सीबीआई ने बुधवार को देर रात पूर्व केंद्रीय मंत्री दयानिधि मारन के तत्कालीन अतिरिक्त निजी सचिव वी.गोथामन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां तत्कालीन दूरसंचार मंत्री मारन के चेन्नई स्थित आवास से 300 से अधिक हाईस्पीड लाइनों को मारन के भाई के टीवी चैनल तक ले जाने के सिलसिले में हुई हैं।
सीबीआई के अनुसार गोथामन के अलावा, चीफ टेक्निकल अफसर एस कानन और सन टीवी नेटवर्क के इलेक्ट्रिशियन एलएस रवि को भी गिरफ्तार किया गया है। इन तीनों को चेन्नई की एक अदालत में गुरुवार को पेश किया जाएगा। सीबीआई ने इस मामले में अक्टूबर 2013 में मारन और बीएसएनएल के अधिकारियों के खिलाफ एक प्रारंभिक जांच शुरू की थी। जांच एजेंसी का दावा है कि पूर्व मंत्री के खिलाफ एक नियमित मामला चलाने के लिए अब उसके पास पुख्ता सबूत हैं।
आरोप है कि 323 घरों की फोन लाइनें जो बीएसएनएल के महाप्रबंधक के नाम पर थीं उन्हें अनुचित तरीके से मारन के बोट हाउस निवास और सन टीवी के दफ्तर से जोड़ दिया गया था। उस समय मारन दूरसंचार मंत्री थे। उनके घर और चैनल के दफ्तर के बीच अपने आप में एक अवैध टेलीफोन एक्सचेंज स्थापित कर दिया गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें