को दिलायी जायेगी। मतदाताओं द्वारा ली जाने वाली शपथ ‘‘ हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुये यह शपथ लेते हैं, कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शाॅतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुये, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुये बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे’’ ।
गणतंत्र दिवस शुष्क दिवस घोषित
सीधी 22 जनवरी 2015 कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने आदेश जारी किया है कि 26 जनवरी 2015 गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुष्क दिवस के रूप में घोषित किया गया है। इस अवसर पर जिले की समस्त प्रकार की देशी एवं विदेशी मदिरा की दुकानें 26 जनवरी 2015 को पूर्णतः बन्द रहेंगी। घोषित शुष्क दिवस में किसी भी प्रकार की मदिरा का क्रय-विक्रय एवं परिवहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। जिले की समस्त मदिरा दुकानें स्टोरेज वेयर हाउस एवं विदेशी मदिरा गोदाम 25 जनवरी 2015 की रात्रि 10.30 बजे 26 जनवरी 2015 को सम्पूर्ण दिवस बन्द रखने का आदेश पर कड़ाई पालन करने के निर्देश दिये हैं।
बाल विवाह रोकें
सीधी 22 जनवरी 2015 कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने कहा है कि ‘‘लाडो अभियान’’ के तहत आम नागरिकों से अपील है कि अपने गांव, नगर एवं आस-पास कहीं भी बाल विवाह न होने दें और न स्वयं अपने बेटी का बाल विवाह न करें। कलेक्टर ने कहा है कि समाज में बाल विवाह एक सामाजिक बुराई के रूप में प्रचलित है इसको प्रशासन एवं सामाजिक भागीदारी से ही खत्म किया जा सकता है। जिले के समस्त माता-पिता, अधिकारियों-कर्मचारियों, शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं, धर्मगुरूओं, स्कूल-कलेजों के शिक्षकगण, छात्रगण, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, जिला एवं जनपद एवं ग्राम पंचायतों के सभासद एवं आमजन से अपील की गयी है कि ‘‘लाडली की उम्र 18 और लड़के की उम्र 21 वर्ष से पूर्व विवाह करना कानूनी रूप से अपराध है’’। बाल विवाह न रचें और अपराध से बचें।
कलेक्टर ने संजय गांधी नर्सरी का औचक निरीक्षण किया
सीधी 22 जनवरी 2015 कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने विकासखण्ड कुसमी के प्रवास के दौरान रौहाल ग्राम में स्थित संजय गांधी उद्यान का औचक निरीक्षण कर तरबूज, ककड़ी, खरबूजा जैसे फलों को विकसित और प्रचुर मात्रा में उत्पादन करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यदि अगले एक माह में अपेक्षित सुधार नहीं आया तो उद्यान अधीक्षक सुखलाल साकेत के विरूद्ध कड़ी दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने उद्यान की दयनीय हालत देखकर गंभीर असंतोष प्रकट किया। उनके निरीक्षण के दौरान उद्यान अधीक्षक नदारत मिले। वहां उपस्थित माली ने बताया कि श्री साकेत जिला मुख्यालय में आवश्यक बैठक में भाग लेने गये हैं। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने उद्यान में पहाड़ से निकलने वाले नाले से ग्रेवटी सिस्टम के माध्यम से होने वाली सिंचाई के श्रोत को देखा और कहा कि उद्यान अधीक्षक एवं माली यदि रूचि लें तो इस उद्यान की काफी प्रगति की जा सकती है। उद्यान में अमरूद, आमला, पपीता और नेबू की रोपणी तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्यान में विभिन्न फलों के पौधे, सीजनल सब्जियां तथा बटिंग फूल के पौधे विकसित कर उद्यान को आकर्षक एवं उपयोगी बनाया जा सकता है।
जब कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में बिछवाई चादर
सीधी 22 जनवरी 2015 कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने कुसमी में अपने प्रवास के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पोड़ी का औचक निरीक्षण किया। उनके ध्यान में यह बात आयी कि स्वास्थ्य केन्द्र में सभी खाली वेडों में चादरें बिछी थीं लेकिन लुरघुटी ग्राम की रामकली जो कि एम.एल.सी. के लिये आयी थी उसे वेड में बिना चादर बिछाये ही लिटा दिया गया था। कलेक्टर ने इस पर आपत्ति की और वहां पर उपस्थित ए.एन.एम. को तुरंत वेड में साफ-सुथरी चादर बिछाने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने स्वास्थ्य केन्द्र के खखार परीक्षण केन्द्र के अवलोकन के दौरान अत्यन्त गंदा पाये जाने पर अफसोस प्रगट किया और कहा कि यहां पर मेरे निर्देशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। मैने पूर्व में निरीक्षण के दौरान परीक्षण केन्द्र को साफ एवं स्वच्छ रखने के निर्देश दिये थे लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र के दवाई भण्डार कक्ष, लेवर रूम और पैथोलाजी कक्ष का भी अवलोकन किया।
भारत पर्व का आयोजन 26 जनवरी को
सीधी 22 जनवरी 2015 गणतंत्र दिवस अवसर पर सीधी जिले में लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व आयोजित किया जायेगा। भारत पर्व का आयोजन शाम को होगा। सीधी जिले में मानस भवन में भारत पर्व आयोजित होगा। स्वराज संस्थान द्वारा बताया गया कि सीधी जिले में डिण्डोरी का लोक नर्तक दल गणपत सिंह मरावी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय लोक शैला और बैगा लोकनृत्य का प्रदर्शन करेंगे। इसी प्रकार रीवा से मणिमाला सिंह 12 सदस्यों के साथ बघेली लोकगीत का गायन करेंगी।
सिंगरौली में भारत पर्व का आयोजन 26 जनवरी को
सीधी 22 जनवरी 2015 गणतंत्र दिवस अवसर पर सिंगरौली जिले में लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व आयोजित किया जायेगा। भारत पर्व का आयोजन शाम को होगा। सिंगरौली जिले में सामुदायिक भवन बैढ़न में भारत पर्व आयोजित होगा। स्वराज संस्थान द्वारा बताया गया कि सिंगरौली जिले में डिण्डोरी का लोक नर्तक दल लाल सिंह मरकाम के नेतृत्व में 15 सदस्यीय बैगा लोकनृत्य का प्रदर्शन करेंगे। इसी प्रकार अनूपपुर से साधना मिश्रा 10 सदस्यों के साथ आजादी के तराने गायेंगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें