नहीं हुई थी ललित मोदी की बीवी की सर्जरी: कांग्रेस - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 16 जून 2015

नहीं हुई थी ललित मोदी की बीवी की सर्जरी: कांग्रेस

ललित मोदी की मदद के मामले में कांग्रेस लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस करके विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और एनडीए सरकार पर दबाव बनाए हुए है। राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा ने सरकार से सवाल पूछा कि देश के भगोड़े ललित मोदी की मदद क्यों की गई? उन्होंने कहा कि इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एसआईटी द्वारा होनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने ललित मोदी को पुर्तगाल जाने में मानवीय आधार पर मदद के दावे को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पत्नी की वहां सर्जरी हुई ही नहीं थी। 

गौरतलब है कि अपनी सफाई में सुषमा स्वराज ने कहा था कि ललित मोदी ने उनसे बात की थी और कहा था कि कैंसर से जूझ रही उनकी पत्नी का पुर्तगाल में ऑपरेशन होना है, इसलिए उन्हें वहां कन्सेंट फॉर्म पर हस्ताक्षर के लिए जाना है। सुषमा ने कहा था कि उसी आधार पर उन्होंने ब्रिटिश सांसद कीथ वाज से ट्रैवल डॉक्युमेंट्स दिलाने की अपील की थी। 

आनंद शर्मा ने कहा कि जिस शख्स को सजा मिलनी चाहिए थी, उसे फायदा पहुंचाया गया। कांग्रेस ने इस मामले में वित्त मंत्री अरुण जेटली और गृह मंत्री राजनाथ सिंह पर भी निशाना साधा और कहा कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। आनंद शर्मा ने कहा कि एक भगोड़े के लिए दूसरे देश से गुहार लगाई, इसकी वजह की स्वतंत्र जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के कई नेताओं की ललित मोदी से गहरी दोस्ती है। इसलिए सरकार जांच नहीं कर रही है, हमारी गुहार है कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले की जांच करे। 

आनंद शर्मा ने यह भी कहा कि ललित मोदी ने खुद को लंदन की अदालत में दिवालिया घोषित कर रखा है, लेकिन वह प्राइवेट जेट से दुनिया घूम रहे हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पिछले दिनों भी वह हवाना और वेनिस में थे और आज वह मॉन्टेनेग्रो में हैं। 

इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली की चुप्पी पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कीर्ति आजाद द्वारा अपने एक ट्वीट में 'आस्तीन का सांप' वाली टिप्पणी के संदर्भ का भी खुलासा करने की मांग की, जो सुषमा स्वराज द्वारा आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी की मदद को लेकर उठे विवाद के बीच की गई है । कांग्रेस नेता ने दावा किया कि सरकार ललित मोदी को पहुंचायी गई मदद को यह कह कर उचित ठहरा रही है कि यह मानवीयता के आधार पर दी गई है। लेकिन, साथ ही कहा कि यह पूरी तरह से शासन से जुड़ा मुद्दा है जिसमें मंत्री जनता के प्रति जिम्मेदार होता है। 

दिग्विजय सिंह ने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री से पूछना चाहता हूं, मैं वित्त मंत्री से पूछना चाहता हूं वे चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। हम यह जानना चाहते हैं कि क्या ललित मोदी टैक्स से बच रहे हैं। वह भारत क्यों नहीं आ रहे? उनके खिलाफ क्या कोई ब्ल्यू या रेड कॉर्नर नोटिस है? क्या वह फरार हैं? क्या वह भगोड़ा हैं?' कांग्रेस नेता ने कहा कि उनका सुषमा के प्रति गहरा सम्मान है, लेकिन जब मामला राष्ट्र का आता है तो एक मंत्री जो निर्णय करता है उसके लिए वह जनता के प्रति उत्तरदायी होता है।

कोई टिप्पणी नहीं: