बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (22 जुलाई) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 22 जुलाई 2015

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (22 जुलाई)

जिले में 385 मि.मी. वर्षा रिकार्ड, बालाघाट तहसील में सबसे अधिक 509 मि.मी. वर्षा 
जिले में चालू वर्षा सत्र के दौरान एक जून से 22 जुलाई 2015 तक 385 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 409 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई थी। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1447 मि.मी. है। चालू वर्षा सत्र में अब तक सबसे अधिक 509 मि.मी. वर्षा बालाघाट तहसील में तथा सबसे कम 194 मि.मी. वर्षा वारासिवनी तहसील में रिकार्ड की गई है। चालू वर्ष में कटंगी तहसील में 466 मि.मी., बैहर में 493 मि.मी. एवं लांजी तहसील में 264 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। 22 जुलाई को प्रात: 8 बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान कटंगी तहसील में 45 मि.मी. एवं बालाघाट तहसील में 3 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। जिले में धान की फसल का रोपा लगाने लायक पानी खेतों में एकत्र नहीं होने के कारण किसान मानसून के सक्रिय होने एवं वर्षा का बेसब्री से इंतजार कर रहे है।

बी.एस-सी.(कृषि) में प्रवेश के लिए मुरझड़ कालेज में किया जा रहा है दस्तावेजों का सत्यापन
जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर एवं राजमाता विजया राजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर के अंतर्गत आने वाले कृषि महाविद्यालयों में प्री एग्रीकल्चर टेस्ट(पी.ए.टी.) में प्राप्त अर्हता अंकों के आधार पर बी.एस-सी. (कृषि),बी.एस-सी.(उद्यानिकी), बी.एस-सी. (वानिकी) एवं बी.टेक.(कृषि अभियांत्रिकी) में प्रवेश के लिए आनलाईन पंजीयन कराने वाले छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन कृषि महाविद्यालय मुरझड़-वारासिवनी में किया जा रहा है। कृषि के क्षेत्र में अपना केरियर बनाने के उत्सुक छात्र-छात्रायें बड़ी संख्या में अपना दस्तावेजों के सत्यापन के लिए मुरझड़ के कालेज में आ रहे है। कृषि महाविद्यालय मुरझड़ के अधिष्ठाता डॉ. पी.के. बिसेन ने इस संबंध में बताया कि पी.ए.टी. में प्राप्त अंकों के आधार पर बी.एस-सी. (कृषि), बी.एस-सी.(उद्यानिकी), बी.एस-सी. (वानिकी) एवं बी.टेक.(कृषि अभियांत्रिकी) में प्रवेश के लिए महाविद्यालय की प्राथमिकता का क्रम चुनने एवं आनलाईन पंजीयन15 जुलाई से प्रारंभ किया गया है। आनलाईन पंजीयन 24 जुलाई 2015 तक किया जा सकता है। आनलाईन पंजीयन कराने वाले छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों के सत्यापन के लिए कृषि महाविद्यालय जबलपुर, रीवा, टीकमगढ़, गंजबसौदा, मुरझड़-वारासिवनी, इंदौर, सिहोर, ग्वालियर खंडवा, उद्यानिकी महाविद्यालय मंदसौर एवं कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय जबलपुर को केन्द्र बनाया गया है। आनलाईन पंजीयन कराने वाले छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन इन केन्द्रों पर 21 जुलाई से प्रारंभ किया गया है जो 25 जुलाई तक चलेगा। डॉ. बिसेन ने बताया कि कृषि महाविद्यालय मुरझड फार्म वारासिवनी में दस्तावेजों का सत्यापन कराने छात्र-छात्राओं की भीड उमड़ पडी। सुबह से शाम तक स्टूडेन्टस के दस्तावेजो का सत्यापन कार्य जारी है॥ दूर दराज के सभी क्षेत्रो से छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहुॅच रहे है। 21 जुलाई को पहले ही दिन 109 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया एवं प्रकिया निरंतर शाम देर तक चलती रही ताकि किसी प्रकार से कोई परेशानी न हो। कुछ विद्यार्थियो को अधूरी जानकारी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं सभी सहा. प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का भरपूर सहयोग छात्र-छात्राओं को मिला एवं मार्गदर्शन दिया गया।आन लाईन काउंसलिंग संपूर्ण जानकारी का विवरण www.jnkvv.nic.in या www.rvskvv.net  या www.crisponlineservices.com  पर उपलब्ध कराया गया है।

कृषि के क्षेत्र में केरियर बनाने उत्साहित हैं छात्र-छात्रायें
डॉ. बिसेन ने बताया कि मुरझड़ के महाविद्यालय में बालाघाट के अलावा सिवनी, मण्डला, छिन्दवाड़ा, बैतुल एवं अन्य जिलों से दस्तावेज सत्यापन कराने आये हुए छात्र-छात्राओं का दस्तावेज सत्यापन का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है एवं कार्यालय की ओर से संपूर्ण सहयोग दिया जा रहा है जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो । छात्र-छात्राओं की दस्तावेज सत्यापन कार्य में  भारी संख्या में उपस्थिति युवा पीढ़ी में कृषि शिक्षा के प्रति बढ़ते आकर्षण को निरूपित करती है । क्योंकि कृषि स्नातक अथवा कृषि स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत शत प्रतिशत प्लेसमेंट होता है एवं शासकीय विभागों में नौकरी प्राप्त करने के अनेकों अवसर आसानी से सुलभ रहते है। इसी कारण से इस क्षेत्र के जानकार अभिभावक अपने पाल्यों को कृषि शिक्षा की ओर अग्रसर करते है, रोजगार के प्रचुर अवसर प्रदान करने वाली कृषि शिक्षा वर्तमान समय में युवा पीढ़ी की प्राथमिकता बन गई है।

अनु. जाति एवं ज.जाति के मेधावी छात्रों को जे.ई.ई. मेन्स की कोचिंग के लिए 26 जुलाई को होगी चयन परीक्षा
जिले की शासकीय शालाओं में कक्षा 11 वीं एवं 12 वीं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के मेधावी छात्रों को जे.ई.ई. मेन्स एवं एडवांस की वर्चुअल क्लास के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा कोचिंग के लिए आगामी 26 जुलाई को चयन परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल की पहल पर वर्चुअल क्लास के माध्यम से कोचिंग की यह व्यवस्था की जा रही है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के मेधावी छात्र-छात्राओं का कोचिंग के लिए चयन करने 26 जुलाई 2015 को जिले के प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय पर प्रात: 10.30 बजे से दोपहर एक बजे तक प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रवेश परीक्षा में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उन्हीं छात्र-छात्राओं को शामिल किया जायेगा जिन्होंने कक्षा 10 वीं की परीक्षा 60 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण की है। 26 जुलाई को परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर द्वारा मानिटरिंग अधिकारी नियुक्त कर दिये गये है। उप संचालक मत्स्योद्योग शशिप्रभा धुर्वे को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट, सहायक संचालक उद्यान जी.एस. बिसेन को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय किरनापुर, उप संचालक कृषि राजेश त्रिपाठी को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय लांजी, सहायक संचालक शिक्षा सरोज कुमरे को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय वारासिवनी, प्राचार्य डाईट आर.एल. भलावी को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय लालबर्रा, एकीकृत बाल विकास सेवा के जिला कार्यक्रम अधिकारी ललित कुमार डेहरिया को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कटंगी, जिला रोजगार अधिकारी व्ही.के. सदाफल को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय खैरलांजी, जिला शिक्षा अधिकारी एस.पी. लाल को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैहर, सहायक परियोजना प्रशासक डी.एस. तेकाम को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बिरसा तथा सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक विनय रहांगडाले को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परसवाड़ा के परीक्षा केन्द्र के लिए मानिटरिंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

24 जुलाई को उत्कृष्ट विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक
चयन परीक्षा के आयोजन संबंधी तैयारियों के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में 24 जुलाई को जिले के सभी विकासखंडों के उत्कृष्ट विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक का आयोजन किया गया है। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दोपहर एक बजे से प्रारंभ होगी। पूर्व में यह बैठक 23 जुलाई को होने वाली थी। लेकिन अपरिहार्य कारणों से बैठक की तिथि परिवर्तित कर 24 जुलाई की गई है। 

कैंडाटोला में स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि आबंटन की प्रक्रिया प्रारंभ
बिरसा तहसील के ग्राम कैंडाटोला में राजीव गांधी खेल अभियान योजना के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाना है। इस सटेडियम के निर्माण के लिए भूमि आबंटन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। स्टेडियम के लिए ग्राम कैंडाटोला में स्थित खसरा नं.-24/1 के 17.511 हेक्टेयर रकबे में से 5.00/2.023 हेक्टेयर भूमि आबंटित की जा रही है। स्टेडियम निर्माण के लिए प्रस्तावित इस भूमि पर यदि किसी को आपत्ति हो तो वे आगामी 25 जुलाई को तहसील कार्यालय बिरसा में उपस्थित होकर आपत्ति प्रस्तुत कर सकते है। 

आंगनवाड़ी कार्र्यकत्ता एवं सहायिका की अनंतिम चयन सूची जारी
एकीकृत बाल विकास परियोजना बालाघाट ग्रामीण के अंतर्गत6 आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्र्यकत्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवेदक महिलाओं की अनंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। इस अनंतिम चयन सूची पर जिस किसी भी व्यक्ति को आपत्ति हो तो वह अपने दावे आपत्ति आगामी 30 जुलाई 2015 तक प्रमाण के साथ बाल विकास परियोजना कार्यालय बालाघाट ग्रामीण के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। आंगनवाड़ी कार्र्यकत्ता के लिए ग्राम खैरी के आंगनवाड़ी केन्द्र में  रानी नगपुरे को प्रथम, डिलन लिल्हारे को द्वितीय व रंजुलता डहरवाल को तृतीय वरियता प्रदान की गई है। इसी प्रकार मोहगांवखुर्द आंगनवाड़ी केन्द्र में कार्र्यकत्ता के लिए कमला पुर्राम को प्रथम, सरिता क्षीरसागर को द्वितीय व संध्या रहांगडाले को तृतीय तथा ग्राम नैतरा के आंगनवाडी केन्द्र में कार्र्यकत्ता के लिए चन्द्रवंती लिल्हारे को प्रथम, सीमा लिल्हारे को द्वितीय व रेखा बिरनवार को तृतीय वरियता प्रदान की गई है। आंगनवाड़ी सहायिका के लिए हट्टा के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक-3 में बिन्दु रंगारे को प्रथम, लीला खरोले को द्वितीय व माधुरी वासनिक को तृतीय, रट्टा के केन्द्र में अंजुबाई तेकाम को प्रथम, ममता चौधरी को द्वितीय व सीताबाई मंडिया को तृतीय तथा ग्राम बोरी के आंगनवाड़ी केन्द्र में रामबत्ती बाई वाडिवे को प्रथम, भारती बागड़े को द्वितीय तथा माया देवी बागड़े को तृतीय वरियता प्रदान की गई है। आंगनवाड़ी कार्र्यकत्ता एवं सहायिका की इस अनंतिम चयन सूची पर 30 जुलाई 2015 तक प्राप्त दावे आपत्तियों का निराकरण करने के बाद अंतिम चयन सूची जारी कर दी जायेगी। 

आंगनवाड़ी चलो अभियान के अंतर्गत लालबर्रा कालेज में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन
balaghat news
एकीकृत बाल विकास परियोजना लालबर्रा द्वारा आंगनवाड़ी चलो अभियान के अंतर्गत 22 जुलाई को लालबर्रा के महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को पुरूस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किये गये। बाल विकास परियोजना अधिकारी श्याम सिंह ठाकुर ने बताया कि पोषण एवं स्वास्थ्य विषय पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में नेहा बनवाले ने प्रथम, दुर्गेश वाडवे ने द्वितीय व यूनिका पंचेश्वर ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी प्रकार शाला पूर्व शिक्षा में निबंध प्रतियोगिता में शिवानी चौधरी ने प्रथम, उद्देश्य वासनिक ने द्वितीय व दुर्गेश वाडवे ने तृतीय स्थान, स्वस्थ्य बचपन की पेंटिंग प्रतियोगिता में   पूजा नगपुरे ने प्रथम, रूपचंद पंचेश्वर ने द्वितीय व खुशबू सोलंकी ने तृतीय, तथा मातृ-शिशु के संबंध में दीवार पर स्लोगन लेखन की प्रतियोगिता में उज्जवल बघेल ने प्रथम, मनीष सोनवाने ने द्वितीय व सपना  बडवाई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को स्मृति चिन्ह तथा समस्त प्रतिभागियों कों सान्त्वना पुरूषकार वितरित किये गयें। कार्यक्रम, मुख्य अतिथि जनपद उपाध्यक्ष श्री अशोक जयसवाल तथा विशिष्ट अतिथि, महिला बाल विकास एंव स्वास्थ्य समिति सभापति श्रीमती अनिता लिल्हारे, प्राचार्य श्री जी.एस. चौहान की गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती जागृति बघेल, श्रीमती यशोदा भगत, कु. वंदना चुटे, पर्यवेक्षक आईसीडीएस लालबर्रा द्वारा किया गया एंव खेलचन्द्र घोरमारे एंव समस्त पर्यवेक्षकों का योगदान सराहनीय रहा।

कटंगी एस.डी.एम. ने पकड़े रेत के तीन डंपर
कटंगी के एस.डी.एम. जी.सी. डेहरिया ने आज छापामार कार्यवाही करते हुए बोनकट्टा के जंगल में रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन डंपरों को पकड़ा है। इन डंपरों को पुलिस की सुरक्षा में खड़ा करा दिया गया है। इन डंपर मालिकों के विरूध्द रेत के अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्यवाही के लिए प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। श्री डेहरिया ने कहा है कि कटंगी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी और रेत का परिवहन करने वाले वाहनों को जप्त कर लिया जायेगा। 

पुलपुट्टा के हरिटोला केन्द्र में आंगनवाड़ी कार्र्यकत्ता की अनंतिम चयन सूची जारी
एकीकृत बाल विकास परियोजना खैरलांजी के अंतर्गत ग्राम पुलपुट्टा के हरिटोला आंगनवाड़ी केन्द्र में कार्र्यकत्ता के रिक्त पद की पूर्ति के लिए आवेदक महिलाओं की अनंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। इस अनंतिम चयन सूची पर जिस किसी भी व्यक्ति को आपत्ति हो तो वह अपने दावे आपत्ति आगामी 23 जुलाई 2015 तक प्रमाण के साथ बाल विकास परियोजना कार्यालय खैरलांजी के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। आंगनवाड़ी कार्र्यकत्ता के लिए ग्राम पुलपुट्टा के हरिटोला के आंगनवाड़ी केन्द्र में  लता नेवारे को प्रथम, रंजीता सोहागपुरे को द्वितीय व ललिता खुणे को तृतीय वरियता प्रदान की गई है। इस अनंतिम चयन सूची पर 23 जुलाई 2015 तक प्राप्त दावे आपत्तियों का निराकरण करने के बाद अंतिम चयन सूची जारी कर दी जायेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं: