बाबा रामदेव को हरियाणा में योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिये ब्रांड अम्बेसडर बनाने की घोषणा के बाद राज्य सरकार ने अब उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने की तैयारी कर रही है। राज्य के शिक्षा मंत्री अनिल विज ने आज यहां ट्वीट कर और मीडिया को दिये गये बयान में यह पुष्टि की। उन्होंने कहा कि 21 अप्रैल को पंचकूला में बाबा रामदेव के सम्मान में एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिये उन्हें आधिकारिक रूप से ब्रांड अम्बेसडर नियुक्त करने तथा कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिये जाने का ऐलान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाद में चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में बाबा रामदेव की मौजूदगी में मंत्रिमंडल की बैठक होगी जिसमें 21 जून को करनाल में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को कैसे मनाया जाये तथा राज्य में हर उम्र के लोगों को योग की आेर कैसे प्रेरित किया जाये इस बारे में रणनीति पर विचार किया जाएगा। उधर, कांग्रेस ने बाबा रामदेव को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने की तैयारियों के लिये राज्य सरकार की निंदा की है। प्रदेश पार्टी प्रभारी शकील अहमद ने कहा कि बाबा रामदेव में चुनावों के दौरान और पहले भारतीय जनता पार्टी की मदद की है ऐसे में पार्टी अब उन्हें इसके लिये पुरस्कृत करना चाहती है। उधर प्रदेश भाजपा प्रभारी अनिज जैन ने भी बाबा रामदेव को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने के सरकार के प्रस्तावित कदम का स्वागत करते हुये कहा कि रामदेव अंतरराष्ट्रीय योग गुरू हैं और उन्हेंं यह सम्मान देना उचित है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें