नवागत कलेक्टर श्री चैहान ने किया पदभार ग्रहण
पन्ना 04 मार्च 15/नवागत कलेक्टर श्री शिवनारायण सिंह चैहान ने आज पदभार ग्रहण कर लिया। पन्ना में पदस्थापना से पूर्व श्री चैहान आदिम जाति कल्याण विभाग में पदस्थ थे। इसके पूर्व वे जिला पंचायत बैतूल तथा जिला पंचायत देवास में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में पदस्थ रहे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी के रूप में विभिन्न जिलों में अपनी सेवाएं दी। पदभार ग्रहण करने के पूर्व श्री चैहान ने पन्ना नगर के प्रमुख मंदिरों का भ्रमण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिले की व्यवस्थाओं तथा विकास गतिविधियों के संबंध में चर्चा की। पदभार ग्रहण करने के अवसर पर एडीएम अनिल खरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्री की अनुशंसा पर जनसम्पर्क निधि से 1.5 लाख राशि मंजूर
पन्ना 04 मार्च 15/सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले मंत्री पशुपालन, पीएचई, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य की अनुशंसा पर जनसम्पर्क निधि से एक लाख 50 हजार रूपये के कार्य एवं सामग्री वितरण को मंजूरी दी गई है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने बताया कि मंत्री सुश्री मेहदेले ने विधायक पन्ना के रूप में जनसम्पर्क निधि से 22 कार्यो के लिए स्वीकृति दी है। इससे संतोष कुमार सोनी अध्यक्ष जगदीश स्वामी मंदिर नन्हा दिवाला कटरा, शिवप्रसाद जडिया तथा अन्य धाम मोहल्ला पन्ना एवं राम सिंह अध्यक्ष बजरंग मंडल ग्राम सुनहरा को 7-7 हजार रूपये की राशि वाद्य यंत्र खरीदने के लिए मंजूर की गई है। मनीष शर्मा संगीत मण्डली पन्ना, प्रमेश लोध गौरादेवी कीर्तन मण्डल खोरा, विष्णु कुमार अध्यक्ष परमहंस अखाडा संकीर्तन मंडल धरमपुर, रामप्रताप लोध अध्यक्ष बजरंग कीर्तन मण्डल हीरापुर, राजेश गुप्ता अध्यक्ष बिहारीजू ट्रस्ट कीर्तन मंडल ग्राम हरदी, अशोक कुमार श्रीवास्तव पनहारिन देवी कीर्तन मंडल नयागांव, ओमप्रकाश जगराता कीर्तन मंडल अजयगढ तथा कमल सिंह यादव झिन्ना धाम कीर्तन मंडल अजयगढ को सांस्कृतिक सामग्री क्रय करने के लिए 7-7 हजार रूपये की राशि मंजूर की है। अवधकिशोर तिवारी अध्यक्ष रामलीला समिति अजयगढ, रामनिवास लोध ठाकुर बाबा संकीर्तन मण्डल देवगांव, शिवचरण पाण्डेय संकीर्तन मण्डल धरमपुर, दयासागर तिवारी राम जानकी कीर्तन मंडल पिष्टा, रामकृपाल केवट बजरंग कीर्तन मंडल बरकोला को सांस्कृतिक सामग्री खरीदने के लिए 7-7 हजार रूपये की राशि मंजूर की गई है। पुष्पेन्द्र सिंह लोधी लक्ष्मण बाबा संकीर्तन मंडल पंचेपुरवा खोरा को सांस्कृतिक सामग्री के क्रय करने के लिए 8 हजार रूपये तथा अरविन्द सिंह अध्यक्ष जय माॅं कालका समिति भापतपुर कुर्मियान को स्पीकर खरीदने के लिए 5 हजार रूपये की राशि मंजूर की गई है। शैलेन्द्र श्रीवास्तव अध्यक्ष सरस्वती मंदिर तथा रामबाग मंदिर समिति अजयगढ को सांस्कृतिक सामग्री खरीदने के लिए 8 हजार रूपये की राशि मंजूर की गई है। जनसम्पर्क निधि से ही नितेश अधिकारी अध्यक्ष किक्रेट टीम कुंजवन को खेल सामग्री के लिए 5 हजार रूपये तथा रामजी यादव अध्यक्ष आर.पी. किक्रेट टीम हिनौता को खेल सामग्री खरीदने के लिए 5 हजार रूपये की राशि मंजूर की गई है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्वीकृत राशि का निर्धारित कार्य में उपयोग करके उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा के सभी हितग्राहियों के बैंक खाता नम्बर होंगे दर्ज
पन्ना 04 मार्च 15/खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 22 श्रेणियों के हितग्राहियों को एक रूपये प्रति किलो की दर से गेंहू एवं चावल हर माह उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी हितग्राहियों की जानकारी समग्र पोर्टल पर दर्ज की गई है। इस सभी के बैंक खाते तथा आधार कार्ड की भी जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कलेक्टर शिवनारायण सिंह चैहान ने कहा कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के सभी पात्र हितग्राहियों की शत प्रतिशत जानकारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी समग्र पोर्टल पर दर्ज करें। हितग्राहियों के परिवार के प्रत्येक सदस्य के आधार पहचान नम्बर तथा बैंक खाता क्रमांक की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें। पूरी जानकारी ग्राम पंचायतवार तथा नगरीय क्षेत्रों में वार्डवार दर्ज करें। कलेक्टर ने बताया कि खाद्य सुरक्षा योजना के लिए जिले के कुल पात्र परिवार 1 लाख 82 हजार 482 है। इनकी कुल सदस्य संख्या 7 लाख 92 हजार 72 है। इन परिवारों में से अब तक केवल 49 हजार 596 परिवारों के एक लाख 27 हजार 996 सदस्यों के ही आधार क्रमांक को समग्र पोर्टल पर दर्ज किया गया है। शेष सभी परिवारों के सभी सदस्यों की पूरी जानकारी तथा आधार क्रमांक समग्र पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। परिवारों के बैंक खाते की भी जानकारी अनिवार्य रूप से करें। पंचायतों में ग्राम पंचायत सचिव तथा रोजगार सहायकों केे माध्यम से इसे दर्ज कराएं। नगरीय क्षेत्रों में पात्र परिवारों के सदस्यों के आधार क्रमांक तथा बैंक खाता नम्बर की प्रविष्टि न्यूनतम है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक वार्ड के पात्र परिवारों की जानकारी दर्ज कराएं। पार्षदों तथा पंचों के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक आधार नम्बर एवं बैंक खाता नम्बर की जानकारी समग्र पोर्टल में दर्ज कराने का प्रचार प्रसार करें। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
परीक्षा केन्द्रों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात
पन्ना 04 मार्च 15/जिलेभर में 47 परीक्षा केन्द्रों में 2 मार्च से माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं तथा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर एन.के. बीरवाल ने बताया कि पन्ना नगर के 6 परीक्षा केन्द्रों एवं बृजपुर तथा बराछ के लिए एसडीएम पन्ना अशोक ओहरी को तैनात किया गया है। देवेन्द्रनगर के तीन तथा ककरहटी के एक परीक्षा केन्द्र के लिए तहसीलदार पन्ना बी.एम. शुक्ला को एवं सलेहा के तीन तथा गुनौर के दो परीक्षा केन्द्रों के लिए एसडीएम गुनौर आर.एस. बाकना को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के रूप मंें तैनात किया गया है। अमानगंज के तीन तथा महेबा एवं सुनवानी के परीक्षा केन्द्रों के लिए तहसीलदार अमानगंज विसन सिंह एवं पवई के तीन परीक्षा केन्द्रों कल्दा, कृष्णगढ के परीक्षा केन्द्रों के लिए एसडीएम पवई एम.एस. मरावी को तैनात किया गया है। सिमरिया के दो तथा मोहन्द्रा एवं कुवंरपुर परीक्षा केन्द्रों के लिए नायब तहसीलदार श्रीनिवास गर्ग को तैनात किया गया है। शाहनगर के दो तथा बिसानी परीक्षा केन्द्र के लिए एसडीएम शाहनगर श्रीमती शिखा पौरस तथा परीक्षा केन्द्र बोरी, हरदुआ खम्हरिया, रैपुरा एवं बघवार के लिए तहसीलदार राकेश बाबू खरे को तैनात किया गया है। परीक्षा केन्द्र बीरा, हरदी, खोरा एवं नरदहा के लिए एसडीएम अजयगढ पी.डी. गुप्ता तथा अजयगढ के दो परीक्षा केन्द्रों एवं सब्दुबा तथा चंदौरा परीक्षा केन्द्र के लिए तहसीलदार अजयगढ श्रीमती बबिता राठौर को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। कलेक्टर ने इन्हें परीक्षा केन्द्रों में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
समाचार क्रमांक 14-378
ओला पाला पीडितों को मार्च तक ही मिलेगा खाद्यान्न
पन्ना 04 मार्च 15/जिले में गत वर्ष फरवरी तथा मार्च माह में व्यापक ओलावृष्टि हुई थी। इससे फसलों को भारी हानि हुई थी। पीडित परिवारों को शासन के निर्देश के अनुसार रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इन्हें मार्च 2015 तक खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी बी.आर. डोंगरे ने बताया कि रियायती दर पर खाद्यान्न वितरित करने के लिए ओला पाला पीडित परिवारों को खाद्यान्न पर्चियां जारी की गई थी। सभी समिति प्रबंधक तथा उचित मूल्य दुकानों के सेल्समेन ओला पाला पीडित परिवारों को मार्च माह में खाद्यान्न का वितरण करने के बाद उनसे पात्रता पर्ची जमा करा लें। इन परिवारों को यदि वे खाद्य सुरक्षा योजना द्वारा निर्धारित अन्य 21 श्रेणियों में पात्र होंगे तभी नवीन पात्रता पर्ची जारी होगी। इन श्रेणी में शामिल न होने पर ओला पाला पीडित परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ नही दिया जाएगा। सभी सेल्समैन पात्रता पर्ची एकत्रित करके जिला आपूर्ति कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराएं।
वाहन मालिक को दिया जा रहा भुगतान
पन्ना 04 मार्च 15/विधान सभा निर्वाचन 2013 तथा लोक सभा निर्वाचन 2014 में चुनाव कार्य के लिए बडी संख्या में वाहनों का अधिग्रहण किया गया था। सभी अधिग्रहित वाहनों को वाहन किराया का भुगतान जिला निर्वाचन कार्यालय से किया जा रहा है। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक ओहरी ने बताया है कि अधिग्रहित वाहनों के मालिक 10 मार्च तक जिला निर्वाचन कार्यालय में अपने बैंक पासबुक की फोटोकापी अनिवार्य रूप से जमा कर दें। निर्धारित तिथि तक बैंक खाते की जानकारी प्राप्त न होने पर वाहन किराया का भुगतान किया जाना संभव नही होगा। सभी अधिग्रहित वाहनों के मालिकों को पूर्व में भी इस संबंध में सूचना दी गई थी। इसके बावजूद अब तक कई वाहन मालिकों ने बैंक खाते की जानकारी नही दी है। सभी वाहन मालिक 10 मार्च तक अनिवार्य रूप से बैंक खाते की जानकारी उपलब्ध कराएं। जिससे किराया राशि का भुगतान किया जा सके।
समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद 25 मार्च से
पन्ना 04 मार्च 15/जिलेभर में सहकारी समितियों के माध्यम से 25 मार्च से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद की जाएगी। इसके लिए जिलेभर में 41 खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी बी.आर. डोंगरे ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद के लिए पात्र किसानों का पंजीयन 15 फरवरी तक किया गया है। किसानों द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन 22 फरवरी तक किया गया है। खरीदी केन्द्रों में तैनात तकनीकी कर्मचारियों को गेंहू की आॅनलाईन खरीद का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। खरीदी प्रारंभ होने के पूर्व सभी केन्द्रों में बारदाने उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खरीदी केन्द्रों में किसानों से गेंहू क्रय करने के बाद उन्हें कम्प्यूटराईज पावती दी जाएगी। किसानों को खरीदे गए गेंहू की राशि का भुगतान उनके बैंक खाते में ई पेमेन्ट के माध्यम से किया जाएगा। केवल पंजीकृत किसानों से ही निर्धारित की गई मात्रा में समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद की जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें