भारतीय क्रिकेट टीम को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी के अचानक संन्यास पर टीम इंडिया की ओर से पहली बार बोले विराट कोहली ने कहा है कि किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी और इस खबर को सुनते ही वह पूरी तरह हैरान हो गये थे। धोनी के बाद टीम के नये टेस्ट कप्तान बने 26 वर्षीय विराट ने सिडनी टेस्ट से पूर्व यहां पत्रकारों स बात करते हुये कहा कि धोनी के निर्णय के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा..हमारी पूरी टीम धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की खबर को सुनते ही पूरी तरह चाैंक गई थी। सभी खिलाड़ी हैरान थे और यह अचानक मिली सूचना थी क्योंकि हमें इसके बारे में पहले से नहीं पता था। भारतीय कप्तान धोनी ने मेलबोर्न टेस्ट के ड्रा रहने के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। लेकिन मैदान पर या बाद में उन्होंने खुद इसकी सूचना नहीं दी.
विराट को आस्ट्रेलिया के खिलापं एडिलेड में पहले टेस्ट में धोनी के चोटिल होने के कारण कार्यवाहक कप्तान के तौर पर उतारा गया था लेकिन भारत वह मैच 48 रन से हार गया था। हालांकि यह टेस्ट विराट की टेस्ट कप्तानी पदार्पण के तौर पर देखा गया था और अब धोनी के टेस्ट क्रिकेट छोड़ने के बाद फिलहाल उन्हें स्थायी तौर पर यह जिम्मेदारी मिल गई है। कप्तान की जिम्मेदारियों को लेकर विराट ने कहा..मुझे लगता है कि धोनी एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं जिनमें कई खासियत है और हर कप्तान चाहेगा कि उसमें यह गुण हो। मैं एक कप्तान के तौर पर पूरी कोशिश करूंगा कि उनकी तरह शांत रहूं। हालांकि हर व्यक्ति का अपना अलग तरीका होता है। एडिलेड टेस्ट की कप्तानी पर युवा बल्लेबाज ने कहा..मैं जरूर कुछ ऐसी बातें हैं जिनके बारे में जरूर बैठकर समीक्षा करूंगा। मैं मानता हूं कि एडिलेड में मैंने जो किया उसमें कुछ सुधार की जरूरत है। मैं पहले भी उनके बारे में सोचता था। मैंने सोचा कि एडिलेड में मैंने क्या गलतियां की और मैं उन्हें कैसे सुधार सकता हूं। उन्होंने कहा..मैं उम्मीद करता हूं कि मैं अब आगे एडिलेड की गलतियों को नहीं दोहराउंगा और हर स्थिति में सही निर्णय लेकर खेलूंगा।.. आस्ट्रेलिया 2..0 से सीरीज जीत चुका है लेकिन धोनी के संन्यास के बाद युवा भारतीय टीम का युवा कप्तान के नेतृत्व में पहला मैच है जिसपर सभी की निगाहें लगी हुई है।
विराट के लिये अब दोहरी परीक्षा है कप्तानी और मैदान पर अपने स्वभाव में बदलाव लाना। मौजूदा आस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार विपक्षी खिलाडि़यों के साथ गरमा गरम बहस के कारण टीम इंडिया की तरफ से विराट अकेले ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने सुर्खियां बटोरी। टीम इंडिया की तरफ से पिछले मैचों में र्सवाधिक रन बनाने वाले विराट एक बार फिर आस्ट्रेलिया के निशाने पर हैं और उनके लिये सिडनी में टीम का नेतृत्व एक चुनौती होगा। हालांकि युवा आक्रामक बल्लेबाज मानते हैं कि वह चुपचाप बैठने वालों में नहीं है। बल्लेबाज ने कहा..यह जरूरी है कि हम सकारात्मकता और सही सोच के साथ मैदान पर उतरे। लेकिन सीमा रेखा का उल्लंघन करना कभी भी स्वीकार्य नहीं है। हम यहां पर विपक्षी टीम की किसी भी जुबानी जंग या उनके व्यवहार पर चुप बैठने नहीं आये हैं। हम मैच में पूरी आक्रामकता के साथ सकारात्मक क्रिकेट खेलेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें