नेता व कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद कायम करेंः अंबिका सोनी
- -कांग्रेस के मंथन शिविर में लोस चुनाव में मिली हार व पार्टी संगठन की मजबूती को लेकर हुई चर्चा
- -अंबिका ने कहा एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने के बजाए आपसी बातचीत का रास्ता अपनाएं
देेहरादून10 जंनवरी(निस) । देहरादून में कांग्रेस का मंथन शिविर आयोजित किया गया। मंथन शिविर में लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार के कारणों और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा हुई और सुझाव लिए गए। बैठक में सरकार से पीडीएफ कोटे के मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाए जाने की मांग भी उठी। मंथन शिविर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी ने कहा कि कांग्रेस नेता आपसी मतभेदों को भूलकर मिशन 2017 की तैयारियों में जुटें। नेताओं के मतभेद से जनता में गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेता आम जनता के बीच जाकर काम करें। जब तक जनता के साथ सीधा संवाद नहीं होगा जनता से करीबी संभव नहीं है। राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित इस मंथन शिविर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रदेश सह प्रभारी संजय कूपर, मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा समेत सरकार के कई मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मंथन शिविर में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के कारणों की समीक्षा की गई और पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जिला व ब्लाॅक स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएं। कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाना जरूरी है। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पार्टी नेताओं को एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने के बजाए आपसी बातचीत करनी चाहिए। एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने से समस्या का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि विधायक व मंत्रियों को आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना चाहिए। जब तक उनका जनता के साथ सीधा संवाद नहीं होगा जनता से करीबी संभव नहीं है। अंबिका सोनी ने कहा कि आज जिस प्रकार से विरोधी दल कांग्रेसमुक्त भारत का नारा देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, इसके लिए जनता को जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विरोधियों को इसका करारा जवाब देना होगा और इसके लिए सभी को सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जो समस्याएं हैं उन्हें वह पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के समक्ष रखेंगी। मंथन शिविर को मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रदेश सहप्रभारी संजय कपूर आदि नेताओं ने संबोधित किया। शिविर में कैबिनेट मंत्री डा. इंदिरा ह्रदयेश, दिनेश अग्रवाल समेत तमाम मंत्री, विधायक, कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वैली ब्रिज एक फिट झुका
देेहरादून10 जंनवरी(निस) । विकास खंड भिलंगना के असेना मंे लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाया जा रहा वैली ब्रिज अभी बन कर तैयार भी नहीं हुआ कि यह बीच में से एक फीट नीचे झुक गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अभी पुल की टेस्टिंग की जाएगी। बारिश के दिनों मे चार धाम यात्रा की दृष्टि से लाईफ लाइन कहा जाने वाला टिहरी-घनसाली मोटर मार्ग पर असेना के पास कई बार भूस्खलन हो जाता है इससे पूरी तरह से सड़क टूटने के कारण यात्रियों तथा वाहनों को कई दिनों तक सड़क बनने के इंतजार में खड़े रहना पड़ता था तब जनता की मांग पर शासन से असेना में 42 मीटर लंबा वैली ब्रिज के निर्माण की स्वीकृति मिली थी जिसे सिर्फ हल्के वाहनों के लिए ही बनाना जाना है। इसे अनुबंध के अनुसार तो जून वर्ष 2014 मे पूरा किया जाना था। कार्यदाई संस्था लोक निर्माण विभाग ने उक्त पुल निर्माण में एक करोड़ 88 लाख रुपये खर्च करने है, लेकिन विभाग की लापरवाही यहां भी भारी पड़ सकती है। करोड़ों की लागत से बनने वाला वैली ब्रिज अभी बन कर तैयार भी नहीं हुआ है कि पुल बीच से एक फिट के करीब झुक गया है। यही नहीं पुल की ऊंचाई भी गदेरे के बराबर रखी गई है। बारिश के दिनों में यदि गदेरे में भूस्खलन होता है तो पानी व मलबे की मात्रा बहुत अधिक बढ़ जाती है जो कि कभी भी पुल के लिये खतरा बन सकता है, लेकिन विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें