खण्डवा (मध्यप्रदेश) की खबर (25 जून) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 25 जून 2015

खण्डवा (मध्यप्रदेश) की खबर (25 जून)

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्षन योजना के तहत,  28 जून को रामेष्वरम् जायेंगे जिले के वरिष्ठ नागरिक

khandwa map
खण्डवा 25 जून,2015 - मुख्यमंत्री तीर्थ दर्षन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिको को देष के जाने माने तीर्थ स्थानों की यात्रा सरकारी खर्चे पर कराई जाती है। इस योजना के तहत आगामी 28 जून को जिले के चयनित वरिष्ठ नागरिको को रामेष्वरम् यात्रा के लिये रवाना किया जायेगा। कलेक्टर डॉ. एम.के. अ्रगवाल ने बताया कि खण्डवा जिले के यात्रियों के लिए 28 जून को सायं 5ः10 बजे विषेष ट्रेन रामेष्वरम् के लिए रवाना होगी। यात्रा में जाने वाले सभी तीर्थ यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे सायं 4 बजे पार्वती धर्मषाला में पहुंच जायें। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन में तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्थायें की गई हैं । डाक्टरों का दल भी तीर्थ यात्रियों के साथ जा रहा है । ये तीर्थ यात्री 3 जुलाई को वापस खण्डवा आयेंगे। 

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारी तैनात

खण्डवा 25 जून,2015 - जिला मुख्यालयों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. एम.के.अग्रवाल ने 6 कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। उन्होंने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त कलेक्टर श्रीमती माला श्रीवास्तत एवं सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख श्री पवन वास्केल, पदम नगर थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री अरविंद चौहान, एवं नायब तहसीलदार श्री केष्या सोलंकी तथा मोघट थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रियंका गोयल, एवं नायब तहसीलदार सुश्री वंदना चौहान, को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्त किए गए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों को निर्देष दिए गए है कि वे 18 जुलाई तक सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक अपने निर्धारित पुलिस थाने में उपस्थित रहकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर नजर रखे। जिला दण्डाधिकारी डॉ. अग्रवाल ने बताया कि आगामी दिनों में आने वाले धार्मिक पर्वो को ध्यान मंे रखते हुए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की ये ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही खण्डवा, पंधाना, हरसूद व पुनासा के एसडीएम को निर्देष दिए गए है कि वे भी अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सतत् नजर रखे। 

अपराधी को 50 हजार रूपये का बंधपत्र प्रस्तुत करने के आदेष

खण्डवा 25 जून,2015 - कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. एम.के.अग्रवाल ने अपराधी कालू पिता कन्हैया बलाही निवासी चम्पा नगर थाना छैगांव माखन को आदेष दिए है कि वह परिषांति कायम रखने के लिए 50 हजार रूपये का बंधपत्र एक सप्ताह की समय सीमा में निष्पादित कर जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत करें। अपराधी को आदेषित किया गया है कि वह आगामी 6 माह की अवधी में प्रत्येक सोमवार को प्रातः 11 बजे थाना छैगांव माखन में नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराये। 

मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सॉवधानी बरतें

खण्डवा 25 जून,2015 - बारिश के मौसम में गलत खान-पान के कारण पेट से संबंधित विभिन्न तरह की बीमारियों होती है। हमें स्वस्थ्य रहने के लिये इस मौसम में सावधान रहने की आवश्यकता है। बारिश में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए आम नागरिकों से आग्रह किया गया है कि इस मौसम में तालाब, नदी, नालों के पास या खुले मैदान में शौच क्रिया के लिये ना जायें। अपने निवास के आस-पास फैली गंदगी, बारिश के पानी के बहाव में पानी के साथ घुल-मिलकर तालाबों, नदियों में मिल जाते है। इनसे जलजनित बीमारियां जैसे दस्त, हैजा, गेस्ट्रोइनटाइटिस तेजी से पनपती है। वहीं बारिश के मौसम में पानी के एक ही जगह जमा होने से मलेरिया, डेंगू के संक्रमण से पीडि़त होते हैं। जीवन शैली में बदलाव लाने और थोड़ी सी सावधानी बरतने से इन बीमारियों से बच सकते है। बारिश के दिनों में चूंकि पाचन शक्ति कमजोर हो जाती है इसलिए जरूरी है कि नागरिकगण अधिक तला-भुना खाना न खाये बल्कि ऐसा खाना खाये जो आसानी से पच जाए। जहां शुद्ध पेयजल न हो तो पानी उबाल कर पिएं। तीव्र दस्त होने की स्थिति में यथा शीघ्र ओ.आर.एस. घोल का इस्तेमाल करें। तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क कर अपना ईलाज कराएं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे ताजे भोजन का सेवन करें। सड़क के किनारे मिलने वाले चायनीज फूड, भेल, पानीपुरी एवं होटल के खाने से परहेज करें तथा बासी भोजन, पहले से कटे हुए फल तथा दूषित भोजन का सेवन न करें। हमेशा ताजे व स्वच्छ सब्जी, फल का सेवन करें। ध्यान रहे कि खाने से पहले फल, सब्जी को अच्छे से साफ पानी से धोकर साफ कर लें। खासकर हरी पत्तेदार सब्जियां को आवश्यक रूप से साफ करके ही प्रयोग करें। नागरिकों को सलाह दी गई है कि खाना बनाने से पहले, खाना खाने से पहले, शौचालय जाने के पश्चात साबुन से हाथ धोएं। पीने के पानी को इस्तेमाल में लाने से पहले उबाले अथवा क्लोरीन से साफ कर लें। पानी के स्त्रोत के समीप शौच न करें। पक्के बने हुए शौचालय का उपयोग करें एवं उन्हें साफ रखें। नागरिकों से अपील की गई है कि मलेरिया, डेंगू, टाईफाइड से बचाव के लिये घर के आस-पास के गढ्ढों को भर दे जिससे बारिश का पानी रूककर सड़ने न पाए। इससे मच्छर उत्पन्न नहीं होंगे। रात्रि में सोने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। 

गरीब कलाकारों को मिलेगी सहायता, आवेदन 15 जुलाई तक आमंत्रित

खण्डवा 25 जून,2015 - मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी ने प्रदेश के निवासी अर्थाभाव ग्रस्त वरिष्ठ कलाकार, शायर, साहित्यकार या उनके आश्रितजन से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के आवेदन आमंत्रित किये हैं। इस योजना में वे साहित्यकार, शायर और कलाकार आवेदन कर सकेंगे जिनकी आयु 58 वर्ष एवं मासिक आय 4000 रुपये से अधिक न हो। अकादमी द्वारा इसके लिए फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2015 रखी गई है। आवेदन अकादमी के मुल्ला रमूजी संस्कृति भवन, बाणगंगा रोड, भोपाल स्थित कार्यालय से कार्यालयीन समय में प्राप्त किये जा सकते हैं या डाक द्वारा मंगवाये जा सकते है।

आधार नम्बर वोटर आई.डी. से लिंक कराने की अपील

खण्डवा 25 जून,2015 - कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. एम.के.अग्रवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से वोटर आई.डी. से आधार नम्बर को लिंक कराये जाने की प्रक्रिया प्रचलित है। आयोग द्वारा यह अपेक्षा की गई है मतदाता स्वयं अपना आधार नम्बर वोटर आई.डी.  में निःशुल्क एस.एम.एस. के माध्यम से 51969 पर लिंक करा सकते है। इसके अलावा टोल फ्री नम्बर 1950 पर आधार नम्बर और मोबाईल नम्बर नोट कराकर लिंक कराया जा सकता है। उन्होंने मतदाताओ से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य में अपेक्षित सहयोग प्रदान करते हुये अपना और अपने परिवारजनो के आधार नम्बर वोटर आई.डी. में लिंक कराये।  लिंक कराने के लिए मतदाता को अपने मोबाईल पर मेसेज बॉक्स में जाकर ECI LINK कैपिटल में टाईप करना होगा। उसके बाद स्पेस देकर अपना इपिक नम्बर टाईप करना होगा तथा इसके बाद स्पेस देकर मतदाता को अपना आधार नम्बर टाईप करना होगा तथा 51969 पर यह मैसेज भेजना होगा। मैसेज भेजने के 30 सेकण्ड बाद रजिस्ट्रेषन होने संबंधी सूचना एसएमएस द्वारा मतदाता को प्राप्त हो जाएगी। 

देशी बाँस के अलावा अन्य सभी प्रजातियों को प्रदेश में ट्रान्सिट पास की छूट मिली

खण्डवा 25 जून,2015 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुसार प्रदेश में बाँस उद्योग को स्थापित करने के अभिनव प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। इस दिशा में लिये गये एक निर्णय के अनुसार अब बाँस उद्योगों के लिए देशी बाँस के अलावा अन्य सभी बाँस की प्रजातियों को पूरे प्रदेश में ट्रान्सिट पास की छूट दी गई है। प्रदेश में देशी बाँस के परिवहन के लिए खण्डवा, सहित 16 जिलों होशंगाबाद, हरदा, बैतूल, जबलपुर, कटनी, सिवनी, बालाघाट, छिन्दवाड़ा, शहडोल, सीधी, बुरहानपुर, मण्डला, डिण्डोरी, अनूपपुर तथा उमरिया में देशी बाँस (डेन्ड्रोकेलेमस स्ट्रीक्टस) के लिए वन विभाग से ट्रान्सिट पास .लेने की आवश्यकता होगी। जबकि शेष 35 जिलों में ट्रान्सिट पास जारी करने का अधिकार पंचायत को दिया गया है। बाँस उत्पादक तथा उद्यमियों को देशी बाँस के अलावा किसी भी अन्य बाँस प्रजाति की खेती एवं व्यापार और इनके परिवहन के लिए ट्रान्सिट पास की आवश्यकता नहीं होगी।  

खण्डवा में हुई 4 मि.मी. वर्षा

खण्डवा 25 जून,2015 - गत 24 घंटो में जिले में औसतन 1.3 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसमें खण्डवा तहसील में 4 मि.मी., पंधाना तहसील में 0 मि.मी. व नया हरसूद में 0 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। अधीक्षक भूअभिलेख ने बताया कि इस वर्ष अब तक खण्डवा में 231 मि.मी., नया हरसूद में 69 मि.मी. व पंधाना में 206 मि.मी. वर्षा हो चुकी थी। गतवर्ष 25 जून तक खण्डवा में 12 मि.मी., नया हरसूद में 13 मि.मी. व पंधाना में 0 मि.मी. वर्षा हो चुकी थी।

कोई टिप्पणी नहीं: