कांग्रेस ने आज अाधिकारिक रूप से इस बात की पुष्टि की कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी 19 अप्रैल को यहाँ भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ पार्टी द्वारा आयोजित ‘किसान खेत मजदूर रैली’ को संबोधित करेंगे। श्री गांधी गत 23 फरवरी को संसद का बजट सत्र शुरू होने से पहले पार्टी से अवकाश पर चले गये थे और उनके वापस आने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लग रही थी। कांग्रेस ने कहा था कि श्री गांधी पार्टी के बारे में चिंतन करने के लिए अवकाश पर गये हैं।
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने यहाँ पार्टी की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में संवाददाताओं के सवाल पर कहा कि श्री गांधी रैली को संबोधित करेंगे। श्री गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाये जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी की मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी को करना है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी की नेता हैं और उन्हें नेता रहना चाहिए। पार्टी के प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद संदीप दीक्षित के इस बयान पर कि श्रीमती गांधी को अध्यक्ष पद पर बना रहना चाहिए, श्री सिंह ने सवाल किया “कांग्रेस का कौन कार्यकर्ता यह कहेगा कि श्रीमती सोनिया गांधी के हाथ में कमान न. न हो।” उल्लेखनीय है कि श्री सिंह समय-समय पर यह विचार व्यक्त करते रहे हैं कि श्री राहुल गांधी को पार्टी की कमान संभालनी चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें