राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने भारत और रूस के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर बल देते हुए अाज कहा कि दोनों देशों में वाणिज्यिक एवं निवेश के आदान प्रदान की व्यापक संभावनाएं हैँ और इनका भरपूर फायदा लिया जाना चाहिए। श्री मुखर्जी ने मास्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि रूस में रह रहे भारतीय नागरिकों ने दोनों देशों के मित्रवत् संबंधों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रपति रूस में भारतीय राजदूत पी. एस.राघवन द्वारा अपने सम्मान में दिए गए एक भोज के दौरान बाेल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय दोनों देशों के बारे में सूचनाएं देने और आपसी समझ बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यह समुदाय दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को भी नयी ऊंचाइयों तक ले जाने में मददगार साबित हो सकता है। उन्होंने कि दोनों देशों के बीच आम जनता का संपर्क हमेशा से उच्च स्तर पर रहा है। इसे रूस के लोगों की भारतीय सिनेमा, संस्कृति और इतिहास में रुचि के रूप में देखा जा सकता है। उधर, भारत में रूस का साहित्य, कला, सर्कस, और विज्ञान समान रूप से लोकप्रिय है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें