ग्रामीण बेरोजगारों के लिए हेतु 22 जून से फैशन डिजाइनिंग एवं टु-व्हीलर सर्विसिंग का प्रशिक्षण
सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बालाघाट द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए नियमित रूप में बहुत सारे कम अवधि वाले प्रशिक्षण आयोजित किये जा रहे है । इसमें ग्रामीण युवाओं को विभिन्न ट्रेड में नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान के निदेशक श्री अजय बग्गा ने बताया कि उनके संस्थान में वर्तमान में टू-व्हीलर सर्विसिंग एवं ड्रेस डिजाइनिंग फार वूमैन की ट्रेनिंग दी जा रही है और फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण 22 जून से प्रारंभ किया जा रहा है । इस प्रशिक्षण में 18 से 45 वर्ष तक की आयु के ग्रामीण बेरोजगार युवक/ युवतियां संस्था के कार्यालय डॉक्टर देवरस बिल्डिंग वार्ड नं. 18 कंकर मुंजारे के बाजू वाली गली सिंधी मोहल्ला बालाघाट में सम्पर्क कर फार्म भर सकते है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए संस्थान के दूरभाष नं. 07632-241803 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद यह संस्था युवाओं को बैंक से वित्तीय सहायता दिलाकर उन्हे स्वयं का व्यवसाय करने में भी मदद करता है।
मुंबई में आयोजित प्रदर्शनी में बालाघाट के हाथकरघा वस्त्र भी होंगें शामिल
संत रविदास म.प्र. हस्त शिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम भोपाल द्वारा मृगनयनी एम्पोरियम मुंबई के माध्यम से जांहगीर आर्ट गैलरी मुंबई में 23 से 29 जून तक हाथकरघा वस्त्रों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में बालाघाट जिले के बुनकरों द्वारा तैयार वस्त्र भी बिक्री के लिए भेजे जा रहे है। सहायक संचालक हाथकरघा श्री आर.के. बासल ने बताया कि मुंबई में आयोजित प्रदर्शनी में हाथकरघा क्लस्टर क्लब वारासिवनी से श्री धर्मेन्द्र कुमार बांगरे एवं श्री फागूलाल निनावे को हाथकरघा वस्त्रों के प्रदर्शन सह बिक्री के लिए भेजा जा रहा है। इस प्रदर्शनी में बालाघाट जिले के बुनकरों द्वारा तैयार काटन व रेशम की साड़ियां, चादरें, सलवार सूट के कपड़े विक्रय के लिए रखे जायेंगें। डायरेक्ट मार्केट लिंक योजना के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी से बुनकरों को अपनी कला के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा और उनकी आय में ईजाफा होगा। इस प्रदर्शनी में शामिल होने से जिले के बुनकरों को बाजार की मांग के अनुरूप वस्त्र तैयार करने की प्रेरणा मिलेगी।
21 जून को योग दिवस कार्यक्रम में कृषि मंत्री होंगें शामिल, योग दिवस कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून को बालाघाट जिले में प्रात: 6.30 बजे से योग का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। यह कार्यक्रम जिले के समस्त विद्यालयों के साथ ही जिला, तहसील व ग्राम पंचायत मुख्यालय में भी आयोजित किया जायेगा और इस कार्यक्रम में योग करने के लिए समाज के सभी वर्गों को स्वेच्छा से शामिल किया जायेगा। जिला स्तर पर शासकीय एम.एल.बी. विद्यालय बालाघाट के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में म.प्र. शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन भी शामिल होंगें और आम जनता के साथ योग करेंगें। जिले में योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के व्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.पी. लाल को नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया है। 21 जून को प्रात: 6.30 बजे से 7.35 बजे तक समस्त ग्राम पंचायत, विकासखंड के साथ ही जिला मुख्यालय पर योग का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। समस्त शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं को अपने विकासखंड के उत्कृष्ट विद्यालय को प्रात: 9.30 बजे तक निर्धारित प्रपत्र में दूरभाष पर जानकारी देने कहा गया है। समस्त उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य को जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष 07632-239132, मो. नं. 9993497706 या 9993208360 या 9425892611 पर प्रात: 10.30 बजे तक जानकारी अनिवार्य रूप से देने कहा गया है।
21 जून को 14 केन्द्रों पर होगी पी.पी.टी. की परीक्षा
व्यवसायिक परीक्षा मंडल भोपाल द्वारा पी.पी.टी. परीक्षा 2015 आगामी 21 जून 2015 दिन रविवार को बालाघाट जिले में 14 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जायेगी। परीक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारिंया कर ली गई है। शासकीय पालीटेक्निक कालेज बालाघाट के प्राचार्य एवं परीक्षा के संयोजक श्री हरिनखेड़े ने बताया कि 21 जून को पी.पी.टी. परीक्षा 2015 बालाघाट जिले में 14 परीक्षा केन्द्रों पर प्रात: 9 बजे से दोपहर 12.15 तक आयोजित की जायेगी। इस परीक्षा के लिए शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट, एम.एल.बी. स्कूल बालाघाट, महात्मा गांधी नगर पालिका विद्यालय, शासकीय कमला नेहरू महाविद्यालय, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, वीरांगना रानी दुर्गावती हाई स्कूल, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी महाविद्यालय, सरदार पटेल कालेज गायखुरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकी, सरदार पटेल कालेज डोंगरिया, शा. कमला नेहरू विद्यालय वारासिवनी, शा. टिहलीबाई उ.मा. वि. वारासिवनी, शासकीय एस.एस.पी. महाविद्यालय वारासिवनी एवं शासकीय पालीटेक्निक कालेज बालाघाट को केन्द्र बनाया गया है।पी.पी.टी. परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षार्थियों को अपना परिचय पत्र(आधार कार्ड या पेन कार्ड आदि) साथ में लाना होगा। अन्यथा उन्हें परीक्षा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जिन परीक्षार्थियों के पास आवेदन के साथ दिये गये परिचय पत्र के मूल दस्तावेज हैं, उन्हें प्रवेश पत्र के अधोभाग में चिपकाई गई फोटो पर राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित करना नहीं है। किन्तु जिन परीक्षार्थी के पास परिचय पत्र की मूल प्रति नहीं है उन्हें प्रवेश पत्र पर फोटो चस्पा कर राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित कराना अनिवार्य है।
जिले में 85 मि.मी. वर्षा रिकार्ड, कटंगी तहसील में सबसे अधिक 185 मि.मी. वर्षा
जिले में चालू वर्षा सत्र के दौरान एक जून से 18 जून 2015 तक 853 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 28.5 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई थी। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1447 मि.मी. है। चालू वर्षा सत्र में अब तक सबसे अधिक 185 मि.मी. वर्षा कटंगी तहसील में तथा सबसे कम 17 मि.मी. वर्षा लांजी तहसील में रिकार्ड की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें