छत्तीसगढके बस्तर जिले की नगरनार पुलिस ने विस्फोटक पदार्थों के साथ कल रात दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि आरोपियों ने खदान के लिए विस्फोटक ले जाया जाना बताया है किंतु आशंका है कि उक्त सामग्री नक्सलियों को आपूर्ति की जा रही थी। फिलहाल पुलिस मामले के समग्र पहलुओं की बारीकी से छानबीन कर रही है।
बस्तर एसपी अजय यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो युवक आकाश पात्र निवासी कलचा गांव एवं राज यादव गोपनीय रूप से विस्फोटक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। फौरन ही नगरनार पुलिस की टुकड़ी रवाना की गयी जिसने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दोनों युवकों को रात लगभग दस बजे स्कूटी से जाते वक्त पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बैग में छिपाकर रखा गया 25 किलो जिलेटीन एवं 1275 मीटर बिजली का तार बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों ही आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है कि यह विस्फोटक सामग्री किस प्रयोजन के लिए ले जायी जा रही थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें