सरकार के जशन में 65 लाख रूपये बहाया जायेगा
शिमला, 24 जून (विजयेन्दर शर्मा)। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों जशन का महौल है। सरकार 25 जून को ऊना में अपने अढ़ाई साल पूरे होने का जश्र मना रही है। यह उस समय हो रहा है जब प्रदेश के मुख्यमंत्री व उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार के मामले पर सी बी आई के राडार पर है, यही नहीं सी एम की बढ़ती उम्र पर भी सवाल उठने लगे हैं। कि क्या अस्सी पार कर चुका नेता हिमाचल को क्या दे सकता है। सरकार के जशन को लेकर प्रदेश में सवाल उठने लगे हैं। व हैरानी की बात है कि सरकार ऑन रिकॉर्ड इस जश्र पर एक करोड़ 55 लाख खर्च कर रही है। यह राशि खर्च करना सही है या गलत, यह तो राज्य की जनता तय करेगी। ऊना के इंदिरा ग्राऊंड में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में अगर 65 लाख रुपए में से धन बचता है तो इसे सरेंडर भी किया जा सकता है। 65 लाख रुपए का बजट ऊना प्रशासन को दिए जाने के बारे में जब जीएडी के सचिव मोहन चौहान से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने व्यस्त होने की बात को कहकर सवाल को टाल दिया। इसके बाद उन्हें मोबाइल से मैसेज भी भेजा गया। लेकिन शाम तक इसका कोई जवाब नहीं आया। सूत्रों की मानें तो 65 लाख रुपए का बजट ग्राऊंड में वाटरप्रूफ शामियाने, कुर्सियां व अन्य कार्यों पर खर्च करने के लिए रखा गया है। गौरतलब है कि 65 लाख रुपए की राशि सरकारी खजाने से खर्च करने की व्यवस्था की गई है। हालांकि एचआरटीसी की बसों का खर्च सरकारी खजाने से नहीं किया जा रहा है, लेकिन बताया जा रहा है कि पार्टी अपने स्तर पर यह खर्चा करेगी। एचआरटीसी ने 524 बसें बुक कराने पर लगभग 90 लाख रुपए के बिल का अनुमान लगाया है। यह राशि घट भी सकती है। एचआरटीसी के नियमों के तहत 25 प्रतिशत का डिस्काउंट अगर दिया भी जाता है तो भी बिल की अदायगी 70 लाख के आसपास बनती है। एचआरटीसी की बसों में पार्टी के कार्यकर्ता राज्य के अलग-अलग हिस्सों से सभा स्थल पर पहुंचेंगे। सूत्रों का कहना है कि ऑन रिकार्ड सरकार ने इस कार्यक्रम में कहीं पर भी रैली शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। सरकार के अढ़ाई साल के जश्र के बीच सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर ऊना को ही इस कार्यक्रम के लिए क्यों चुना गया। स्वाभाविक सी बात है कि सीएम वीरभद्र सिंह के खास सिपाहसलार मुकेश अग्रिहोत्री का यह गृह जिला है। इसके अलावा अग्रिहोत्री भीड़ जुटाने में सक्षम साबित हो सकते हैं। इंदिरा ग्राऊंड की क्षमता 40 से 50 हजार के बीच बताई गई है। उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री का कद पार्टी में तेजी से बढ़ा है। लिहाजा यह भी प्रश्र उठ रहा है कि 2017 के विधानसभा के चुनाव में पार्टी क्या अग्रिहोत्री पर ही भरोसा जताएगी। यह अलग बात है कि अपने मौजूदा कार्यकाल में बतौर मंत्री अग्रिहोत्री ने अपना अधिकतर वक्त ऊना में ही बिताया है। सरकार के चंद मंत्री ही पूरे प्रदेश का दौरा करते हैं, अन्यथा तमाम मंत्री अपने-अपने जिलों तक ही सिमटें हुए हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा जनरल पोस्ट आफिस के ए.टी.एम. का शुभारम्भ
शिमला, 24 जून (विजयेन्दर शर्मा)। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज जनरल पोस्ट ऑफिस शिमला में ए.टी.एम. का शुभारम्भ किया। इसके आरम्भ होने से डाकघर के बचत खाता उपभोक्ता इंटरनेट, मोबाईल तथा अन्य कोर बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से इन सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे तथा इससे डाकघर उपभोक्ताओं की संख्या में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि आरम्भ में डाक विभाग द्वारा प्रदेश भर में 22 ए.टी.एम. जनरल पोस्ट ऑफिस, समरहिल, बिलासपुर, हमीरपुर, बड़सर, मंडी, सुंदरनगर, कुल्लू, केलंग, धर्मशाला, पालमुपर, कांगड़ा, देहरा, सोलन, नालागढ़, परवाणु, नाहन, रामपुर, रिकांगपियो, ऊना तथा चंबा में स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वृत में डाकघर की सभी 2316 शाखाओं जिनमें ग्रामीण डाकघर की शाखाएं भी शामिल हैं, में भी इंटरनेट सुविधा युक्त, हैंडहेल्ड डिवाईस बार कोड, स्मार्ट कार्ड व बायो मीट्रिक रीडर जैसी सुविधाएं शीघ्र ही उपलब्ध करवाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने पोस्ट आफिस प्रशासन के इस दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की। महा डाकपाल, मेजर जनरल ए.के. सूरी, उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा व डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री का पंचकर्मा पद्धति के विस्तार पर बल
शिमला, 24 जून (विजयेन्दर शर्मा)। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज यहां रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए पंचकर्मा गतिविधियों को बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने बी.पी.एल. व ए.पी.एल. परिवारों के लिए पंचकर्मा पद्धति की अलग-अलग दरें निर्धारित करने पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने आयुर्वेदिक विभाग में फार्मासिस्टों के 100 पदों को भरने का मामला तैयार करने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। आयुर्वेदिक विभाग में 550 से अधिक रिक्त पड़े हैं। श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि बी.पी.एल. परिवार जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के अन्तर्गत नहीं आ रहे ह,ैं को भी इन्दिरा गांधी मेडिकल कालेज शिमला में नि:शुल्क उपचार दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने रोगी कल्याण समिति के माध्यम से डाटा एंट्री ऑपरेटरों के पदों को भरने को भी सहमति प्रदान की। बैठक में विभिन्न सिविल कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने रोगी कल्याण समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने पर भी बल दिया। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री वी.सी. फारका, प्रधान सचिव आयुर्वेद श्री संजय गुप्ता, आयुर्वेदिक विभाग के निदेशक श्री संदीप भटनागर, अन्य गैर सरकारी सदस्य बैठक में उपस्थित थे। इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने नेशनल फैडरेशन ऑफ ब्लाइंड वर्यन्ज एसोसिएशन की बैठक की भी अध्यक्षता की। उन्होंने एसोसिएशन द्वारा उठाई गई मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भी आश्वासन दिया।
हिमाचल सरकार की उपलब्धियों पर वृत्तचित्र
शिमला, 24 जून (विजयेन्दर शर्मा)। गत अढाई वर्षों के दौरान राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित वृत्तचित्र दूरदर्शन केन्द्र शिमला तथा अन्य समाचार चैनलों से प्रसारित किया जाएगा। 22 मिनट के इस वृत्तचित्र को सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है। यह वृत्तचित्र 25 जून, 1 तथा 7 जुलाई, 2015 को दूरदर्शन केन्द्र शिमला, 26 जून, 2 जुलाई तथा 8 जुलाई को जी (पीएचएच), 27 जून, 3 व 10 जुलाई को डे एण्ड नाईट न्यूज चैनल, 28 जून, 4 जुलाई तथा 10 जुलाई को ई.टी.वी. (हरियाणा व हिमाचल), 29 जून, 5 व 11 जुलाई, को सी.टी. चैनल शिमला तथा 30 जून, 6 व 12 जुलाई, 2015 को टी.वी. 100 पर प्रसारित किया जाएगा। विभाग ने प्रदेश सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित ऑडियो जिंगल तथा विज्ञापन भी तैयार किए हैं जो पी.सी. शिमला, एफ.एम. शिमला, एफ.एम. हमीरपुर, एफ.एम. धर्मशाला, ओये एफ.एम. शिमला, बिग एफ.एम. तथा धमाल 104.8 एफ.एम. पर 25 जून से 10 जुलाई, 2015 तक प्रसारित किए जाएंगे।
सरकार ने अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में सुनिश्चित किया है हर वर्ग का सर्वांगीण विकास: सुधीर शर्मा
धर्मशाला, 24 जून (विजयेन्दर शर्मा)। प्रदेश की वर्तमान सरकार ने अपने अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में सेवा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए समाज के सभी वर्गों एवं प्रदेश के हर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है। यह उद्गार शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री श्री सुधीर शर्मा ने सरकार द्वारा 25 जून को पूर्ण किए जा रहे अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल के पूर्व दिवस पर व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में जन कल्याण एवं समग्र विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही है। सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार के इन प्रयासों से प्रदेशवासियों के जीवन स्तर पर आशातीत सुधार हुआ है तथा प्रत्येक प्रदेशवासी का जीवन स्तर उन्नत हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक कार्य योजनाएं चला कर विकास को गति दी है तथा विकास का लाभ हर व्यक्ति को पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए गए अधिकतर वायदों को पूरा करते हुए लोगों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाई है। समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग एवं अक्षम लोगों की सामाजिक सुरक्षा पैंशन को 450 रूपये से बढ़ा कर 600 रूपये प्रतिमाह जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वृद्धों के लिए इस राशि को 800 रूपये से बढ़ा कर 1100 रूपये प्रतिमाह प्रदान करवा कर इस वर्ग को लाभान्वित किया गया है। विभिन्न कल्याण योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा को 20 हजार रूपये से बढ़ा कर 35 हजार कर बहुत से पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अवसर प्रदान किये हैं। निर्धन परिवार की लड़कियों की शादी के लिए सहायता राशि जो कि पूर्व में 21 हजार रूपये दी जा रही थी को बढ़ा कर 25 हजार रूपये किया गया है। गत वर्षों में इस योजना से 2 हजार 240 कन्याएं लाभान्वित की गई है, जबकि अंर्तजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि को भी 25 हजार रूपये से बढ़ा कर 50 हजार रूपये करने का निर्णय लेकर सरकार ने समाज में जातिवाद को समाप्त करने का प्रयास किया है। शहरी विकास मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पढऩे वाले विद्यार्थियों को राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क आने-जाने की सुविधा प्रदान की जा रही है। मेधावी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से राजीव गांधी डिजिटल योजना आरम्भ की गई है जिसके अंतर्गत इन विद्यार्थियों को नि:शुल्क नेटबुक/लैपटॉप दिए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत वर्ष 2013-14 में 5 हजार विद्यार्थी, 2014-15 में 7500 व वर्ष 2015-16 में 10 हजार विद्यार्थी इस सुविधा से लाभान्वित करवाए गए है। आईआईटी, आईआईएम तथा एम्स में प्रवेश पाने वाले हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों को 75 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। प्रदेश में घर द्वार पर शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 750 नए सरकारी विद्यालय खोले गए है अथवा स्तरोन्न्त किए गए हैं। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 21 नए महाविद्यालय खोले गए हैं तथा प्रत्येक महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के लिए प्रथम चरण में 5-5 करोड़ रूपये का बजट प्रावधान किया गया है, इसके साथ-साथ इन महाविद्यालयों के लिए विभिन्न श्रेणियों के 3 हजार 355 पदों को भी सृजित कर नियुक्तियां की गई हैं। श्री सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार ने समाज के हर वर्ग को लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है, जिसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह बधाई के पात्र हैं।
अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य सेवन दिवस पर परिचर्चा अब 26 जून को
धर्मशाला, 24 जून (विजयेन्दर शर्मा)। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में गैर सरकारी संगठन ‘गुजंन’ के सहयोग से 25 जून को होटल धौलाधार में अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य सेवन एवं अवैध तस्करी निषेध दिवस के अवसर पर परिचर्चा एवं कवि सम्मेलन अब 26 जून को आयोजित होगा। यह जानकारी देते हुए लोक सम्पर्क विभाग के प्रवक्ता मनोज सूद ने बताया कि शेष कार्यक्रम यथावत रहेगा।
सरकार के अढ़ाई वर्ष पूर्ण होने पर आरम्भ हो रहा है विशेष प्रचार अभियान
धर्मशाला, 24 जून (विजयेन्दर शर्मा)। वर्तमान सरकार के दो वर्ष छ: माह का कार्यकाल पूर्ण होने पर विशेष प्रचार-प्रसार अभियान आरम्भ किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत सरकार द्वारा इस अवधि में अर्जित की गई उपलब्धियों एवं लोगों के हित के लिए चलाई गई योजनाओं को प्रचारित करने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान को 25 जून से आरम्भ किया जा रहा है। इस अभियान का जिम्मा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग को सौंपा गया है। विभाग स्वयं के सांस्कृतिक दल एवं अनुबंधित दलों के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में क्रमश: 12-12 सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला लोक सम्पर्क अधिकारी मो. अमीन शेख चिश्ती ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला कांगड़ा में 8 सांस्कृतिक दलों को लगाया गया है। प्रत्येक सांस्कृतिक दल हर विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार के 12 प्रस्तुतियां दे कर लोगों को सरकार की उपलब्धियों एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गीत-संगीत व लघु नाटिकाओं के माध्यम से प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए विभागीय नाट्य इकाई के अतिरिक्त जिला के धौलाधार सांस्कृतिक युवा मंच बड़ोल, सरस्वती स्वर संगम गुरूद्वारा रोड धर्मशाला, चंगर कला मंच टिहरी, ओम प्रकाश कला मंच ज्वालामुखी, कांगड़ा लोक कला मंच सकोह व रजोल कला मंच रजोल तथा नीतिका कला मंच राजगढ़ जिला सिरमौर को अनुबंधित किया गया है। उन्होंने कहा कि धौलाधार युवा मंच बड़ोल 25 जून को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के मटौर व कछियारी, 26 जून को रिहालपुरा व हलेडक़ला, 27 जून को सौहड़ा व मकडैली, 28 जून को तरैम्बला व त्यारा, 29 जून को देहरियां व वोहडक्बालू, 30 जून को ठाकरद्वारा व तरसूहं में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगा। जबकि सरस्वती स्वर संगम कला मंच जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के वन्डू व मझैन में 25 जून को छत्तर व टटैहल में 26 जून को बकोल व लुगट में 27 जून को छगोह व टम्बर में 28 जून को द्रमण व छैन्छड़ी में 29 जून को तथा 30 जून को लाहट व धुपक्यारा में कार्यक्रम का आयोजन कर प्रचार-प्रसार करेगा। नीतिका सुरसंगम कला मंच राजगढ़ के कलाकार 25 जून को जसवंा प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के रिड़ी व कुठेहड़ा, 26 जून को कस्बा कोटला व गोरालधार, 27 जून को स्यूल व डाडा सीबा, 28 जून को जम्बल व वठरा, 29 जून को जखधार व त्यामल तथा 30 जून को कडोआ व वगली में अपनी प्रस्तुतियां देगें। इसके अतिरिक्त चंगर कला मंच टिहरी इसी दिनांक से ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के अमनी व नियागल, 26 जून को ठेहडू व हरनोटा, 27 जून को तिहाल व भरमाड, 28 जून को भलाड़ व भौंका, 29 जून को भरनोली व पलौहड़ा व 30 जून को लुधियाड़ व भनेई में सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों को प्रचारित करेंगे। ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लिए ओम प्रकाश कला मंच ज्वालामुखी 25 जून को लगडू व मतेहड़, 26 जून को रिहड़ी व खुण्डियां, 27 जून को सलिहार व रोहाड़ा, 28 जून को अप्पर घलौर व वलारडू, 29 जून को सिहोरपांई व द्रंग, 30 जून को पिहड़ी व टिहरी में कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। चिश्ती ने बताया कि लोक सम्पर्क विभाग धर्मशाला नाट्य दल इस अभियान के अंतर्गत 26 जून को नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के ठेहड़ व लदोड़ी, 27 जून को ठाणा व सदवां, 28 जून को औन्द व खन्नी, 29 जून को भलूण व कोपड़ा, 30 जून को हटली व गुरचाल, 1 जुलाई को नेरा व नगरोटा में अपनी प्रस्तुतियां देकर लोगों को सरकार के इस कार्यकाल में हुए विकास एवं कल्याणकारी नीतियों बारे बताएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें