कलेक्टर ने दिलाई मतदाता दिवस शपथ
पन्ना 24 जनवरी 15/राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सभी कार्यालयों में प्रातः 11 बजे अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने मतदाता दिवस की शपथ ली। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आर.के. मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों तथा कर्मचारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल कराएं। देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखते हुए निर्भीक होकर सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का उपयोग करें। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला, एसडीएम अशोक ओहरी तथा कलेक्ट्रेट परिसर के सभी कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्री सुश्री मेहदेले ध्वजारोहण करके लेंगी परेड की सलामी
पन्ना 24 जनवरी 15/गणतंत्र दिवस समारोह जिला मुख्यालय के पुलिस परेड मैदान मेें आयोजित किया जाएगा। समारोह प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले मंत्री पशुपालन, उद्यानकी, खाद्य प्रसंस्करण, मछुआ कल्याण, ग्रामोद्योग, पीएचई एवं विधि और विधायी कार्य द्वारा ध्वजारोहण से प्रारंभ होगा। इसके बाद मुख्य अतिथि सुश्री मेहदेले जिला पुलिस बल, नगर सैनिक, एनसीसी एवं स्काउट गाईड की संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। परेड के निरीक्षण के बाद वे मुख्यमंत्री जी का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। इसके बाद समारोह में विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा 8 रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह का समापन पुरस्कार वितरण से होगा। समारोह में भाग लेने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसाबंदियों, सांसद, विधायकगणों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। मंत्री सुश्री मेहदेले डाईट परिसर में स्थित सुकरात प्राथमिक शाला में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोज में भी शामिल होंगी। गणतंत्र दिवस की संख्या पर शाम 6.30 बजे से भारत पर्व का आयोजन टाउनहाल पन्ना में किया जाएगा। इसमें लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
कलेक्ट्रेट में कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण
पन्ना 24 जनवरी 15/गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर आर.के मिश्रा प्रात 8.00 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके साथ-साथ जिले के सभी कार्यालय में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थाओं शासकीय तथा अशासकीय संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया जाएगा। एस.डी.एम पन्ना अशोेक ओहरी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ध्वजारोहण के समय उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत में होगा ध्वजारोहण
पन्ना 24 जनवरी 15/गणतंत्र दिवस पर जिला पंचायत कार्यालय में कार्यालय में 7.30 बजे जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ध्वजारोहण करेगें। जिला पंचायत के सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को ध्वजारोहण के समय उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
परेड तथा कार्यक्रमों का हुआ अंतिम रिहर्सल, कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक ने देखी रिहर्सल
पन्ना 24 जनवरी 15/गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जायेगा। इसमें शामिल परेड एवं अन्य कार्यक्रमों का अंतिम रिहर्सल कलेक्टर आर.के मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक आई.पी अरजरिया के समक्ष किया गया। रिहर्सल में परेड दल में शामिल 12 दलों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। बैण्ड की धुन पर आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। रिहर्सल में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने आकर्षक पीटी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों के 8 दलों ने रोचक तथा राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर अनूप सिंह, अपर कलेक्टर विकास चन्द्रशेखर शुक्ला तथा संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी एन.के वीरवाल, एसडीएम शाहनगर श्रीमती शिखा पोरस तथा एसडीएम अशोक ओहरी उपस्थित रहे।
आचरण संहिता के साथ मनाए गणतंत्र दिवस
पन्ना 24 जनवरी 15/कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आर.के. मिश्रा द्वारा बताया गया कि गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन आचरण संहिता निर्वहन के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासकीय संस्थानों द्वारा आयोजित समारोह में त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा ध्वजारोहण नही किया जाएगा। नगरीय निकायों में नगर परिषद अध्यक्ष ध्वजारोहण करके मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन करेंगे। गुनौर तथा शाहनगर विकासखण्ड मुख्यालयों में संबंधित एसडीएम ध्वजारोहण करेंगे।
सभी शासकीय भवनों में होगी रोशनी
पन्ना 24 जनवरी 15/जिले की सभी महत्वपूर्ण इमारतों तथा शासकीय भवनों में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की संध्या में की जाएगी। कलेक्टर आर.के मिश्रा ने सभी कार्यालय प्रमुखों को कार्यालय भवनों में रोशनी कराने के निर्देश दिए हैं।
गणतंत्र दिवस में लगेगी चित्र प्रदर्शनी
पन्ना 24 जनवरी 15/गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 26 जनवरी को टाउनहाल पन्ना में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 6.30 बजे से आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ-साथ विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इसमें शासन की उच्च प्राथमिकता की योजनाओं, विकास कार्यो तथा जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। आम जनता से प्रदर्शनी के अवलोकन करने की अपील की गई है।
गणतंत्र दिवस में मदिरा बिक्री में रहेगा प्रतिबंध
पन्ना 24 जनवरी 15/शासन के वाणिज्य कर विभाग जारी सूचना के अनुसार पन्ना जिले की सभी देशी तथा विदेशी मदिरा की दुकानों में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को मदिरा बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगी। इस दिन मदिरा के क्रय -विक्रय तथा परिवहन पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। कलेक्टर आर.के मिश्रा ने जिला आबकारी अधिकारी को पूरी कठोरता के साथ प्रतिबंध को लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही के निर्देश दिए है।
गणतंत्र दिवस में होंगे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
पन्ना 24 जनवरी 15/गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की संध्या पर भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम टाउनहाल पन्ना में शाम 6.30 बजे से आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने बताया कि भारत पर्व के तहत स्वराज संस्थान संचालनालय द्वारा दो दल भेजे गए हैं। समारोह में ग्राम उत्थान सांस्कृतिक कला संस्थान टीकमगढ का 7 सदस्यी दल श्री काशीराम अहिरवार की अगुवाई में किहरवा स्वांग तथा ढिमरयाई बुन्देली लोक नृत्य प्रस्तुत करेगा। जबलपुर के लोक कलाकार सचिन दुबे अपने 8 साथियों के साथ बुन्देली लोकगीत प्रस्तुत करेंगे। श्री शुक्ला ने आमजनता से समारोह से लाभ उठाने की अपील की है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आज
पन्ना 24 जनवरी 15/राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिलेभर में 25 जनवरी को कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह छत्रसाल महाविद्यालय पन्ना में दोपहर 12 बजे से आयोजित किया गया है। इसकी मुख्य अतिथि कलेक्टर आर.के. मिश्रा होंगे। उन्होंने बताया कि समारोह में नये मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे। समारोह में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मतदाता दिवस संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में मतदाता सूची तथा चुनाव के संबंध में श्रेष्ठ कार्य करने वाले बीएलओ एवं मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर के साथ-साथ सभी तहसीलों तथा प्रत्येक मतदान केन्द्र मंे भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी एसडीएम तथा तहसीलदारों को प्रत्येक मतदान केन्द्र में मतदाता जागरूकता दिवस कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होगा शौर्या दल
पन्ना 24 जनवरी 15/गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस परेड मैदान पन्ना में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें मुख्य अतिथि सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले मंत्री पशुपालन, पीएचई, ग्रामोद्योग, मछली पालन, विधि तथा विधायी कार्य ध्वजारोहण करके परेड की सलामी लेंगी। परेड में सशस्त्र बलों के साथ पहली बार शौर्या दल शामिल होगा। इस संबंध में जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी नयन सिंह ने बताया कि ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को जागरूक करने के लिए शौर्या दल का गठन किया जा रहा है। इस दल के माध्यम से महिलाओं को आत्मरक्षा, जागरूकता तथा विकास की प्रेरणा दी जा रही है। विभिन्न ग्रामों की 21 चुनी हुई लडकियों के शौर्या दल को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में पहली बार शामिल किया गया है। इसके साथ साथ गणतंत्र दिवस झांकी में भी शौर्या दल को प्रदर्शित किया जाएगा।
सुकरात शाला में आयोजित होगा जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोज
पन्ना 24 जनवरी 15/गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले की सभी प्राथमिक तथा माध्यमिक शालाओं में 26 जनवरी को विशेष मध्यान्ह भोजन का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोज डाईट परिसर पन्ना में स्थित सुकरात प्राथमिक शाला में आयोजित किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि मंत्री सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले उद्यानकी, पशुपालन, पीएचई, विधि तथा विधायी कार्य इसमें शामिल होंगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी पन्ना तथा जिला शिक्षा अधिकारी को मध्यान्ह भोजन के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें