रोशनी करने के निर्देश
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के पावन पर्व पर जिले के सभी शासकीय, भवनों पर रोशनी करने के निर्देश कलेक्टर श्री एमबी ओझा के द्वारा जारी किए गए है। यह व्यवस्था 25 जनवरी की सायंकाल तक पूर्ण कर लेने की भी निर्देश संबंधितों को दिए गए है जिसमें कहा गया है कि 26 जनवरी की सायं को सादगीपूर्ण एवं मितव्यता के साथ कार्यालय भवनों में रोशनी की जाए।
9.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज
दो जनवरी 2015 को जिले में 9.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वाधिक वर्षा नटेरन में 16 मिमी और सबसे कम लटेरी में 4 मिमी दर्ज की गई है। इसके अलावा अन्य तहसीलों में भी वर्षा की जानकारी इस प्रकार से है। विदिशा में 6 मिमी, बासौदा में 13 मिमी, सिरोंज 5 मिमी, ग्यारसपुर, गुलाबगंज और कुरवाई में में 10-10 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
गुलाब प्रदर्शनी का आयोजन अब 10 एवं 11 को भोपाल में
अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी एवं रोज कन्वेंशन 2015 का आयोजन तीन एवं चार जनवरी को किया जाना था को अपरिहार्य कारणो से उक्त दिनांक को आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में संशोधित करने की जानकारी देते हुए सहायक संचालक उद्यान ने बताया है कि अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी एवं रोज कन्वेंशन 2015 का आयोजन अब 10 एवं 11 जनवरी 2015 को नियत स्थल भोपाल के गुलाब उद्यान तुलसीनगर में किया जाएगा।
शैक्षणिक संस्थाओं में तीन का अवकाश घोषित
कलेक्टर श्री एमबी ओझा ने जिले में जारी शीत लहर को ध्यानगत रखते हुए तीन जनवरी शनिवार को जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी कर दिए है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री एचएन नेमा ने बताया है कि जिले की समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त बारहवीं तक के विद्यालयोें में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
जिला पंचायत के लिए सात अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए
त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन प्रक्रिया के द्वितीय एवं तृतीय चरण के तहत नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया क्रियान्वित है। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के तीसरे दिन जिला पंचायत सदस्य के लिए सात अभ्यर्थियों के द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए है। इस प्रकार अब तक कुल 14 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र जमा किए है। सहायक रिटर्निंग आफीसर श्री चन्द्रमोहन मिश्र के समक्ष शुक्रवार को जिन सात अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए है उनमें जिला पंचायत के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-12 से श्रीमती असर्फी बाई, निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-14 से पूजा घावरी, निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-16 से श्री वीरसिंह और श्री राधेश्याम यादव, निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-18 से श्री बृजनारायण और श्री लक्ष्मण सिंह ने तथा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-5 से रितुज एलिया ने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया है।
प्रमाण पत्र प्रदाय किया
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला पंचायत) श्री एमबी ओझा ने विदिशा जिला पंचायत के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-8 से निर्विरोध निर्वाचित अभ्यर्थी श्री तोरन सिंह दांगी को दो जनवरी शुक्रवार को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र प्रदाय किया।
विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन नौ को
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत विज्ञान प्रदर्शनी मेला का आयोजन जिला मुख्यालय पर नौ जनवरी को किया गया है। यह प्रदर्शनी शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रातः नौ बजे से आयोजित की गई है। आयोजन पूर्व की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा जिला शिक्षा अधिकारी श्री एचएन नेमा के द्वारा की गई। जिसमें बताया गया कि जिले के समस्त शासकीय हाई स्कूल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा नवमी एवं दसवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण, जल संरक्षण, स्वच्छता इत्यादि विषयों पर आधारित माडलो का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा आयोजन स्थल पर विज्ञान गीत नाटिका का और विज्ञान से संबंधित रोचक तथ्यों की जानकारी दी जाएगी। उत्कृष्ट विद्यालय में सम्पन्न हुई इस बैठक में संस्था की प्राचार्या श्रीमती चारू सक्सेना, विज्ञान प्रदर्शनी के सचिव श्री संजय सिंह तोमर के अलावा समस्त बीईओ, ज्ञानपुंज सदस्य मौजूद थे।
स्थानीय अवकाश घोषित
कलेक्टर श्री एमबी ओझा ने वर्ष 2015 के लिए जिले के लिए तीन स्थानीय अवकाश घोषित करने के आदेश जारी कर दिए है। उक्त अवकाश बैंक, कोषालय एवं उप कोषालयों पर लागू नही होंगे। जिन तिथियोें के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किए गए है उनमें 15 जनवरी 2015 गुरूवार मकर सक्रांति पर्व, 10 मार्च 2015 मंगलवार रंगपंचमी के लिए और 12 अक्टूबर 2015 गुरूवार दीपावली का दूसरा दिन के लिए स्थानीय अवकाश होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें