भारतीय जनता पार्टी के नेता और सांसद वरूण गांधी ने कहा कि भारत के विकास में युवकों की सबसे बड़ी भूमिका हो सकती है। श्री गांधी प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी नामदार गोपाल कृष्ण गोखले के 150वें जन्म दिवस समारोह में भाग लेने के लिए यहां आये थे। श्री गांधी ने आम जीवन में युवकों की भूमिका- विषय पर अपने संबोधन पर कहा कि देश के सभी युवकों के दिमाग में यह बात रहनी चाहिए कि -मैं देश के लिए कुछ कर सकता हूँ- तभी देश को बदल कर हम एक विकसित देश बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है जिसमें किसानों और युवकों की समस्या पर जिक्र करते हुए कहा कि देश के युवक यदि चाहें तो किसानों की समस्या समेत अन्य समस्या को भी सुलझा सकते हैं।
उन्होंने कहा इसके लिए नेता होना जरूरी नहीं है, सामाजिक तौर पर भी किसानों और युवकों की समस्याओं पर आवाज उठायी जा सकती है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के हित के लिए काम करने पर ही नेताओं को भी सम्मान मिलेगा। श्री गांधी ने चुनाव प्रणाली में सुधार की बात करते हुए कहा कि सभी लोगों को मतदान देना अनिवार्य कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को अपना नेता उसके धनवान होने से नहीं चुनना चाहिए बल्कि ऐसे व्यक्ति को चुनें जिसने समाज के लिए कुछ काम किया हो। उन्होंने भूमि अधिग्रहण विधेयक के संबंध में कहा कि यह जनता और किसान के हित में है। श्री गांधी ने कहा कि हम चाहते हैं कि विदेशी निवेश देश मे आये लेकिन साथ ही देश के छोटे, मझोले और बड़े उद्योगों को भी बढ़ावा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे उद्योग अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न कर युवकों की मदद कर सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें