अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले सत्र में पाँच प्रतिशत उतरने के बाद आज कच्चा तेल में गिरावट जारी रही और अमेरिकी क्रूड 50 डॉलर तथा ब्रेंट क्रूड 53 डॉलर प्रति बैरल के नीचे साढ़े पाँच साल से ज्यादा के नये न्यूनतम स्तर पर आ गया। शुरुआती कारोबार में अमेरिकी क्रूड 49.32 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया जो अप्रैल 2009 के बाद का नया निचला स्तर है। हालाँकि बाद में थोड़ा सँभलते हुये यह पिछले दिवस की तुलना में 41 सेंट नीचे 49.63 डॉलर प्रति बैरल पर था। ब्रेंट क्रूड भी शुरुआती कारोबार में 52.28 डॉलर प्रति बैरल तक उतर गया जो इसका भी अप्रैल 2009 के बाद का नया सबसे कम स्तर है। बाद में इसमें कुछ सुधार देखा गया और यह पिछले दिवस के मुकाबले 28 सेंट नीचे 52.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
कच्चा तेल में बड़ी गिरावट का कारण अमेरिका. रूस और इराक में उत्पादन बढ़ने का ॉंकड़ा रहा। रूस में उत्पादन सोवियत युग के बाद के अधिकतम स्तर पर पहुँच गया है और इराक का निर्यात 35 साल के अधिकतम स्तर पर है। अमेरिका में भी 02 जनवरी को समाप्त सप्ताह में वाणिज्यिक कच्चा तेल और पेट्रोलियम उत्पाद का भंडार बढ़ने की रिपोर्ट आयी है। इन दबावों के कारण ब्रेंट क्रूड भी 50 डॉलर प्रति बैरल के नीचे उतरने को बेताब है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें