दिल्ली विधानसभा में टिकट को लेकर बीजेपी की अंदरूनी कलह दूसरे दिन भी दिखी. बुधवार को भी बीजेपी के दफ्तर में नाराज़ कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और पार्टी विरोधी नारे लगाए. दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष अभय वर्मा लक्ष्मीनगर से टिकट चाह रहे थे लेकिन टिकट नहीं मिलने पर उनके समर्थकों ने हंगामा कर दिया. हंगामा बढ़ा तो प्रभात झा ने अभय वर्मा को डांट दिया. प्रभात झा ने अभय वर्मा को कह दिया कि अगर हंगामा शांत नहीं हुआ तो उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा.
नाराज़ कार्यकर्ताओं ने दिल्ली बीजेपी के प्रभारी प्रभात झा के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की. कार्यकर्ताओं ने प्रभात झा को घेर भी लिया. जब इस संबंध में प्रभात झा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को विरोध का हक़ है. झा ने कहा, "कार्यकर्ता अपने नेता को टिकट नहीं मिलने पर नाराज़ हैं और उन्हें ये नाराज़गी दिखाने का हक है. ये कोई बड़ा मुद्दा नहीं है."कल भी टिकट बंटवारे को लेकर बीजेपी के दफ्तर और दूसरे कई जगहों पर अमित शाह मुर्दाबाद से लेकर विरोध के कई दूसरे नारे लगे. दिल्ली में नामांकन का आज आखिरी दिन है. ऐसे में टिकट से चूके नेताओं के लिए विरोध जताने का ये आखिरी मौका है.
मंगलवार को दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के समर्थकों ने पार्टी दफ्तर में हंगामा किया. समर्थक सतीश उपाध्याय को टिकट नहीं दिए जाने से नाराज थे. धीर सिंह बिधूडी ने ओखला से टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी से इस्तीफा दे दिया. उनका आरोप था कि बीजेपी ने उनके बजाए बीएसपी से आए ब्रह्म सिंह को टिकट दिया. धीर सिंह बिधूडी के मुताबिक बीजेपी में कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है. बीजेपी दफ्तर में पूर्वांचल के बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी टिकट बंटवारे पर नाराज़गी जताते हुए जमकर हंगामा किया. पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी दफ्तर में 'अमित शाह मुर्दाबाद' के नारे भी लगाए थे और उन्हें खूब खरी खोटी सुनाई थी.
पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बीजेपी ने टिकट बंटवारे में पूर्वांचल के लोगों की अनदेखी की और सिर्फ एक टिकट पूर्वांचल के नेता को दिया गया. रोहिणी में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने टिकट बंटवारे और वीजेंद्र गुप्ता को उम्मीदवार बनाए जाने के खिलाफ नारे लागए. बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप था कि जयभगवान को दरकिनार करके बीजेपी ने अपने कार्यकर्ताओं को धोखा दिया. सोमवार की देर रात बीजेपी ने 62 सीटों पर अपने उम्मीदवार का एलान किया. टिकट बंटवारे को लेकर बीजेपी के दिल्ली के बड़े नेताओं में काफी रोष है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें