दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल को विधायक दल का नेता निर्वाचित होने के बाद जेड श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी, जिसमें 30 सशस्त्र कमांडो होंगे। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ''उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी, जिसमें दिल्ली पुलिस के सशस्त्र कमांडो होंगे। उनकी संख्या करीब 30 होगी। उनकी तैनाती केजरीवाल के विधायक दल के नेता चुने जाने के तुरंत बाद होगी।''
प्रोटोकॉल के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी जाती है। सुरक्षा में तैनात होने वाले कमांडो की संख्या बढ़ाई जा सकती है। केजरीवाल इस वक्त दिल्ली से सटे गाजियाबाद के कौशाम्बी स्थित अपने निजी आवास में रहते हैं और उनकी सुरक्षा में 12 पुलिसकर्मी लगे हैं। एक सुरक्षा वाहन भी उनके लिए तैनात रहता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप अब तक 58 सीटें जीत चुकी है, जबकि नौ पर आगे चल रही है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केवल तीन पर सिमट गई है, जबकि कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें