कन्यादान योजना से 271 युगल बंधे विवाह बंधन में, स्वच्छता के संकल्प के साथ दम्पत्य जीवन प्रारंभ करें-मंत्री सुश्री मेहदेले
पन्ना 15 मई 15/मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत अजयगढ विकासखण्ड मुख्यालय में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 271 युगल विवाह बंधन में बंधे। समारोह में 7 गरीब मुस्लिम कन्याओं के निकाह भी काजी साहब ने सम्पन्न कराएं। समारोह की मुख्य अतिथि सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले मंत्री पशुपालन, पीएचई, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य ने नव युगलों को आर्शीवाद दिया। समारोह में जनपद अध्यक्ष श्री भरतमिलन पाण्डेय, कलेक्टर शिवनारायण सिंह चैहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने भी नव युगलों को आर्शीवाद दिया। इस अवसर पर मंत्री सुश्री मेहदेले ने कहा कि जनपद अजयगढ में 271 गरीब कन्याओं का विवाह करके जनपद के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने सराहनीय कार्य किया है। मुख्यमंत्री जी की कन्यादान योजना से गरीब की बेटी के भी विवाह धूमधाम से हो रहे हैं। सभी नव युगलों का दम्पत्य जीवन सुखी रहे। उन्होंने कहा कि सभी नवयुगल स्वच्छता के संकल्प के साथ दम्पत्य जीवन प्रारंभ करें। घर में साफ सफाई रखें। स्वच्छ शौचालय का निर्माण कराके उसका नियमित उपयोग करें। इसके लिए शासन द्वारा 12 हजार रूपये की सहायता भी दी जा रही है। विवाह के लिए भी आभूषण, कपडे, वर्तन तथा 10 हजार रूपये की राशि दी जा रही है। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन के लिए जनपद पंचायत के अध्यक्ष तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी को बधाई दी। समारोह में जनपद अध्यक्ष श्री भरतमिलन पाण्डेय ने कहा कि कन्यादान योजना से विवाह के लिए 302 कन्याओं का पंजीयन किया गया है। इनमें से 271 का विवाह सम्पन्न किया जा चुका है। अगले माह पुनः विवाह समारोह का आयोजन करके सभी पंजीकृत कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से गरीब कन्याओं के विवाह में आने वाली कठिनाईयां दूर हो गई हैं। उल्लास के साथ उनके विवाह सम्पन्न हो रहे हैं। समारोह में श्री सतानन्द गौतम ने कहा कि 250 से अधिक गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह में विवाह सम्पन्न होना अजयगढ क्षेत्र के लिए उपलब्धि है। सभी नवयुगलों को उपहार सामग्री तथा बारातियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। उन्हांेंने नवयुगलों से स्वच्छ शौचालय निर्माण की अपील की। नवयुगलों को नगर पंचायत अध्यक्ष श्री संदीप विश्वकर्मा, श्री तरूण पाठक, श्री राजेश गौतम सहित जनप्रतिनिधियों, एसडीएम पी.डी. गुप्ता, तहसीलदार श्रीमती बबिता राठौर तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आनन्द शुक्ला ने भी आर्शीवाद दिया। अजयगढ जनपद परिसर में उत्सव के माहौल में विवाह तथा निकाह सम्पन्न हुए। एक तरफ शहनाई तथा बैंण्ड बाजे बज रहे थे, एक तरफ आर्कस्टा के गीत गूंज रहे थे और दूसरी ओर महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। भोजन, पानी तथा सामग्री वितरण के लिए अलग-अलग स्टाल लगे हुए थे। हजारों बाराती तथा वर-कन्या के परिजन इस समारेाह में शामिल थे। समारोह में साफिना बेगम ने मोहम्मद साहिद, साहीन ने करीम तथा शहरबानो ने सद्दाम के साथ निकाह किया। समारोह में रेखा कुशवाहा, रानी साहू, मंजू, जाबिया खातून, रोहिणी, प्रेमादेवी, साधना जैसी सैकडों कन्याओं के विवाह धूमधाम से सम्पन्न हुए।
राज्य सूचना आयुक्त श्री शर्मा द्वारा की गई आवेदनों पर सुनवाई, प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय सीमा करें-श्री शर्मा
पन्ना 15 मई 15/राज्य सूचना आयुक्त श्री जयकिशन शर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में राज्य स्तर पर प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई की गई। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में प्राप्त सूचना के अधिकार संबंधी आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय सीमा के अन्दर करें। आवेदनों का निराकरण संतोषजनक होना चाहिए। जिससे आवेदक को अपीलीय अधिकारी अथवा राज्य लोक सूचना अधिकारी के कार्यालय तक आवेदन प्रेषित न करने पडे। सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी के दस्तावेज यदि उनके कार्यालय में उपलब्ध नही है तो संबंधित कार्यालय से अभिलेख की सत्यापित छायाप्रतियां उपलब्ध कराए। राज्य सूचना आयुक्त द्वारा नगरपालिका पन्ना से संबंधित सुरेश पाण्डेय, अनीता पाण्डेय, नगरपालिका अमानगंज से संबंधित सुरेश प्रसाद त्रिवेदी, नगर पंचायत ककरहटी से संबंधित रोशन लाल शेख के प्रकरण की सुनवाई की गई। जनपद पंचायत शाहनगर से संबंधित संजय कुमार राव, अजयगढ जनपद से संबंधित जयराम यादव, ग्राम पंचायत शाहनगर से संबंधित प्रहलाद कुमार के प्रकरणों की सुनवाई की गई।उन्होंने वन मण्डलाधिकारी कार्यालय से संबंधित अब्दुल रमजान के प्रकरण में बताया कि उनका प्रकरण तीसरे व्यक्ति की सेवापुस्तिका से संबंधित है उसकी सहमति के बगैर दस्तावेज उपलब्ध नही कराए जा सकते। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से संबंधित सी.एल. गुप्ता के प्रकरण सुनवाई करते हुए बताया गया कि चाहे गए दस्तावेज संबंधित कार्यालय में न होकर महालेखागार कार्यालय में संधारित हैं। इस पर श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि एक माह के अन्दर दस्तावेज के सत्यापित प्रतियां मांगाकर आवेदक को उपलब्ध कराई जाए। इसी प्रकार आदिम जाति कल्याण विभाग से संबंधित जयपाल सिंह एवं रामकिशोर सिंह का प्रकरण, कलेक्टर कार्यालय पन्ना से संबंधित उमेश कुमार का प्रकरण तथा स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना से संबंधित छिद्दीलाल के प्रकरण की सुनवाई की गई। सुनवाई करने के उपरांत राज्य सूचना आयुक्त श्री शर्मा ने संबंधित विभागों के लोक सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदकों को समय पर चाही गई जानकारी जो नियम में आती है उसे समय पर उपलब्ध कराएं। यदि आवेदन दस्तावेज अवलोकन का हो तो नियमानुसार अवलोकन कराएं। प्राप्त आवेदनों का पूरी तरह परीक्षण करने के बाद स्वीकार किए जाएं। आवेदनों के साथ नियमानुसार शुल्क संबंधी स्टाम्प न लगे हो तो आवेदन निरस्त करके संबंधित को सूचित कर दें। इसी प्रकार उन आवेदनों पर भी तुरन्त कार्यवाही करें जो उनके अधिकार क्षेत्र में नही आते। किसी भी स्थिति में निर्धारित समय सीमा के बाद प्रकरण लंबित रहने पर संबंधित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। जिन प्रकरणों से संबंधित आवेदक मौके पर उपस्थित नही हो पाए उन प्रकरणों में भी सूचना आयुक्त श्री शर्मा ने प्रकरणों का निराकरण करके की गई कार्यवाही की जानकारी राज्य स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दी उपचार सहायता
पन्ना 15 मई 15/मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने स्वैच्छानुदान मद से श्री पन्ना लाल पाठक निवासी पगरा अमानगंज जिला पन्ना को केंसर रोग के उपचार के लिए 50 हजार रूपये की सहायता दी है। यह राशि जवाहर लाल नेहरू केंसर हास्पिटल एवं अनुसंधान केन्द्र भोपाल को जारी कर दी गई है।
सांसद आदर्श ग्राम योजना से महेबा का करें चहुमूखी विकास-सांसद
- महेबा के लिए प्रस्तावित निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करें-कलेक्टर
पन्ना 15 मई 15/सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत महेबा ग्राम पंचायत का चयन किया गया है। इसमें किए जा रहे विकास कार्यो की महेबा हायर सेकेण्डरी सभागार में बैठक में सांसद श्री नागेन्द्र सिंह ने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम योजना से महेबा का चहुमुखी विकास करें। इसके लिए निर्धारित की गई कार्ययोजना के अनुसार विभिन्न विभाग समन्वय के साथ कार्य समय सीमा में पूरा कराएं। निर्माण कार्यो में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। पेयजल, सडक, प्रकाश, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाओं के कल्याण, सामाजिक कल्याण, कृषि, उद्यानकी तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महेबा आदर्श ग्राम पंचायत बनें। महेबा में चल रहे निर्माण कार्यो की नियमित समीक्षा करें। इन कार्यो में लापरवाही तथा देरी सहन नही की जाएगी। सांसद ने पूरे गांव का भ्रमण करके खेल मैदान, बाजार, सामुदायिक भवन तथा विभिन्न निर्माण कार्यो के लिए आवश्यक स्थलों का चिन्हाकन किया। बैठक में कलेक्टर शिवनारायण सिंह चैहान कहा कि महेबा के लिए प्रस्तावित निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करें। इसमें देरी सहन नही की जाएगी। महेबा के विकास के संबंध में गत दो बैठकों में जो निर्णय लिए गए हैं उन्हें तत्परता से लागू करें। इनके लिए आवश्यक राशि की मांग संबंधित विभाग वरिष्ठ कार्यालयों से करें। कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा स्वीकृत सडक निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ कराएं। इसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। जिला शिक्षा अधिकारी हायर सेेकेण्डरी स्कूल महेबा तथा अन्य विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों की तत्काल पूर्ति सुनिश्चित करें। विद्यालय का कक्षा 10वीं तथा 12वीं का परीक्षा परिणाम संतोषजनक नही रहा है। इसकी पूरी समीक्षा करें। कलेक्टर ने कहा कि स्वीकृत निर्माण कार्य में यदि ठेकेदार विलम्ब करते है तो उनके विरूद्ध कठोर कार्यवाही करें। कन्या शाला भवन का निर्माण कार्य जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। गांव में सोलर लाईट लगाने के लिए ऊर्जा विकास निगम को राशि जारी कर दी गई है। इसे लगाने का कार्य एक सप्ताह में प्रारंभ कराएं। महेबा बस स्टेण्ड निर्माण के लिए प्रस्तावित स्टीमेट में किए गए परिवर्तन के संबंध में कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। गांव की नलजल योजना के विस्तार के लिए कार्यपालन यंत्री पीएचई आवश्यक कार्यवाही करें। गांव में स्कूल भवन के पास पडी रिक्त भूमि में ग्राम स्तर के विभिन्न कार्यालयों, आंगनवाडी केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र, पशु औषधालय तथा सामुदायिक भवन एक ही स्थान में बनाने के लिए कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग एक सप्ताह में प्राक्कलन प्रस्तुत करें। शांति धाम में चार दिवारी निर्माण तथा वृक्षारोपण के लिए आवश्यक व्यवस्था करें। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि गांव की साफ सफाई तथा पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। कार्यपालन यंत्री पीएचई के.पी. वर्मा ने बताया कि पेयजल व्यवस्था के लिए गांव में 19 कि.मी. लम्बाई की पाईप लाईन बिछायी जाएगी। इसके लिए निविदा की कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर ने वन मण्डलाधिकारी को गुनौर मार्ग दोनो ओर तथा रिक्त शासकीय भूमि में वृक्षारोपण के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्हांेंने कहा कि निर्माण कार्यो के लिए जो समय सीमा निर्धारित की गई है उसमें निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। उन्होंने बैठक से अनुपस्थित उप संचालक कृषि को कारण बताओ नोेटिस देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने महेबा में अब तक किए गए निर्माण कार्यो की जानकारी दी। बैठक में सरपंच श्रीमती कस्तूरी चैधरी, एसडीएम गुनौर आर.एस. बाकना सहित जिला तथा खण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्थाई समितियों के सभापति निर्वाचित
पन्ना 15 मई 15/मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1994 की धारा 47 अध्याय 2 (15) के उपबंधों तथा मध्य प्रदेश जनपद पंचायत तथा जिला पंचायत की स्थाई समितियों के नियम 1994 में वर्णित प्रावधानों के अन्तर्गत स्थाई समितियों के सभापतियों का निर्वाचन किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा निर्वाचन सम्पन्न कराने के उपरांत जिला पंचायत की 5 स्थाई समितियों के सभापतियों के नामों की घोषणा की गई। निर्वाचित सभापतियों में स्थाई कृषि समिति के सभापति श्री प्रहलाद लोधी, संचार एवं संकर्म समिति के सभापति जगदीश सिंह यादव, सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति कु0 मीरा कबीरपंथी, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल कल्याण समिति के सभापति श्रीमती माया यादव तथा स्थाई वन समिति के सभापति श्रीमती सीमा साह को निर्वाचित घोषित किया गया है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें